Friday, March 27, 2026

रचनात्मक प्रक्रिया में हिस्सेदारी

 

पिछले कुछ दशकों में डिजिटल तकनीक ने मानव जीवन के तकरीबन हर क्षेत्र को प्रभावित किया है, इस कड़ी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई ने अभूतपूर्व गति से विकास करते हुए न केवल तकनीकी परिवर्तन को तेज किया है, बल्कि आज यह डिजिटल युग की अगुवाई करने वाली केंद्रीय शक्ति के रूप में उभर कर सामने आया है। एआई अब केवल एक तकनीकी उपकरण नहीं बल्कि सामाजिक, आर्थिक, और सांस्कृतिक संरचनाओं को पुनर्परिभाषित करने वाली शक्ति बन गया है। विशेष रूप से फिल्म निर्माण, पत्रकारिता, फोटोग्राफी और सॉफ्टवेयर उद्योग में इसका प्रभाव अत्यंत व्यापक हो चला है।

वर्तमान में एआई का इस्तेमाल केवल डेटा विश्लेषण या ऑटोमेशन तक सीमित नहीं है बल्कि यह रचनात्मक प्रक्रियाओं का भी हिस्सा बन चुका है । फिल्म निर्माण में पटकथा लेखन से लेकर विजुअल इफेक्ट्स तक, फोटोग्राफ जेनरेशन से लेकर संपादन तक, एआई नई संभावनाओं का द्वारा खोल रहा है।  ओपन एआई के सोरा-2, गूगल का वियो 3.1 जैसे एआई मॉडल सिनेमाई स्तर की वीडियो जेनरेशन में सक्षम हो रहे हैं। साल 2024 में आई हॉलीवुड फिल्म हियर में एआई के इस्तेमाल ने दर्शकों को चौंका दिया था, जिसमें एआई का उपयोग करके टॉम हैंक्स और रॉबिन राइट जैसे कलाकारों को कम उम्र का दिखाया गया था। इसके अलावा टॉप गन मैवरिक फिल्म में अभिनेता वाल किलमर की आवाज को एआई वॉयस क्लोनिंग की मदद से पुननिर्मित किया गया था, क्योंकि उनकी वास्तविक आवाज बीमारी के कारण प्रभावित हो चुकी थी। भारतीय संदर्भ में भी एआई के प्रयोग के उदाहरण सामने आने लगे हैं। फिल्म रांझनाके री-रिलीज़ के दौरान निर्देशक आंनद राय ने एआई की सहायता से फिल्म के अंतिम दृश्य में परिवर्तन कर अभिनेता धनुष के चरित्र को जीवित दिखाया। यह उदाहरण दर्शाता है कि एआई अब न केवल तकनीकी सुधार बल्कि कथा और भावनात्मक संरचना में भी हस्तक्षेप करने में सक्षम हो चुका है।
सामान्यत:फिल्म निर्माण को तीन मुख्य चरणों में विभाजित किया जाता है, प्री-प्रोडक्शन, प्रोडक्शन और पोस्ट प्रोडक्शन। एआई के रचनात्मक इस्तेमाल ने इन तीन चरणों में कुछ परिवर्तन किये हैं, प्री-प्रोडक्शन वह चरण होता है जहाँ पटकथा लेखन, पात्रों का विकास, स्टोरीबोर्ड इत्यादि बनाने का काम किया जाता है। पहले यह प्रक्रिया काफी समय लेने वाली और श्रमसाध्य होती थी लेकिन अब एआई आधारित उपकरण इस कार्य को तेज और अधिक व्यवस्थित बना रहे हैं। इसके अतिरिक्त डिजिटल स्टोरीबोर्डिंग टूल्स के माध्यम से निर्देशक शूटिंग से पहले ही फिल्म के दृश्यात्मक ढाँचे को स्पष्ट रूप से देख सकते हैं। फिल्म निर्माण के दौरान कैमरा संचालन, लाइटिंग, और एडिटिंग जैसे कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। एआई संचालित कैमरा सिस्टम और ड्रोन तकनीक ने एक प्रक्रियाओं को अधिक सटीक और कुशल बना दिया है। ऑटोमेटेड कैमरा ट्रैकिंग, फेस रिकग्निशन और आइडेंटिफिकेशन जैसी तकनीकों के माध्यम से कैमरा स्वयं ही विषय के अनुसार अपनी स्थिति समायोजित कर सकता है। और जटिल दृश्यों की शूटिंग पहले की तुलना में अधिक सरल और कम लागत वाली हो गई है। प्रोडक्शन वह क्षेत्र है जहाँ एआई का प्रभाव सबसे अधिक दिखाई देता है, संपादन, कलर ग्रेडिंग, साउंड मिक्सिंग और विजुअल इफेक्ट्स जैसे कार्य अब एआई की सहायता से तेजी से किये जा सकते हैं। विशेष रूप से टेक्स्ट-टू-वीडियो और जेनरेटिव एआई मॉडल ने फिल्म निर्माण में एक नया अध्याय जोड़ा है। इन तकनीकों की मदद से मंहगे सेट, बड़े स्टूडियो और विशाल वीएफएक्स टीमों पर निर्भरता कम हो सकती है। दिग्गज मार्केटिंग फर्म डेलॉयट के 18वीं डिजिटल मीडिया ट्रेंड सर्वे के अनुसार 22 प्रतिशत अमेरिकी जनता ने माना कि जेनरेटिव एआई इंसानों की तुलना में अधिक रोचक टीवी शो या फिल्में लिख सकता है।

वहीं पारंपरिक फोटोग्राफी के क्षेत्र में भी एआई आधारित सॉफ्टवेयर हजारों तस्वीरों में सबसे उपयुक्त तस्वीरों का चयन स्वत कर सकते हैं, साथ ही तस्वीरों के रंग, लाइटिंग और संरचना को स्वचलित रूप से सुधार भी सकते हैं। इससे फोटोग्राफर्स का समय भी बचता है और वे रचनात्मक पहलुओं पर अधिक ध्यान दे सकते हैं। आज कल स्मार्टफोन कैमरों में एआई आधारित कम्यूटेशनल फोटोग्राफी का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इसके माध्यम से कम रोशनी में भी स्पष्ट तस्वीरें ली जा सकती हैं और अत्यधिक जूम के बावजूद चित्र की गुणवत्ता बनी रहती है। इसके अतिरिक्त जेनरेटिव एडिटिंग तकनीक के माध्यम से तस्वीरों में किसी भी चीज को जोड़ा या हटाया जा सकता है जो पहले एक लंबी एडिटिंग प्रक्रिया का हिस्सा होता था।
एआई के विकास ने रोजगार के क्षेत्र में भी नई बहस को जन्म दिया है। एक ओर यह कई पारंपरिक नौकरियों को प्रभावित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नए प्रकार के कौशल और पेशों को जन्म दे रहा है। साथ ही प्रॉम्ट इंजीनियरिंग, डेटा विश्लेषण जैसे नए कौशल तेजी से उभर रहे हैं। पारंपरिक सॉफ्टवेयर्स का उपयोग किसी विशेष कार्य को पूरा करने के लिए किया जाता था उदाहरण के लिए फोटो एडिटिंग के लिए एक सॉफ्टवेयर, डेटा विश्लेषण के लिए दूसरा और संचार के लिए तीसरा लेकिन एआई के विकास के साथ यह मॉडल बदल रहा है। साथ ही पारंपरिक सॉफ्टवेयर में यूजर्स को जटिल इंटरफेस और कमांड्स सीखने पड़ते थे लेकिन एआई आधारित सिस्टम पर हम अपनी भाषा के माध्यम से निर्देश दे सकते हैं। यूजर को बस अपनी आवश्यकता बतानी है और एआई उसे झट से कर देगा। साल 2025 में आई माइक्रोसॉफ्ट को-पॉयलट यूसेज रिपोर्ट के अनुसार एआई अब नेचुरल लैंग्वेज यूजर इंटरफेस की ओर बढ़ रहा है, यानि आप बस एआई से कह सकते हैं, पिछले महीने की बिक्री का विश्लेषण करो और चार्ट बनाओ और बिना एक्सेल के जटिल फार्मुले जाने ये काम मिनटों में हो जाएगा।
हालांकि एआई के प्रसार से लोगों में रचनात्मकता और ध्यान व्यवहार पर खासा फर्क पड़ रहा है। शोधकर्ता सिबेल एयदोगान की किताब निगेटिव इफेक्ट्स ऑफ एआई ऑन ह्यूमन क्रियेटिव एबिलिटी के अनुसार एआई के तुरंत सुझाव और समाधान मिलने पर लोग जटिल समस्या से बचने लगते हैं, जिससे उनकी गहरी समझ और आलोचनात्मक सोच कम हो सकती है। नतीजन मानव रचनात्मकता पर असर होता है। कई विश्लेषकों ने चेतावनी दी है कि एआई पर हमारी बढ़ती निर्भरता धीरे-धीरे क्रिएटिव डिपेंडेंसी बना सकती है, अर्थात कलाकार अपने मूल विचार पैदा करने की क्षमता खो सकते हैं। वहीं एआई के दौर में कॉपीराइट कानून पर एक बड़ी बहस छिड़ गई है, आज सबसे बड़ा सवाल है कि आर्टिस्ट कौन है, वर्तमान कॉपीराइट कानून के मानव रचनाकार को ही लेखक या क्रियेटर मानता है। भारतीय कॉपीराइट कानून के मुताबिक कोई भी रचना तब तक स्वामित्व योग्य नहीं है जब तक उसके मूल में कोई मानव न हो। यदि कोई कार्य पूरी तरह से एआई द्वारा तैयार किया गया है तो वह पेटेंट या कॉपीराइट अधिनियम के दायरे में नहीं आएगा। हालांकि ब्रिटेन में ऐसी रचनाओं में सिस्टम सेटअप करने वाले व्यक्ति को रचनाकार माना जाता है। इसी के चलते इन सीमाओं के बीच सह निर्माण या को-क्रिएशन की अवधारणा उभर रही है, यानी कला में अब मानव और मशीन दोनों की साझेदारी पर बल दिया जा रहा है। वहीं भारत समेत कई देशों ने एआई जनित मीडिया के लेबलिंग और पारदर्शिता पर कदम बढ़ाए हैं, भारत सरकार के प्रस्तावित नियमों के मुताबिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एआई से बनाए गए फोटो, ऑडियो और वीडियो पर स्पष्ट रूप से एआई जनित टैग चिह्नित करना होना। साथ ही कलाकारों के अधिकार सुरक्षित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं, कलाकारों की बिना अनुमति के उनके चित्र या आवाज का एआई के जरिए उपयोग करने पर कड़े प्रावधान किये जा रहे हैं।
एआई आज तकनीकी विकास के एक महत्वपूर्ण चरण का प्रतिनिधित्व कर रहा है,जहाँ उसकी उपस्थिति केवल सहायक भूमिका तक सीमित नहीं रही, बल्कि वह रचनात्मक प्रक्रियाओं का सक्रिय भागीदार बन चुका है। विभिन्न क्रिएटिव क्षेत्रों में उसकी बढ़ती दखल इस बात का संकेत है कि भविष्य का सृजनात्मक परिदृश्य मानव और मशीन के संयुक्त प्रयासों पर आधारित होगा। एक ओर जहाँ एआई ने कार्यों को अधिक तेज, सटीक और किफायती बनाया है, वहीं दूसरी ओर इसने कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति के नए आयाम भी खोल दिए हैं। इसके बावजूद, रोजगार के बदलते स्वरूप, नैतिक सीमाओं और कॉपीराइट से जुड़े प्रश्नों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।। आगे बढ़ते हुए अत: हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि एआई मानव रचनात्मकता का प्रतिस्थापन नहीं बल्कि विस्तारक है।
दैनिक जागरण में 27/03/2026 को प्रकाशित लेख 

Thursday, March 26, 2026

युवाओं की पसंद बनते माईक्रो ड्रामा

 

लंबी फीचर फिल्में और टीवी धारावाहिक धीरे-धीरे हाशिए पर जा रहे हैं। आज का युवा सब कुछ शॉर्ट फॉर्म में चाहता है, चाहे मनोरंजन हो, भावनाएं हों या कहानियाँ। रील्स देखते-देखते उसकी ध्यान अवधि में लगातार गिरावट हो रही है, नतीजन घंटे भर के सीरियल पर गौर करना अब बड़ी चुनौती हो गई है। इस बदलते परिदृश्य को समझते हुए कंटेंट निर्माताओं ने हमारे सामने एक नया विकल्प पेश किया है, माइक्रो ड्रामा। यानी कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाने वाली कहानियाँ, जिनमें सस्पेंस भी है, इमोशन भी और क्लाइमेक्स भी।
माइक्रो ड्रामा जिसे लोग वर्टिकल माइक्रो वेब-सीरीज भी कहते हैंअसल में स्मार्टफोन के लिए बनी एक नई कंटेंट स्टाइल है। ये छोटे-छोटे एपिसोड होते हैंजिनकी समय अवधि 1-2 मिनट होती है। सबसे खास बात यह है कि ये वीडियो हॉरिजॉन्टल नहीं बल्कि पोर्ट्रेट मोड में बनाए जाते हैं ताकि इन्हें मोबाइल स्क्रीन पर आसानी से देखा जा सके। हर एपिसोड तेज रफ्तारडायलॉग्स और ट्विस्ट से भरा होता है। कि देखने वाले को अगली कड़ी देखने का मन हो जाए। अमेरिका और चीन जैसे देशों में यह नया कंटेंट फॉर्मेट बाजार का रूप ले चुका है। भारत में भी इस माइक्रो ड्रामा फॉर्मेट ने अपने पैर पसारने शुरु कर दिए हैं। वेन्चर इन्टेलिजेंस के आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 में माइक्रो ड्रामा ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने करीब 28 मिलियन डॉलर की रकम जुटाई वहीं इस साल जुलाई तक ही 44 मिलियन डॉलर का निवेश हासिल किया है। इसी तरह रील टीवी,पॉकेट टीवी रील शॉर्टफ्लिकरील्स जैसे कई प्लेटफॉर्म भी इस नए शॉर्ट वीडियो फॉर्मेट में उतरे हैं। दिग्गज एंटरटेंनमेंट प्लेयर जैसे जीटीवीएफएमएक्स प्लेयर जैसे बड़े प्लेटफॉर्म भी इसमें काफी निवेश कर रहे हैं। जी ने हाल ही में अपने वर्टिकल एप बुलेट को लॉन्च किया है।
 
कंसल्टिंग फर्म बर्नस्टीन की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत में दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों के इंटरनेट यूजर्स महीने में औसतन 35-40 जीबी डाटा का उपयोग करते हैं। जबकि मेट्रो शहरों में यह आंकड़ा 30 जीबी से भी कम है। ऐसे में माइक्रो ड्रामा बनाने वाले एप्स अपना ध्यान इन शहरों के लोगों पर ज्यादा कर रहे हैं। मसलन अलग-अलग भारतीय भाषासंस्कृति और ऐसी कहानियाँ जिससे कोई भी जुड़ जाए। इन ड्रामों में ज्यादा दिमाग लगाने की जरूरत नहीं होती हैकई बार ये पारंपरिक धारावाहिकों की तरह बिना तर्क और बे सिर-पैर के भी दिखाई देते हैं। जिससे छोटे शहरों और कस्बों में माइक्रो ड्रामा अच्छी लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि महिलाओं की हिस्सेदारी भी इसके दर्शक वर्ग में लगातार बढ़ रही है। दर्शक अक्सर बस या मेट्रो में सफर के दौरानबिस्तर पर सोने से पहले या छोटे-छोटे ब्रेक में इन्हें देखकर अपना खाली समय भरते हैं।
 
हालांकि ये माइक्रो ड्रामा बड़े बजटबड़े सेट या बड़े एक्टर्स के मोहताज नहीं होते हैं। बस अच्छी कहानी और कुछ ठीक-ठाठ कलाकारों से भी काम चल जाता है। फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनाने की राह देख रहे एक्टर्स-इंफ्लुएंसर्स के लिए भी यह एक अच्छा मंच है। साथ ही इसे बनाने में खर्च भी काफी कम होता है और शूटिंग भी जल्दी खत्म हो जाती है। इसलिए कंटेंट इडस्ट्री और प्लेटफॉर्म्स इस तरह के कंटेंट पर अच्छा खासा निवेश कर रहे हैं। अब तो इंस्टाग्राम रील्स और यूट्यूब शॉर्ट्स पर इन्फुलएंसर्स और कंटेंट क्रियेटर्स खुद का माइक्रो ड्रामा बना रहे हैं। वे अपने लंबे वीडियो को छोटे-छोटे क्लिप्स में काटकर हर क्लिप का अंत ऐसा रखते कि लगे अगले पार्ट में क्या होगा। इससे दर्शक खुद ही अगले पार्ट के लिए बेताब हो जाते है।
हालांकि माइक्रो ड्रामे की लोकप्रियता के साथ-साथ उनकी कंटेंट गुणवत्ता पर प्रश्न उठते हैं। चूंकि प्रोडक्शन तेज और बजट कम होता हैतो कई बार कहानियाँ सतही और बिना मतलब की होती है। आलोचक कहते हैं इनमें कई बार इनमें विवादित और अश्लील कंटेंट का भी उपयोग होता है। अंत में माइक्रो ड्रामा न सिर्फ क्रिएटर्स और प्लेटफॉर्म्स के लिए नए अवसर खोल रहा है बल्कि दर्शकों की बदलती आदतों को भाँप कर मनोरंजन का नया फॉर्मेट भी परोस रहा है। छोटे एपिसोडतेज़ और सस्पेंस भरी कहानी और मोबाइल-फ्रेंडली डिजाइन ने इसे डिजिटल दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया है। साथ ही भविष्य में यह बड़े बजट वाले प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा बन सकता है।
प्रभात खबर में 26/03/2026 को प्रकाशित 

Thursday, March 19, 2026

कंटेंट क्रियेशन से रोजगार के अवसर

 


हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार यूट्यूब भारत में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा रोजगार देने वाला प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है, जिसने टीसीएस, विप्रो, इनफोसिस और रिलायंस जैसी बड़ी पारंपरिक कंपनियों को भी पीछे छोड़ दिया है; ऑक्सफोर्ड इकॉनॉमिक्स की रिपोर्ट बताती है कि यूट्यूब से जुड़ी क्रिएटिव इकॉनमी ने पिछले साल भारतीय जीडीपी में 16000 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया और 9.3 लाख से ज्यादा पूर्णकालिक नौकरियों के बराबर रोजगार पैदा किया, हालांकि यह रोजगार सीधे सैलरी वाली नौकरियों के रूप में नहीं बल्कि “पूर्णकालिक समतुल्य” स्वरोजगार के रूप में है, जिसमें लाखों स्वतंत्र कंटेंट क्रिएटर्स, वीडियो एडिटर, कैमरा ऑपरेटर, सोशल मीडिया मैनेजर और डिजिटल गिग वर्कर्स शामिल हैं, क्योंकि यूट्यूब खुद किसी को नौकरी पर नहीं रखता बल्कि एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करता है। वहीं यूट्यूब की अपनी रिपोर्ट के अनुसार 63 प्रतिशत क्रिएटर्स के लिए यह उनकी आय का मुख्य स्रोत है, जबकि इस पूरे इकोसिस्टम से स्वास्थ्य सेवाएँ, मार्केटिंग एजेंसियाँ, पीआर फर्में और तकनीकी उपकरण बनाने-बेचने वाली कंपनियाँ भी सीधे या परोक्ष रूप से जुड़ी हुई हैं।

हालांकि इस व्यवस्था में नौकरी की अस्थिरता बहुत अधिक है। यहाँ नियमित वेतन, कर्मचारी सुविधाएँ या सामाजिक सुरक्षा की गारंटी नहीं होती। लोगों की आय एल्गोरिदम, विज्ञापन नीति या प्लेटफॉर्म के फैसलों से प्रभावित होती है। उदाहरण के लिए यूट्यूब की कोई भी नई नीति या एल्गोरिदम बदलाव एक वीडियो क्रिएटर की आय को अचानक से कम भी कर सकते हैं। 2023 में आई लिंकट्री और कंवर्टकिट की ग्लोबल क्रियेटर इकॉनमी पर आई एक रिपोर्ट में सामने आया कि वैश्विक स्तर पर 85 प्रतिशत से अधिक क्रियेटर स्थिर पूर्णकालिक आय नहीं कमा पाते हैं और ज्यादातर की आय, प्रायोजक, विज्ञापन और यूट्यूब मॉडल पर निर्भर होती है। इसी वजह से कई पूर्णकालिक कंटेंट क्रिएटर्स पहले दो साल के भीतर बर्नआउट महसूस करने लगते हैं। हर दिन नए वीडियो बनाना, दर्शकों के कमेंट्स का दबाव और लगातार कुछ करते रहने की रणनीति से बर्नआउट की स्थिति हो जाती है। वहीं नौकरियों के दावे को देखें तो यूट्यूब का पारंपरिक भारतीय कंपनियों से आगे निकलना सीधे-सीधे सही नहीं है। टीसीएस, रिलायंस, इंफोसिस जैसी कंपनियाँ कर्मचारी को एक वेतन पर रखती है, वहीं ऑक्सफोर्ड इकॉनॉमिक्स मॉडल यूट्यूब पर काम कर रहे लोगों को एफटीई के तौर पर देखता है, जिसका अर्थ है कि एक तरफ कंपनियाँ स्थायी कर्मचारियों को काम में लेती हैं वहीं दूसरी ओर यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर्स, फ्रीलांसर और सप्लाई-चेन के विविध श्रमिकों को मिलाकर एक आंकड़ा पेश करता है। वहीं यह बात भी गौर करने वाली है कि यू्ट्यूब के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा, कौशल के जरिये दर्शकों तक पहुँचकर आमदनी कमा पा रहे हैं। जिससे पारंपरिक नौकरियों पर निर्भरता भी कम हुई है। कई ग्रामीण व छोटे शहरों के लोग खेती, शिक्षा, शिल्प आदि विषयों पर वीडियो बनाकर पैसे कमा रहे हैं।

बीते कुछ समय में भारत में स्मार्टफोन और इंटरनेट की पहुँच बड़े पैमाने पर बढ़ी है। इसी का परिणाम है कि यूट्यूब सबसे उपयोगी प्लेटफॉर्म के रूप में सामने आया है। दूरदारज के गाँवों और छोटे शहरों के लोग अपनी भाषा में कंटेंट बना और देख रहे हैं। जिससे स्थानीय क्रिएटर्स को भी अवसर मिले हैं। साल 2024 में यूट्यूब इंडिया और स्मिथगिगर की एक रिपोर्ट में सामने आया कि 83 प्रतिशत जेन जी युवा स्वयं को कंटेंट क्रिएटर कहते हैं और 75 प्रतिशत का मानना है कि कंटेंट बनाना उनका वास्तविक करियर है। वहीं भारत की एक क्रिएटिव ऊर्जा ने अर्थव्यवस्था को भी खासा बल दिया है। यूट्यूब के सफल होने से कई अन्य उद्यम जैसे डिजिटल एजेंसियाँ, एड प्रोडक्शन स्टूडियो, मार्केटिंग सर्विसेज भी उभरे हैं जिससे कई नई इकोसिस्टम कंपनियों को रोजगार मिला है। वहीं यूट्यूब के जरिए शिक्षा के क्षेत्र में भी काफी परिवर्तन आया है, शैक्षणिक चैनलों की बहार आने से छात्र और ग्रामीण वर्ग इन चैनलों से सीख कर नए कौशल को आत्मसात कर रहा है। इसके साथ ही कई क्रिएटर्स शिक्षा सामग्री तैयार करके नए शिक्षक भी बन गए हैं। इन बदलावों का सबसे गहरा असर भारत के युवाओं पर देखा जा रहा है। आज की जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी पारंपरिक नौकरियों और पेशों से हटकर रचनात्मक, स्वतंत्र और डिजिटल-केंद्रित करियर की ओर बढ़ रही है। जहाँ पहले इंजीनियर, डॉक्टर या सरकारी नौकरी को ही “सफलता” का पैमाना माना जाता था, वहीं अब बड़ी संख्या में युवा यूट्यूब को एक संभावित करियर प्लेटफॉर्म के रूप में देख रहे हैं।

वहीं डाटा यह भी बताता है कि यूट्यूब की आय सरंचना बेहद असमान है, ग्लोबल क्रिएटर इकॉनमी की एक रिपोर्ट बताती है कि वैश्विक स्तर पर 85 प्रतिशत से अधिक क्रिएटर्स पूर्णकालिक आय अर्जित नहीं कर पाते हैं। रिपोर्ट यह भी बताती है कि केवल 3 से 5 प्रतिशत क्रिएटर्स ही ऐसे हैं जिनकी आय नियमित, अधिक और लंबे समय तक एक जैसी होती है। वहीं अधिकांश क्रिएटर्स की आय अनियमित और कई बार बेहद कम या शून्य तक भी पहुँच जाती है। 2023 में साहतमने आई इंफ्लुएंसर मार्केटिंग की एक रिपोर्ट के मुताबिक यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर करीब 70 प्रतिशत क्रिएटर्स ऐसे हैं जिनकी मासिक आय 100 अमेरिकी डॉलर यानि 8-9 हजार रुपये से भी कम रहती है।

यूट्यूब भारत में रोजगार के स्वरूप को बदलने वाला प्लेटफॉर्म जरूर बन चुका है, लेकिन इसे पारंपरिक अर्थों में “सबसे बड़ा नियोक्ता” कहना एक आंशिक और सतही निष्कर्ष होगा। यूट्यूब ने जहाँ एक ओर युवाओं, ग्रामीण आबादी और छोटे शहरों के लोगों को अपनी प्रतिभा, भाषा और कौशल के जरिए आमदनी के नए रास्ते दिए हैं, वहीं दूसरी ओर यह मॉडल अस्थिरता, अनिश्चित आय और सामाजिक सुरक्षा के अभाव से भी भरा हुआ है। यहाँ कुछ लोग बहुत सफल होते हैं, जबकि ज़्यादातर लोगों की कमाई कभी होती है, कभी नहीं। न तय सैलरी है, न नौकरी की गारंटी और न ही भविष्य की सुरक्षा। इसलिए यूट्यूब को एकमात्र करियर मानना जोखिम भरा हो सकता है। बेहतर यही है कि युवा इसे अपने हुनर दिखाने और अतिरिक्त आमदनी का साधन मानें, साथ ही पढ़ाई, दूसरे कौशल और वैकल्पिक करियर विकल्पों पर भी ध्यान दें। यूट्यूब एक मौका है, लेकिन जीवन की पूरी जिम्मेदारी सिर्फ उसी पर टिका देना समझदारी नहीं होगी।

दैनिक जागरण में 19/03/2026 को प्रकाशित लेख 

Tuesday, March 17, 2026

सीमित दृष्टि से बाहर निकली आज की डबिंग

 एक समय था जब डबिंग का मतलब केवल संवादों के शब्दशः अनुवाद से था। विदेशी फिल्मों या धारावाहिकों के संवाद हिंदी में बदले जाते थेपर उनमें भावसंदर्भ और सांस्कृतिक अर्थ अक्सर खो जाते थे। भाषा तो बदल जाती थीलेकिन पात्रों की आत्मासामाजिक संकेत और स्थानीय संवेदनाएँ अनुवाद की प्रक्रिया में फीकी पड़ जाती थीं। आज की डबिंग इस सीमित दृष्टि से बाहर निकल चुकी है। अब यह केवल भाषा परिवर्तन नहींबल्कि स्थानीयकरण और रचनात्मक पुनर्लेखन यानी ट्रांसक्रिएशन का माध्यम बन चुकी है। इस प्रक्रिया में केवल शब्द बदलना नहीं होताबल्कि भाव-रूप में री-क्रिएशन किया जाता है। उदहारण के तौर परयदि किसी अमेरिकन टीवी शो में कोई स्थानीय अंग्रेज़ी मुहावरा या चुटकुला है जिसे सीधे हिंदी में समझाया नहीं जा सकतातो उसे भारतीय संदर्भ में समतुल्य हंसी-मज़ाक या कहावत से बदला जाता हैताकि संस्कृति का रंग बना रहे। इसी प्रयास से आज के हिंदी डायलॉग में हिन्दी के लोक-गीतकहावतेंआलंकारिक भाषा और क्षेत्रीय हास्य तत्व शामिल किए जाते हैं। इसलिए कहा जा सकता है कि आधुनिक डबिंग अब केवल अनुवाद नहींबल्कि एक रचनात्मक स्थानिक अनुकूलन बन चुकी है।ऐसा नहीं है कि ओटीटी पर डबिंग केवल विदेशी कंटेंट को भारत में लोकप्रिय बना रही हैबल्कि यह भारतीय कंटेंट को भी दुनिया भर के दर्शकों तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बन चुकी है। सेक्रेड गेम्स ने ओटीटी पर भारतीय कंटेंट की वैश्विक यात्रा की शुरुआत कीजहाँ अंग्रेज़ीस्पैनिश और कोरियन जैसी भाषाओं में डब होकर इसने भारत की राजनीतिअपराध और सत्ता के जटिल यथार्थ को दुनिया के सामने रखा और उसे सार्वभौमिक मानवीय अनुभव के रूप में स्वीकृति मिली। इसके बाद दिल्ली क्राइम को मिला इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड इस बात का प्रमाण बना कि भारतीय सामाजिक यथार्थ वैश्विक दर्शकों के लिए भी उतना ही प्रासंगिक है। वहीं आरआरआर ने विभिन्न भाषाओं में डब होकर ओटीटी के ज़रिए यह साबित कर दिया कि भाषा नहींबल्कि भावनात्मक भव्यता और कथा की ऊर्जा भारतीय सिनेमा को विश्व मंच पर पहुँचाने की असली ताकत है।

इस व्यापक बदलाव के केंद्र में सिर्फ ओटीटी प्लेटफॉर्म ही नहींबल्कि डबिंग का वह उभरता हुआ उद्योग भी हैजिसने वैश्विक कंटेंट को स्थानीय अनुभव में बदल दिया है। एक समय फिल्मों का डब होना एक लंबीमहंगी और जुझारू प्रक्रिया हुआ करती थी। किसी फ़िल्म या सीरीज़ के रिलीज़ होने के महीनों बाद उसका डब वर्ज़न दर्शकों तक पहुँचता था। कई बार तो डबिंग की जगह उस कहानी को स्थानीय बाज़ार के हिसाब से पूरी तरह रूपांतरित कर किसी दूसरी भाषा में नई फ़िल्म के तौर पर रिलीज़ कर दिया जाता था। इसका नतीजा यह होता था कि मूल फ़िल्म के कलाकारोंनिर्देशक और पूरी रचनात्मक टीम को न तो पूरा श्रेय मिल पाता था और न ही उनकी मूल पहचान दर्शकों तक पहुँचती थी। लेकिन ओटीटी और तेज़ डबिंग तकनीकों के आने के बाद यह तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। अब फ़िल्में और वेब सीरीज़ एक साथ कई भाषाओं में डब होकर रिलीज़ होती हैंजिससे उनकी लोकप्रियता सीमाओं में नहीं बंधती। इसका सबसे बड़ा उदाहरण कांतारा हैजिसने कन्नड़ में रिलीज़ होने के साथ ही हिंदी और अन्य भाषाओं में डब होकर देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

भारतीय युवा केवल अब केवल अपनी बोली-संस्कृति के इर्द गिर्द बने वीडियो कंटेंट तक सीमित नहीं है। वह देश-दुनिया की अन्य संस्कृतियोंभाषाओं में बने कंटेंट को भी बड़े चाव से देख रहे हैं।

ओटीटी और डबिंग की इस क्रांति ने यह साबित कर दिया है कि अब भाषासीमा और संस्कृति किसी कहानी को देखने या समझने में बाधक नहीं हैं। दर्शक अब वैश्विक कहानियों को अपने घर की सहजता में अनुभव कर सकते हैं और कलाकार अपनी कला की उपस्थिति दुनिया के किसी भी कोने तक पहुँचा सकते हैं। यह सिर्फ तकनीकी परिवर्तन नहींबल्कि अनुभव और सांस्कृतिक आदानप्रदान का भी युग हैजहाँ एक ओर युवा कोरियनस्पैनिश और हॉलीवुड कंटेंट का आनंद ले रहे हैंवहीं भारतीय कहानियाँ भी बहुभाषी डबिंग के माध्यम से दुनिया भर में अपनी पहचान बना रही हैं।

 प्रभात खबर में 17/03/2026  को प्रकाशित लेख 

पसंद आया हो तो