Tuesday, November 17, 2026

यूट्यूब के साथ बदल रही है दर्शकों की आदत

 
शाम ढलते ही बैठक के लकड़ी वाले कैबिनेट का शटर सरकता था, दूरदर्शन का गोल लोगो घूमता था और एक चिर-परिचित धुन के साथ पूरा घर एक साथ सम्मोहित हो जाता था। रविवार की शाम मतलब पूरा मोहल्ला एक ही फिल्म के सामने। उस दौर में मनोरंजन सिर्फ देखा नहीं जाता था, पूरे कुनबे के साथ साझा जिया जाता था।आज उसी बैठक का कोना देखिए। पिता हथेली में फोन थामे किसी राजनीतिक विश्लेषक की तीखी बहस सुन रहे हैं; मां रसोई में दाल छौंकते हुए फोन के स्टैंड पर भजन या रेसिपी का वीडियो चलाए हुए हैं; और बगल के कमरे में बच्चे हेडफोन चढ़ाए किसी गेमिंग स्ट्रीमर की कमेंट्री पर मग्न हैं। एक ही छत, एक ही वक्त, लेकिन सबकी अपनी-अपनी दुनिया। और इस पूरी तस्वीर में एक नाम चुपके से हर स्क्रीन पर तैर रहा है—यूट्यूब।
सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक वीडियो देखने की मुफ्त वेबसाइट भर है? या फिर इसने बिना कोई शोर मचाए उस पूरे साम्राज्य की नींव हिला दी है जिसे हम 'ओटीटी' कहते हैं?जब भी ओटीटी की बात होती है, ज़बान पर तुरंत नेटफ्लिक्स या प्राइम वीडियो का नाम आ जाता है। मान लिया गया है कि ओटीटी का मतलब वही है—महीने का सब्सक्रिप्शन चुकाओ, पासवर्ड संभालो और चुनिंदा वेब सीरीज़ के एपिसोड एक सांस में देख डालो।लेकिन यहाँ एक बुनियादी पेच है जिसे समझे बिना स्क्रीन की इस नई आर्थिकी को नहीं समझा जा सकता—वह है दर्शक और ग्राहक का फर्क। नेटफ्लिक्स ने 2024 के अंत तक दुनिया भर में 30.2 करोड़ से अधिक सशुल्क सदस्यताओं (Paid Subscriptions) का प्रभावशाली आंकड़ा छुआ। यह उसकी सदस्यता-आधारित व्यावसायिक सफलता है। दूसरी तरफ यूट्यूब का संसार देखिए। यह अरबों ऐसे आम दर्शकों का खुला समंदर है, जो बिना किसी पेवॉल या अनिवार्य मासिक बिल के अपनी पसंद की सामग्री तक पहुँच रहे हैं। इसलिए दोनों की सीधी सांख्यिकीय तुलना उचित नहीं होगी।
यूट्यूब की असली ताकत किसी स्टूडियो की चारदीवारी में बंद नहीं है। कंपनी के 2021 के तकनीकी आंकड़ों के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म पर हर एक मिनट में औसतन 500 घंटे से अधिक का वीडियो अपलोड होता है। यहाँ किसी बड़े निर्देशक की हरी झंडी का इंतजार नहीं है। मुफस्सिल कस्बे का एक शिक्षक अपने कमरे से प्रतियोगी परीक्षाओं के कठिन सवाल हल करा रहा है, तो गाँव का एक कारीगर अपने हुनर से लाखों लोगों को अपना शागिर्द बना रहा है।
एक दौर था जब माना जाता था कि यूट्यूब सिर्फ सफर में 'टाइमपास' करने या छोटे वीडियो देखने की जगह है। कहा जाता था कि 'गंभीर सिनेमा' तो बड़ी टीवी स्क्रीन पर ही देखा जाएगा। लेकिन अब यह मिथक भी टूट चुका है। कंपनी ने दिसंबर 2024 में साझा किया था कि दुनिया भर में लोग सिर्फ अपने लिविंग रूम के टीवी सेटों पर ही रोजाना एक अरब घंटे से अधिक यूट्यूब देख रहे हैं।
इस बदलाव का सबसे दिलचस्प संकेत अमेरिकी मीडिया शोध एजेंसी 'नीलसन' की जुलाई 2025 की रिपोर्ट में दिखा। उस महीने अमेरिकी टेलीविजन स्क्रीन पर कुल देखने के समय में यूट्यूब की हिस्सेदारी 13.4 प्रतिशत रही, जबकि पारंपरिक स्टूडियो की दिग्गज कंपनी डिज़नी 9.4 प्रतिशत पर थी। बेशक यह आंकड़ा अमेरिकी दर्शकों की टीवी आदतों का है, लेकिन यह संकेत साफ है—यूट्यूब अब सिर्फ जेब में रखा स्क्रीन नहीं रहा, उसने बैठक के उस मुख्य सोफे पर भी जगह बना ली है जहाँ कभी केबल टीवी का राज हुआ करता था।पारंपरिक ओटीटी मंचों के सामने सबसे बड़ी दुविधा यह रही है कि वे पूरी तरह ग्राहकों की जेब पर टिकें या विज्ञापनों पर। यूट्यूब ने इन दोनों किनारों को एक साथ साध लिया।फरवरी 2024 में कंपनी ने आधिकारिक तौर पर बताया कि उसके 'म्यूजिक और प्रीमियम' सब्सक्राइबर्स की संख्या 10 करोड़ के पार पहुँच चुकी है (जिसमें परीक्षण अवधि वाले उपभोक्ता भी शामिल थे)। यानी जो विज्ञापन नहीं देखना चाहते, वे पैसे देकर बैकग्राउंड प्लेबैक और म्यूजिक का आनंद ले रहे हैं; और जो पैसे नहीं देना चाहते, उनके लिए विज्ञापनों के साथ पूरा खजाना खुला है।
रचनाकारों को वॉच पेज विज्ञापनों से प्राप्त शुद्ध राजस्व का 55 प्रतिशत साझा करने के मॉडल ने लाखों स्वतंत्र फिल्मकारों और पत्रकारों को एक आर्थिक जमीन दी। हालांकि, यह सफर इतना सीधा भी नहीं है। डिजिटल विज्ञापन के नियमों के मुताबिक, स्किप होने वाले वीडियो में दर्शक के पास पाँच सेकंड बाद आगे बढ़ जाने का विकल्प होता है। मीडिया शोध एजेंसी 'ल्यूमेन रिसर्च' के अनुसार, 30 सेकंड के टीवी विज्ञापन पर दर्शक की नजरों का औसत ठहराव जहाँ 13.8 सेकंड रहता था, वहीं 15 सेकंड के डिजिटल वीडियो पर यह औसत ठहराव लगभग 4.9 सेकंड सिमट जाता है।
भारत के संदर्भ में यह बदलाव सिर्फ तकनीक का नहीं, सामाजिक पहुंच का भी है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के दिसंबर 2025 के आंकड़े बताते हैं कि देश में वायरलेस डेटा की औसत राजस्व प्राप्ति ₹7.87 प्रति GB और प्रति उपभोक्ता औसत मासिक डेटा खपत 25.70 GB दर्ज की गई। इस किफायती डेटा तंत्र ने उस दर्शक को अपनी भाषा में देखने और सुनने की ताकत दी है जिसे मुख्यधारा के सिनेमा ने लंबे समय तक अनदेखा किया था। यहाँ मैथिली की लोककथाएं हैं, भोजपुरी के प्रहसन हैं और स्थानीय खेती-किसानी के लाइव नुस्खे हैं। बहुभाषी ऑडियो ट्रैक्स की सुविधा ने भाषाई दीवारों को और भी धुंधला कर दिया है।
लेकिन इस चमकते सिक्के का एक दूसरा और चिंताजनक पहलू भी है। जब मनोरंजन और सूचना का बड़ा हिस्सा कुछ डिजिटल मंचों के एल्गोरिदम पर निर्भर होने लगता है, तब यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि दर्शक वास्तव में अपनी स्वतंत्र पसंद से सामग्री चुन रहा है या उसे लगातार परोसी जा रही सामग्री के प्रभाव में देख रहा है? स्क्रीन पर हमारा ठहराव नापने वाले कोड अक्सर गंभीर विमर्श के बजाय सनसनीखेज सामग्री को आगे बढ़ाते हैं।
इसके साथ ही, डिजिटल मंचों पर भ्रामक सूचनाओं की बाढ़, सतही सामग्री का प्रसार तथा बौद्धिक संपदा व कॉपीराइट उल्लंघन की समस्याएँ लगातार गहरी हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर, इस व्यवस्था में क्रियेटर  की आय भी पूरी तरह सुरक्षित और स्थायी नहीं है। एल्गोरिदम में होने वाले बदलाव, मुद्रीकरण के बदलते नियम और विज्ञापनों की अनिश्चितता कई बार स्वतंत्र रचनाकारों को आर्थिक असुरक्षा में धकेल देती है।
यूट्यूब की यात्रा महज़ एक वीडियो शेयरिंग वेबसाइट से दुनिया के सबसे प्रभावशाली स्ट्रीमिंग मंच बनने की दास्तान नहीं है; यह उपभोक्ता और तकनीक के बीच बदलते समझौते की कहानी है। जहाँ ₹7.87 प्रति जीबी वाले डेटा बाज़ार ने देश के छोटे कस्बों और देहातों को अपनी आवाज़ पाने का ज़रिया दिया, वहीं उसी तकनीक ने मानवीय ध्यान को चंद सेकंडों की होड़ में बाँध दिया है। पारंपरिक ओटीटी जहाँ सशुल्क दायरों में सीमित रहे, वहीं यूट्यूब ने मुफ़्त और सशुल्क के बीच एक ऐसा सेतु बना दिया जिसने देखने की आदतों को स्थायी रूप से बदल दिया। अब चुनौती यह नहीं है कि हम क्या देख रहे हैं; चुनौती यह समझना है कि जो हम देख रहे हैं, वह वाकई हमारी पसंद है या स्क्रीन द्वारा बड़ी चतुराई से हमारे भीतर रोपी गई ज़रूरत।

प्रभात खबर में  I7/11/2026 को   प्रकाशित 

No comments:

पसंद आया हो तो