Friday, May 17, 2013

जीवन बंधन


एक रात उनींदी पलकों ने
मीठा सा एक स्वप्न बुना
जीवन की मधुर स्मृतियों में से
महका सा एक पुष्प चुना
फिर तुम्हारी यादें तुम्हारी बातें
मीठी रातें स्वप्निल सौगातें
नदी किनारा साथ तुम्हारा
सुंदर उपवन
महका तन मन
हाथों की नरमी
साँसों की गर्मी
तुम्हारा आलिंगन
जीवन बंधन
ढेरों बातें ढेरों कहानी
तुम सुनते थे मेरी जबानी

Wednesday, May 15, 2013

मैं क्यूँ लिखता हूँ


सुनो
मैं क्यूँ लिखता हूँ
भोली आशा
घोर निराशा
जीवन के हर कण को
मैं क्यूँ बिनता हूँ 
हार जीत के सपने को

सुख दुःख के ठगने को
मैं क्यूँ चुनता हूँ
सवाल कई हैं जवाब नहीं हैं
क्यूँ गिरता हूँ और सम्हलता हूँ
मैं क्यूँ लिखता हूँ
मन के सूनेपन को
जीवन के आलम्बन  को
क्यूँ सहेजता चलता हूँ
तुम भी वही हो
मैं भी वही हूँ
फिर दुनिया मेरी क्यूँ
बदल रही है
बताओ तो जरा
मैं क्यूँ लिखता हूँ ...........






Tuesday, May 14, 2013

इंटरनेट युग में विज्ञापन का कारोबार

समाज के साथ ही हर दौर में विज्ञापनों का रुझान भी बदल जाता है। लेकिन अब जो बदलाव आ रहा है, वह समाज की वजह से कम और तकनीक की वजह से ज्यादा है। विज्ञापन का मामला हमारे लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि हमारा मीडिया अपना खर्च विज्ञापनों के जरिये ही निकालता है। दूसरे शब्दों में विज्ञापन की आमदनी मीडिया के लिए सब्सिडी का काम करती है। इसलिए विज्ञापनों में बदलाव का एक अर्थ मीडिया के स्वरूप में बदलाव भी है।मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में मार्च 2014 तक ऑनलाइन विज्ञापन का बाजार 2,938 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इन ऑनलाइन विज्ञापनों में सर्च, डिस्प्ले, मोबाईल, सोशल मीडिया, ई मेल और वीडियो विज्ञापनों को शामिल किया गया है। ये शुरुवात एक बड़े बदलाव की ओर इशारा कर रही है। अनलाइन विज्ञापन का सबसे बड़ा फायदा है सूचना सामग्री का तुरंत अपने लक्षित समुदाय (टारगेट अडिएंस) तक पहुँच जाना। इसमें समय स्थान की सीमाएं समाप्त हो जाती हैं। परम्परागत विज्ञापन के मुकाबले इनका निर्माण सस्ता भी पड़ता है। ये विज्ञापन टीवी और समाचार पत्र के विज्ञापनों से कईं मायनों में अलग होते हैं। परंपरागत मीडिया के विपरीत ऑनलाइन विज्ञापन पाठक की रुचि के अनुसान पेश किए जाते हैं। एक  दूसरा फर्क यह है कि दर्शक/पाठक विज्ञापन की सत्यता की जांच वेब पर कर सकता है और उसकी तुलना अन्य प्रतिस्पर्धी कंपनियों से कर सकता है। परंपरागत मीडिया में उपभोक्ताओं को उसी जानकारी पर निर्भर रहना पड़ता था जो उसे विज्ञापनदाता से मिल रही हैं। इंटरनेट पर बहुत से मंच और ब्लॉग वगैरह  उपभोक्ताओं के उनके साथ अनुभव की जानकारी भी देते हैं। ऑनलाइन विज्ञापनों की ओर बढ़ता रुझान बता रहा है कि भविष्य के विज्ञापन ज्यादा तथ्यपरकता लिए हुए होंगे और उनकी विश्वसनीयता को जांचा जा सकेगा। साल 2012 में ऑनलाइन विज्ञापनों से कुल 1,750 करोड़ रुपए की कमाई हुई थी पर मार्च 2013 तक इसी अवधि में 2,260 करोड़ रुपए की आमदनी हुई जो 29 प्रतिशत ज्यादा रही। इसी के साथ डिजीटल मीडिया पर होने वाला खर्च भी धीरे धीरे बढ़ रहा है साल 2005 में जहाँ यह विज्ञापनों पर कुल खर्च का एक प्रतिशत था वहीं 2012 में यह आंकड़ा सात प्रतिशत हो गया।

हालांकि ऑनलाइन विज्ञापनों से शिकायतें भी कम नहीं हैं। खासतौर पर पॉपअप विंडो के रूप में आने वाले विज्ञापनों से जो अक्सर पाठक और दर्शक के लिए बाधा बनते हैं। इन्हें तकनीक से रोका भी जा सकता है जो अंत में विज्ञापन दाता को ही नुकसान पहुंचाता है। कारोबार भले ही बढ़ रहा हो लेकिन इसका स्वरूप अभी निर्माण के दौर में है, इसलिए इसके रास्ते में कईं तरह की बाधाए आएंगी ही।
हिन्दुस्तान में 14/05/13 को प्रकाशित 

क्योंकि गर्मियां भी जरूरी हैं

मौसम कोई भी हो  पर कुछ चीजें हमेशा एक जैसी ही होती रहती हैं हमारे जीवन में कोई ज्ञान नहीं मेरा एक सिंपल ओब्सर्वेशन है इस साल बहुत गर्मी पड़ रही है आप भी इस तरह के जुमले सुमते हुए बड़े हुए होंगे और गर्मियां हर साल कमोबेश एक जैसी ही पड़ती हैं पर जब हम इसे ज्यादा महसूस करते हैं तो उसके बारे में ज्यादा बात करते हैं तो मौसम कोई भी हो हम जल्दी ही उससे उकता जाते हैं तो सारा खेल फील करने का,फील से याद आया आजकल लोग फील बहुत करने लग गए हैं. अब अगर आप कुछ महसूस कर रहे हैं तो अच्छी बात है कि आपके अंदर भावनाएं जिन्दा हैं पर अगर आप हर छोटी बड़ी बात फील करने लग गए तो समझ लीजिए आपके एटीट्यूड में दिक्कत है नहीं समझे भाई गर्मी के इस मौसम का पहला फंडा गर्मी है तो प्यास लगेगी पर प्यास लगने के लिए आप गर्मी को दोष नहीं देंगे,प्यास लगना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है गर्मी में प्यास ज्यादा लगती है लेकिन प्यास सिर्फ गर्मी के कारण लगती है ऐसा नहीं है तो अपनी असफलता का श्रेय दूसरों के सर न डालें बल्कि उसे मानकर अपने अंदर आवश्यक परिवर्तन लाएं. अब कुछ लोग ऐसे भी होते हैं कि अपनी फील्ड में जरा सा सफल हुए नहीं कि तुरंत फील करने लग गए कि बाकी के सारे लोग नकारा हैं.हमारे एक मित्र हैं जिन्हें ये गुमान हो गया कि वो रेडियो प्रोग्राम की दुनिया के बेताज बादशाह हैं बस फिर क्या गर्मी के इस मौसम में जब दिमाग को ठंडा रखना ज्यादा जरूरी है वो अपने अंडरट्रेनी लोगों को बेवकूफ मान सार्वजनिक रूप से उनकी बेइज्जती करने लग  गए पर जब तक उनके ज्ञान का दीपक जलता बेचारे उस रेडियो स्टेशन से बाहर हो गए और जिस ट्रेनी को वो बेवकूफ मानते थे वो उनका बॉस बन गया.गर्मी के इस मौसम में जहाँ लोग शरीर को ठंडा रखने के तरीके बताते हैं मेरा दूसरा फंडा है चिल, दिमाग को ठंडा रखने का क्यूँ कि आपकी कौन कब कहाँ बजा के निकल जाएगा किसी को नहीं पता अब ज्यादा उम्रदराज होना योग्यता का कोई पैमाना नहीं है.यदि आप अपना काम जानते हैं तो अच्छी बात है,उसे अपने जूनियर को भी सिखाइये  पर सफलता को दिमाग गर्माने का मौका नहीं दीजिए उसे ठंडा रखिये  नहीं तो एक दिन आप भी लोगों के लिए वो बाजा बन जायेंगे जिसकी कोई भी बजा देगा.मौसम गर्म है इसका मतलब ये भी नहीं है कि ये मौसम बेकार है.हर मौसम की अपनी अहमियत है.गर्मी न होती तब हमारे जीवन में कितनी यादें न होतीं वो गर्मियों की छुट्टी,वो स्कूल खुलने का इंतज़ार और सबसे मजेदार बार बार नहाने से हुआ प्यार.हम गर्मी को तभी समझ पाते है जब हम जाड़े को जी के आते हैं मौसम कैसा भी हो  जिंदगी तो किसी भी हालत में चलती रहती है फिर गर्मियां बीतेंगी और बारिश आयेगी तो तीसरा फंडा उम्मीद का दामन मत छोडिये कोई भी चीज हमेशा के लिए नहीं है.चेंज इज इनेवीटेबल तो आप मौसम को बदलने के कोशिश में अपने शरीर को ठंडी चीजों का इतना आदी न बना दीजिए कि हमारा शरीर जरा सी गर्मी भी बर्दाश्त कर पायें बात एक दम सीधी है बदलाव के लिए तैयार रहें.यादों के साथ जीयें लेकिन उनसे चिपके नहीं जो बीत गया वो बीत ही गया,रिश्तों में अगर जज्बातों की गर्मी नहीं होती है तो वे औपचारिक हो जाते हैं.आप लोगों को नहीं बदल सकते पर अपने आप को तो बदल सकते हैं उन लोगों के लिए जो आपके अपने हैं.यूँ कि ज्ञान देने की आदत तो हमारी है नहीं अब अगर मेरी बातों से आपके दिमाग का दीपक जला है तो फिर इन्तजार किस बात का  चलिए गर्मियों का लुत्फ़ उठाया जाए.
आई नेक्स्ट में 14/05/13को प्रकाशित 

Monday, May 13, 2013

क्या कुपोषण से लड़ पायेगा खाद्य सुरक्षा बिल

खाद्य सुरक्षा विधेयक अभी भी कानून बनने के इंतज़ार में हैं जिसके अंतर्गत गरीबों को सस्ता अनाज मुहैया कराने का वायदा किया गया है ग्रामीण क्षेत्र में इस विधेयक के दायरे में 75 प्रतिशत आबादी आएगी, जबकि शहरी क्षेत्र में इस विधेयक के दायरे में 50 प्रतिशत आबादी आएगी,वहीं देश में प्रति व्यक्ति खाद्यान्न उपलब्धता 2010 के मुकाबले 2011 में 25.8 ग्राम बढ़कर 462.9 ग्राम प्रतिदिन हो गई। 2010 में यह 437.1 ग्राम थी,यानि देश में खाद्य संकट नहीं है पर जो लोग अनाज उपजा रहे हैं वही भुखमरी और कुपोषण का शिकार हैं|किसी भी देश के अन्नदाता वहां के किसान होते हैं| जिनके खेतों में उगाए अन्न को खा कर राष्ट्र स्वस्थ मानव संसाधन का निर्माण करता है|आंकड़ों के आईने में देश ने काफी तरक्की की है पर वास्तविकता के  धरातल पर इस प्रश्न का उत्तर मिलना अभी बाकी है कि भारत के किसानों का परिवार कुपोषण और खराब स्वास्थ्य  का शिकार कब और कैसे होने लग गए |इस देश का कृषक मजदूर वर्ग पोषित खाद्य पदार्थ से महरूम क्यों है जिसका सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य और बढ़ती बाल म्रत्यु दर में हो रहा है|साल 2011 में, दुनिया के अन्य देशों की मुकाबले भारत में पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की सबसे ज्यादा मौतें हुईं।ये आंकड़ा समस्या की गंभीरता को बताता है जिसके अनुसार भारत में  प्रतिदिन 4,650 से ज्यादा पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु होती है|संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ की नई रिपोर्ट यह बताती है कि बच्चों के स्वास्थ्य के मामले में अभी कितना कुछ किया जाना है| भारत डायरिया से होने वाली मौतों के मामले में सबसे आगे  है। 2010 में जितने बच्चों की मृत्यु हुई, उनमें 13 प्रतिशत की मृत्यु वजह की डायरिया ही था| दुनिया में डायरिया से होने वाली मौतों में अफगानिस्तान के बाद भारत का ही स्थान  है।रिपोर्ट के मुताबिक भारत जैसे देशों में डायरिया की मुख्य वजह साफ़ पानी की कमी, और निवास के स्थान के आस पास गंदगी का होना है जिसकी एक वजह खुले में मल त्याग भी है |गंदगी ,कुपोषण और मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव मिलकर एक ऐसा दुष्चक्र रचते हैं जिनका शिकार ज्यादातर गांवों में होने वाले बच्चे बनते हैं| सरकार का रवैया इस दिशा में कोई खास उत्साह बढ़ाने वाला नहीं रहा है देश के सकल घरेलु उत्पाद (जी डी पी ) का 1.4 प्रतिशत स्वास्थ्य सेवाओं  पर खर्च किया जाता है जो कि काफी कम है सरकार ने इसे बढ़ाने का वायदा तो किया पर ये कभी पूरा हो नहीं पाया |2008 में आयी स्टेट फ़ूड इनसिक्योरिटी इन रूरल इंडिया की ये रिपोर्ट आँखें खोल देने का काम करती है जिसके अनुसार भारत की कुल जनसँख्या का इक्कीस प्रतिशत हिस्सा कुपोषण का शिकार है जाहिरा तौर पर इस संख्या में बड़ा हिस्सा भारत के ग्रामीण तबके का है|सवाल उठना इसलिए भी लाजिमी है कि जो अन्न वो अपने खेतों में उपजाता है उसकी सही कीमत उसे नहीं मिलती और उसका फायदा बिचौलिए उठाते हैं,अन्न की सही कीमत न मिल पाने का कारण आर्थिक रूप से किसान की  स्थिति में कोई आश्चर्यजनक बदलाव नहीं होते, वो अपने ही उगाए अन्न से दूसरों को पोषण देता है पर खुद का परिवार कुपोषित होता रहता है|कुपोषण का परिणाम स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याओं के रूप में सामने आता है और गावों में स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत किसी से छुपी नहीं है|ऐसे में किसान सब कुछ नियति का खेल मान निर्धनता,कुपोषण और अशिक्षा के दुष्चक्र में घूमने के लिए अभिशप्त रहता है| इसके  सबसे ज्यादा शिकार छोटे और मझोले किसान होते हैं| कृषि उत्पादन में स्थिरता  और कृषि लागत में  बढोत्तरी के  परिणाम स्वरूप पैदा हुए आर्थिक संकट ने किसानों की आय घटा दी है। सस्ते कर्ज की अनुपलब्धता स्थिति को और भी जटिल बना देती है|सरकारी नीतियां बड़े किसानों, चुनिंदा नगदी फसलों और ऊँची  लागत वाली कृषि उत्पादन पद्धति को महत्त्व देती हैं।देश को अभी भी अपने अन्नदाता का पेट ही नहीं भरना है बल्कि उसे एक बेहतरीन मानव संसाधन में भी बदलना है जिससे भारत गर्व से कह सके कि हमारी अर्थव्यवस्था कृषि आधारित है |

गाँव कनेक्शन के 12/05/13 अंक में प्रकाशित 

Sunday, May 12, 2013

चिट्ठी माँ के नाम

"पूजनीय माता जी के चरणों में बहुतेरा 
करता है प्रणाम यह प्यारा बेटा तेरा 
आशा है अच्छे होंगे सब लोग वहां पर 
राहुल जी हम लोग सभी हैं कुशल यहाँ पर 
बिन तुम्हारे माँ यहाँ न कोई बात सुहाती 
क्या जाने क्यों तेरी सुधि मुझको आती 
जब भोजन करने जाता हूँ 
और वहां तुझे बैठा नहीं पाता हूँ 
क्या जाने क्यूँ मुझको भोजन नहीं भाता 
खाता हूँ पर स्वाद नहीं आता है 
यह न समझना मुझे कष्ट देता है कोई
या मेरी सुधि नहीं लेता कोई
तेरी याद में ,मैं दिन भर रोया करता हूँ
                                                                     जीवन के अगणित क्षण यूँ ही खोया करता हूँ "


Tuesday, May 7, 2013

पसंद आया हो तो