Saturday, June 15, 2013

प्रीत

प्रीत के पावन बंधन में 
तुमने मुझको बाँधा प्रिये 
तुम हो मेरा जीवन धन 
मैंने आज माना प्रिये 
मन के सूने आँगन में 
जब तुम धीरे से आ जाती हो 
मेरे नयनों के बंद कपाटों में
जब तुम चुपके से मुस्काती हो
सुनहरे भविष्य के सपनों में
तब मैं भी खो जाता हूँ
तुमसे मिलन की आस में
विरह गीत गाता हूँ मैं
रात जब धीरे धीरे गहराती है
जब तारों को भी निद्रा आती है
तब मैं भी थोडा डर जाता हूँ
तुमसे विछोह की कल्पना में
स्वप्न में ही अकुलाता हूँ
क्या तुम बिन संभव होगा जीवन
क्यों नहीं हो सकता हमारा मिलन
प्रश्न अपने आप से कर जाता हूँ .
(पुरानी कविताओं को सहेजने की कोशिश जारी है .......)

गाँव की कला को ब्रांड बना दें

चिंता करना राष्ट्रीय कर्तव्य है और इस चिंता में अक्सर गाँवों का जिक्र आ जाता है पर गाँव है कि विकसित होता नहीं योजना आयोग की योजनाएं साल दर साल आती जाती रहती हैं पर गाँव तो बेचारा है यादों में रहने वाले गाँव की हकीकत उतनी रूमानी नहीं है इस तथ्य को समझने के लिए किसी आंकड़े  की जरुरत नहीं है गाँव में वही लोग  बचे हैं जो पढ़ने शहर नहीं जा पाए या जिनके पास अन्य कोई विकल्प नहीं है, दूसरा ये मिथक कि खेती एक लो प्रोफाईल प्रोफेशन है जिसमे कोई ग्लैमर नहीं है फिर क्या गाँव धीरे धीरे हमारी यादों का हिस्सा भर हो गए हैं  जो एक दो दिन पिकनिक मनाने के लिए ठीक है  और शायद इसीलिये गाँव खाली हो रहे हैं और शहर जरुरत से ज्यादा भरे हुए आखिर समस्या कहाँ है गाँव को पुरानी पीढ़ी ने इसलिए पीछे छोड़ा क्यूंकि तरक्की रास्ता शहर  से होकर जाता था फिर जो गया उसने मुड़कर गाँव की सुधि नहीं ली क्यूंकि गाँव के लोग शहर जाकर विकसित हो रहे थे पर गाँव आर्थिक रूप से पिछड़े ही रहे एक तरफ 6लाख छोटे गाँव और दूसरी तरफ 600 शहर, कोई भी जागरूक और धन से संपन्न ग्रामीण शहर ही जाना चाहेगा और हुआ भी कुछ ऐसा ही दुनिया की हर विकसित अर्थव्यवस्था ऐसे ही आगे बढ़ी है जिसमे कृषि क्षेत्र की उत्पादकता को बढ़ाया गया और बची श्रम शक्ति को औधोगिकी करण में इस्तेमाल किया गया|भारत के गाँव के सामने विकल्प हैं पर यदि समय रहते इनको आजमा लिया जाए,गाँव से पलायन इसलिए होता है कि वहां सुविधाएँ नहीं है सुविधाएँ के लिए धन की जरुरत है वो दो तरीके से आ सकता है पहला सरकार द्वारा दूसरा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप से,सरकार अपनी प्राथमिकताओं के हिसाब से काम करती है इसमें अगर तेजी लानी है तो पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप को बढ़ावा देना होगा अब यहाँ समस्या ये है कि गाँव ,जनसँख्या के अनुपात में शहरो से काफी छोटे होते हैं इसलिए आधारभूत सेवाओं के विकास में लागत बढ़ जाती है और इनकी वसूली में भी देर होती है जिससे निजी निवेशक पैसा लगाने से कतराते हैं दूसरी समस्या ग्रामीण जनसँख्या का आर्थिक रूप से कमजोर होना भी है जो जनसँख्या वर्ग दो वक्त की रोटी के लिए जूझ रहा हो उसे सुविधाओं की जरुरत बाद में होगी जिससे गाँव विकास की दौड में पीछे छूटते जा रहे हैं और इससे ग्राम पलायन के एक ऐसे दुष्चक्र का निर्माण होता है जिससे देश आजतक जूझ रहा है सुविधाओं के अभाव में जिसको मौका मिलता है  लोग गाँव छोड़ देते हैं क्यूंकि शहर में मूलभूत बिजली पानी और सडक की स्थिति गाँव से बेहतर है  और ऐसे लोग दुबारा गाँव नहीं लौटते|खेती फायदे का सौदा छोटे और मझोले किसानों के लिए अब नहीं रही कारण जोत छोटी होने के कारण लागत ज्यादा आती है और लाभ कम, एक और कारण गाँव में आधारभूत सुविधाओं का अभाव समस्याओं को बढाता है और ये दुष्चक्र चलता रहता है,ग्रामीण अर्थव्यवस्था इस हद तक कृषि के इर्द गिर्द घूमती है कि कोई और विकल्प उभर ही नहीं पाया, पारम्परिक कुटीर उद्योग और कला ब्रांडिंग और मार्केटिंग के अभाव में रोजगार का अच्छा विकल्प नहीं बन पाए तो पर्यटन के अवसरों को कभी पर्याप्त दोहन किया ही नहीं गया नतीजा एक ऐसे गाँव में रहना जहाँ सुविधाएँ नहीं वहां के लोग  शहर जाकर मजदूरी करना बेहतर समझते हैं बन्स्बत अपने गाँव में रहकर खेती करना, सुविधाएँ किस तरह लोगों को आकर्षित करती हैं इसको पंजाब के खेतों में देखा जा सकता है जहाँ बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाँव के किसान,खेतों मजदूरी और अन्य कार्य करने हर साल आते हैं|पर अब तस्वीर थोड़ी बदल रही है हर बदलाव जहाँ कुछ चुनौतियाँ लाता है वहीं कुछ अवसर भी उदारीकरण की बयार से गाँव के लोगों की क्रय शक्ति बढ़ रही है|नेशनल सैम्पल सर्वे संगठन और क्रिसिल की एक रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण भारत शहरी भारत के मुकाबले ज्यादा खर्च कर रहा है1, यानि गाँव उस दुष्चक्र से निकलने की कोशिश में कामयाब हो रहा है जो उसकी तरक्की में सबसे बड़ी बाधा रही है ग्रामीण भारत की क्रय शक्ति बढ़ रही है|  
ग्राम्य सन्देश पत्रिका के जुलाई अंक में प्रकाशित  

Friday, June 14, 2013

फेसबुक ज्ञान

उधर तुम चैट पर जल रही होती हो कभी हरी तो कभी पीली और इधर वो तो बस लाल ही होता है| एप्प्स के बीच में फंसी जिन्दगी वो जाना भी नहीं चाहता था और जताना भी नहीं वो जितने एप्स डाउनलोड करता वो उतना ही दूर जा रही थी अब मामला हरे और लाल का नहीं था अब मसला जवाब मिलने और उसके लगातार ऑन लाइन रहने के बीच के फासले का था स्मार्ट फोन की कहानी और उसकी कहानी के बीच एक नई कहानी पैदा हो रही थी| उसने स्माईली का प्रयोग करना शुरू कर दिया, पर दिल की भावनाओं को चंद चिह्नों में समेटा जा सकता है क्या ? रीयल अब वर्चुअल हो चला था |दो चार स्माईली के बीच सिमटता रिश्ता वो कहता नहीं था और उसके पास सुनने का वक्त नहीं था, एप्स की दीवानी जो ठहरी , सब कुछ मशीनी हो रहा था|सुबह गुडमार्निंग का रूटीन सा एफ बी मैसेज और शाम को गुडनाईट दिन भर हरी और पीली होती हुई चैट की बत्तियों के बीच कोई जल रहा था तो कोई बुझता जा रहा था|काश तुम टाईम लाइन रिवियू होते जब चाहता अनटैग कर देता है|वो तो हार ही रहा था पर वो भी क्या जीत रही थी; कुछ सवाल जो चमक रहे थे चैट पर जलने वाली बत्ती की तरह रिश्ते मैगी नहीं होते कि दो मिनट में तैयार ,ये सॉरी और थैंक यू से नहीं बहलते इनको एहसास चाहिए जो व्हाट्स एप और टैंगो जैसे एप्स नहीं देते उसे आगे जाना था पर ये तो पीछे जाना चाहता था जब रीयल पर वर्चुअल हावी नहीं था क्या इस रिश्ते को साइन आउट करने का वक्त आ गया था या ये सब रीयल नहीं महज वर्चुअल था| वो हमेशा इनविजिबल रहा करता था वर्चुअल रियल्टी की तरह जहाँ है, वहाँ है नहीं, जहाँ नहीं है, वहां हो भी नहीं सकता वो इनविजिबल ही आया था और इनविजिबल ही विदा किया जा रहा था शायद ब्लॉक होना उसकी नियति है.अब वो जवाब नहीं देती थी और जो जवाब आते उनमे जवाब से ज्यादा सवाल खड़े होते. चैट की बत्तियाँ उसके लिए बंद की जा चुकी थी इशारा साफ़ था अब उसे जाना होगा साइन आउट करने का वक्त चुका था. वर्चुअल रीयल नहीं हो सकता सबक दिया जा चुका था . जिंदगी आगे बढ़ने का नाम है पीछे लौटने का नहीं|

Monday, June 3, 2013

गर्मियों में आग से तबाह होती किसानों की पूंजी

मई लगते ही सूरज अपने तेवर दिखाना शुरू कर देता है। स्कूल कॉलेज की छुट्टियाँ जहाँ समर कैंप्स की रौनक बढ़ा देती है वहीं आर्थिक रूप से समर्थ लोग किसी हिल स्टेशन पर सुक़ून भरे समय की तलाश में निकल पड़ते हैं। जब ऐसे ज़्यादातर लोग गर्मियाँ एंज्वॉय कर रहे होते हैंठीक उसी समयकिसी सुदूर गाँव में हमारा अन्नदाता अपनी अपनी नंगी झुलसी चमड़ी पर सूरज का तापमान माप रहा होता है। लहलहाती पकी फ़सल को देखकर आंखो में चमक के साथ चेहरे पर चिंता की झुर्रियां उसके किसान होने का प्रमाण देती हैं। एक ऐसे देश का किसान जो सबसे तेजी से उसके खुरदुरे कंधों पर टिकाकर तरक्की की सीढ़ियाँ चढ़ रहा है। पर खुद उसकी आजीविक अभी भी सूर्य और इंद्रदेवता की मेहरबानी पर टिकी है।गांवों में शहरों के मुक़ाबले आग लगने की घटनाएं ज़्यादा होती है और सुरक्षा के इंतज़ाम नदारत।साल भर किसान रातों को जागकर नीलगायों से फ़सल बचाने को हांका लगाता है और जब अनाज घर आने का समय आता है तो आग फ़सल के साथ साथ उसकी तमाम योजनाओं और उम्मीदों को भी जलाकर राख हो जाती है|आखिर उन्हीं का उगाया अन्न और सब्ज़ियां हम मॉल्स से खरीदना पसंद कर रहे हैं उन्हे डबलरोटी और नरेगा के सपनों के बजाय रोटी पहले मुहैया करायी जाये।।एनडीएमए(,National Disaster Management Authority) के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2007 में भारत में आग की वजह से 20,772 लोग मरे 2006 में ये संख्या 19,222 थी। 1958 में सरकार ने एक फायर बिल मॉडल का मसौदा तैयार किया था और सभी राज्यों को  भेजा गया था |
वे राज्य, जिन्होंने अपना खुद का अग्नि एक्ट अधिनियमित नहीं किया है, एक वर्ष के भीतर-भीतर उन्हें एक उपयुक्त अग्नि अधिनियम लागू करना चाहिए। लेकिन, चौवन साल  के बाद भी, कुछ राज्यों ने इस पर अमल नहीं किया है।भारत में प्रशिक्षित अग्नि-शमन कर्मचारी छियानवे प्रतिशत कम हैं।इस समस्या की जड़ें गांवों के विकास से जुड़े बेतरतीब ढाँचे में निहित हैं। पहला तो ये कि जितनी भी सरकारी योजनाएं हैं वो गांव का विकास शहरों की तर्ज़ पर किये जाने की वकालत करती हैं।हमारा फायर ब्रिगेड सिस्टम भी आगजनी की दशा में घटनास्थल तक तभी पहुँचता है जब सब कुछ ख़ाक हो चुका होता है और आग के नाम पर बुझाने को बचती है तो सिर्फ गर्म राख|पानी और आग हमारे देश के ग्रामीण इलाकों में हमेशा परेशानी का सबब रहे हैं| इसमें पानी(बाढ़) से होने वाले नुक्सान पर तो सब की नज़र जाती है| इस बात के पर्याप्त आंकडे भी हैं की जल की अधिकता ( बाढ़) या फिर जल की कमी ( सूखा ) के कारण जान- माल का कितना नुक्सान हुआ| पर आग से होने वाले नुक्सान पर उतना धयान नहीं दिया गया|हर साल लाखों किसान आगजनी की चपेट में अपना सब कुछ खो देते हैं|यह प्रकोप देश में मार्च से लेकर जून तक कुछ अधिक ही होता है इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होती है गेहूं की फसल| हर साल लाखों एकड़ गेहूं की फसल खेत में ही आग में ख़ाक हो जाती है|इसी के साथ गन्ना समेत कुछ अन्य फसल हैं जो आगजनी का शिकार बनती हैं| संसाधनों की बुरी हालत का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि  कई कई जिलों में सिर्फ जिला मुख्यालय पर अग्निशमन केंद्र है| वहां पर भी मात्र एक या दो अग्निशमन दल और गाड़ियाँ (दमकल ) हैं. ऐसे में अगर सुदूर कहीं गाँव में आग लगती है तो सूचना मिलने के बावजूद केंद्र से घटनास्थल तक मदद पहुँचने में घंटों लग जाते हैं. इतनी देर में आग अपना काम कर चुकी होती है. गाँवों तक पहुँचने वाले मार्ग भी इतने बेहतर नहीं हैं कि मदद जल्दी पहुंचाई जा सके|आग से निपटने के लिए विभागों के पास जो उपकरण हैं वो खासे पुराने हैं. गाड़ियाँ तो ऐसी हैं की उन्हें विंटेज रैलियों में शामिल किया जाने लगा है. कर्मचारियों में आपदा प्रबंधन की दक्षता का अभाव साफ़ झलकता है. ऐसे तमाम कारण हैं जो आग से होने वाले नुक्सान को कई गुना तक बढ़ा  देते हैं|आग लगने पर गरीब किसान के पास कुछ नहीं बचता उसकी जमा पूँजी और निवेश सब स्वाहा हो जाता है| किसी तरह से कोई जनहानि न भी हुई तो भी किसान की कमर टूट जाती है. ऐसा देखने में आया है की इन आगों में सबसे अधिक शिकार मवेशी होते हैं| ये मवेशी किसानों के लिए एक निवेश की तरह होते हैं| जो उन्हें कुछ आय भी देते हैं और बेचने पर जमा पूँजी भी निकलती हैं. इनके जलने से किसान को बड़ी चपत लगती है| अभी तक किसानो में फसल और मवेशियों का बीमा करने की जागरूकता  नहीं आई है इसलिए  इसकी भरपाई भी नहीं हो पाती. बाढ़ तो आने से पहले कुछ अंदेशा भी हो जाता है पर आग लगने की घटना तुरंत होती है. पर आग की घटना कभी कभार ही बड़े पैमाने पर मीडिया और सरकार  का ध्यान खींच पाती  है इसलिए इसे बाढ़ की तरह से गंभीरता से  नहीं लिया  जा रहा है|
गाँव कनेक्शन साप्ताहिक  के 2 जून के अंक में प्रकाशित 

Friday, May 31, 2013

आइये सहेजें जिंदगी की कुछ यादों को

बचपन में अक्सर मैं सोचा करता था छुट्टियाँ इतनी कम क्यों होती हैं सुख के दिन जल्दी बीत जाते हैं ऐसा लगता है पर दिन तो अपने समय के हिसाब से ही बीतता है ये बात अलग है कि हमें पता नहीं पड़ता.अरे भाई गर्मी का मौसम उफान पर है, अपने हिसाब से बीतेगा पर हम हैं कि इंतज़ार नहीं कर पा रहें और ऐसे में  आप सबको जाड़ा जरुर याद आ रहा जो जब था तब हम कहते थे कि बहुत ठण्ड पड़ रही है. इंसान भी अजीब जीव होता है जब जो चीज चल रही होती है उसका लुत्फ़ उठा नहीं पाता और उसके जाने के बाद उसको याद करता है. बीते समय की यादें दिल को गर्माहट दे जाती हैं तो गर्मी के इस मौसम में शरीर और दिमाग को ठंडा रखिये पर दिल को गर्म रखिये उन रिश्तों के लिए जो आपकी यादों में हैं और ये हम नहीं कह रहे बल्कि  इमोशन पत्रिका में प्रकाशित एक शोध में यह निष्कर्ष निकला है कि यादें हमारे दिल को गर्मी देती हैं.याद से याद आया गर्मी की शाम बड़ी सुहानी होती हैं क्योंकि दिन बड़े और रात छोटी होती है इसलिए दिन को महसूस करने का मौका मिलता है.नहीं समझे भाई मौसम कोई भी  हो उनके  साथ हमारी कोई ना कोई यादें जरुर जुडी होती हैं  वही यादें जो  कभी गर्मी में सर्दी का एहसास  कराती हैं तो  कभी सर्दी में गर्मी का भाई सारा खेल एहसास का है,क्योंकि बातें भूल जाती हैं यादें याद आती हैं.अब जब बात याद की चाल पडी है तो आइये समझे याद के इस फलसफे को हम सब अपनी लाईफ में कितना कुछ देखते हैं महसूस करते हैं पर यादें तो वही बनती है जिन्हें हम याद रखना रखना चाहते हैं.कुछ चीजें हम कभी भूल नहीं पाते पहला स्कूल ,पहला दोस्त पहला प्यार जानते हैं क्यों ये वो लम्हे होते हैं जो हमारे होने का एहसास कराती हैं जब इस दुनिया में हम सचमुच आगे बढते हैं लेकिन जिंदगी तो आगे बढ़ने का नाम है बहुत कुछ पीछे छूट जाता है इस आगे बढ़ने के चक्कर में, अच्छा आप मेरी बात पर ध्यान मत दीजिए जरा सोचिये आप गर्मी से परेशान हैं पर पिछली जितनी गर्मियां आपने देखी हैं और उससे परेशान भी  हुए हैं पर उसके साथ आपकी कोई ना कोई याद जुडी होगी,तपती धूप में किसी  दोस्त के साथ लोंग ड्राइव पर जाना, और कोल्ड ड्रिंक गटकना, गर्मी की दोपहर में पिज्जा खाना वो भी जबरदस्ती क्यूंकि आपको भूख लगी थी और आप अपने दोस्त का दिल नहीं दुखाना चाहते थे. एक्साम खत्म हो गए तो यारों को गुड़ मार्निंग का ग्रुप एस एम् एस करना जिससे हर दोस्त को लगे कि ये उसी के लिए किया गया है पर हर दोस्त कमीना होता है.ये  तो कुछ नमूने थे गर्मियों के पर हर साल जब गर्मी पड़ती है तब हम सब भूल कर बस ये चाहते हैं कि ये गर्मियां जल्दी खतम हों पर रिश्तों में आयी ये गर्मी जाड़ा आपको दे जाता है जिसका फायदा हम गर्मियों में उठाते हैं क्योंकि जाड़े की ठण्ड ने आपको गर्मी की अहमियत समझा दी होती है. क्यों कुछ समझ में आ रहा है ना गर्मी जल्दी खत्म हो जायंगी तो आपके यादों के खजाने भर ही नहीं पायेंगे फिर आने वाले जाड़े को किस तरह झेलेंगे.वक्त है बीत ही जाता है पर यादें जरुर दे जाता है अब इन यादों को आप नहीं सहेंजेंगे तो सोचिये आपका जीवन कितना सूना सूना बीतेगा तो गर्मी के इस मौसम में अपनी यादों को सहेजिये और कुछ ऐसा कीजिये कि जीवन में ढेर सारी यादें जुड जाएँ.किसी दोस्त को लेट नाईट काल करें और उसे बताएं कि वो आपके लिए कितना जरूरी है इसमें आपको कुछ भी मेहनत नहीं करनी है, वैसे भी गर्मियों में जल्दी नींद किसे आती है.अगर आप अपने दोस्त को डिस्टर्ब नहीं करना चाहते तो लेट नाईट ई मेल या एस एम् एस कर दीजिए उसे अच्छा लगेगा और आप तो वैसे भी जग रहे थे तो इन्तजार किस बात का है.
आई नेक्स्ट में 31/05/13 को प्रकाशित

Thursday, May 23, 2013

पानी का निशान मिटता नहीं

सुनो..... पानी का निशान मिटता नहीं 
कभी कहा था तुमने 
पानी पर मेरा नाम लिखते हुए 
पानी में भीगे वे शब्द 
आज भी गीले हैं 
पानी गीला नहीं होता 
पर मेरी आँखों से बरसता पानी 
आज भी खोज रहा है 
पानी पर लिखे उस नाम को 
....सुनो पानी का निशान मिटता नहीं 

Monday, May 20, 2013

एफ एम् रेडियो के ढीले सरोकार

अतीतविहीन पीढ़ी के भविष्य की कल्पना कीजिए...! एक तरफ जहां हम सिनेमा के सौ साल का जश्न मना रहे हैं, वहीं एक प्राइवेट एफ एम् रेडियो चैनल हमें उस स्वर्णिम समय के गीतों से महरूम रखने की कोशिश कर रहा है। सोचिए क्या हो जब गुलाबी नींद में हों और एकदम से गीत बजने लगे, 'मेरी फोटो को सीने से यार चिपका ले सैयां फेवीकोल से...बजाते रहो कि टैग लाइन के साथ आज के ज़माने का रेडियो स्टेशन होने का दावा करने वाला रेड एफ एम् चैनल कहता है कि अगर उसके चैनल पर 2005 के पहले के गाने बज गए तो वे श्रोता को 935,000 रुपैये देंगे उनका मानना है कि “पापा तो बैंड बजायेगा” क्योंकि “पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा” पुरानी बात हो गयी तो आधुनिक होने के लिए पापा को बैंड बजाना पड़ेगा  |भारत अद्भुत देश है जहाँ सारी दुनिया भारतीय सिनेमा के सौ वर्ष पूरे होने का जश्न मना रही है|बी बी सी सबसे महानतम हिन्दी गीत पर ऑनलाइन वोटिंग करा रही है वहीं रेड एफ एम् चैनल का यह निर्णय कि वे 2005 के बाद के ही फ़िल्मी गीत अपने रेडियो चैनल पर बजायेंगे यह बताता है कि अभी भारत में एफ एम् रेडियो को एक लंबा रास्ता तय करना है और इस रास्ते के केंद्र में सिर्फ मुनाफा और बाजार है|वह मानते हैं कि उनका टारगेट ग्रुप (टीजी) युवा हैं। क्या इस तर्क पर आप कुछ कह सकते हैं? नहीं।भाई आपकी चीज है आप जिसे चाहें उसे बेंचे। लेकिन सवाल तो उठता ही है कि क्या कुछ भी मांग के नाम पर बेचेंगे? क्या इससे किसी का सहज अधिकार छीन लेंगे क्योंकि चीज आपकी है? यह ठीक वैसा है, जैसे हम आपके लिए विकल्प सीमित कर दें और फिर कहें कि आप केवल यही ले सकते हैं क्योंकि इसके अलावा हमारे पास से तो कुछ मिलेगा  ही नहीं।जिसमे आप युवाओं पर अपना ध्यान केंद्रित कर सकें पर मुद्दा यह है कि एजेंडा सेटिंग अवधारणा के हिसाब से और मीडिया में बढ़ती यह  विशेषी करण की प्रवृति जनमाध्यम के दर्शन के हिसाब से गलत है यदि कोई अखबार या चैनल यह फैसला कर ले तो दर्शकों और पाठकों को महज एक पक्षीय जानकारी ही मिलेगी सूचना समाज के इस युग में इस तरह का निर्णय यह बताता है कि  सूचना साम्रज्यवाद किस तरह से अपना नकारात्मक असर डाल रहा है और रेड एफ एम् का एक मात्र लक्ष्य अपने लाभ को अधिकाधिक करना है इसके लिए अगर श्रोताओं  के हितों से समझौता करना पड़े तो भी कोई बात नहीं है |हमारे समाज में फ़िल्मी गानों का बड़ा असर रहा है कम से काम मॉस के स्तर पर, क्लास को इससे परेशानी होती रही है पर तू हिंदू बनेगा न मुसलमान बनेगा इंसान की औलाद है इन्सान  बनेगा या इंसान का इंसान से हो भाईचारा यही पैगाम हमारा, जैसे गीत अब कहाँ रचे जाते हैं रेडियो का एक माध्यम के रूप में सिर्फ मनोरंजन करना ही काम नहीं है बल्कि उनकी रुचियों को बेहतर बनाना भी है ऐसे में अगर सारे निर्णय सिर्फ बाजार को ध्यान में रखकर किये जायेंगे तो इसमें कोई शक नहीं कि हम जल्दी ही एक बाजारू समाज में तब्दील हो जायेंगे गाने किसी वर्ग समुदाय या काल के नहीं होते हैं वे कालातीत हैं किशोर ,रफ़ी जैसे गायक किसी पीढ़ी के गायक नहीं है |रेड एफ एम् का यह निर्णय एक पूरी पीढ़ी को हमारे गानों की सम्रद्ध विरासत से वंचित कर देगा हम बगैर इतिहास जाने अपने भविष्य का निर्माण नहीं कर सकते गानों में दौर आते जाते रहते हैं और इसका बड़ा कारण यह होता है कि हमें अपनी विरासत का पता होता है जिससे हम प्रेरणा लेते हैं | युवाओं को उनकी विरासत से काटने की नींव तैयार हो रही है,साथ ही उन्हें वह परोसा जा रहा है जिसका वह चाहकर भी विरोध नहीं कर सकते।यह दरअसल ताकत के प्रदर्शन से ज्यादा इस बात की ओर इशारा है कि एफएम अभी भी भारत में शैशवास्था में है, जहां लोगों को रिझाने के लिए ऐसे हथकंडे और दांव पेच का सहारा लिया जा रहा है। दुनिया जब उस दौर में आगे बढ़ रही है, जहां एफएम का अर्थ एक ऐसे मीडिया के रूप में लिया जा रहा है, जोश्रोताओं को गीतों के साथ जानकारी का खजाना सौंप रहा है वहां, इस प्रकार का हल्कापन...। क्या कहा जा सकता है बाजार के सौदागरों के बारे में जिनका मकसद केवल पैसा हो, फिर उसका खामियाजा भले ही कोई भुगते.लोग यही पसंद करते हैं का घटिया तर्क रेड एफ एम् के इस निर्णय के पीछे भी दिया जा रहा है वास्तव में भारत में रेडियो श्रोता अनुसंधान में कोई कांतिकारी कार्य नहीं हुआ इसीलिये हर एफ एम् चैनल अपने आप को किसी भी शहर में नंबर वन खुद ही घोषित कर लेता है कुछ सौ लोगों पर शहर के विभिन्न मॉल में किये गए ये सर्वे अवैज्ञानिक पद्धतियों पर आधारित होते हैं|जिसमे शोध की व्यवस्थित प्रणाली को नहीं अपनाया जाता है|विविध भारती के  श्रोता अनुसंधान एकांश की रिपोर्ट देखने से साफ़ पता चलता है कि जिन शहरों में विविधभारती एफ एम् बैंड पर आया है लोग इन निजी प्राइवेट एफ एम् चैनलों से मुंह मोड रहे हैं |इसके कई कारण है विविध भारती के पास गानों का विशाल संग्रह है और कार्यक्रमों में पर्याप्त रूप से विविधता छाया गीत को शुरू हुए चार दशक से ज्यादा का वक्त बीत गया पर उसकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है|लोग नए गाने पसंद करते हैं इस तर्क को अगर मानकर विविध भारती के फोन इन कार्यक्रमों से इसकी तुलना की जाए तो स्थिति साफ़ हो जायेगी विविध भारती में साप्तहिक रूप से चार फोन इन कार्यक्रम आते हैं जिसमे सारे भारत से श्रौता गानों की फरमाईश करते हैं उसमे नब्बे प्रतिशत से ज्यादा गाने पुराने होते हैं,जबकि किसी शहर के प्राइवेट एफ एम् चैनल के पास इतनी श्रोता विविधता नहीं फिर भी इस तरह के कुतर्क का सहारा लिया जाता है कि लोग नए गाने ही सुनना चाहते हैं |यह गिरने सम्हलने का दौर है पर अगर बाजार के दबाव में गिरना है तो तथ्य यह भी है कि रेडियो एफ एम् स्टेशन के तृतीय चरण की नीलामी जून में शुरू होगी जिसमे 227 नए शहर जुडेंगे ,अभी वर्तमान में   86 शहर रेडियो की एफ एम् सेवा का लुत्फ़ उठा रहे है इसके बाद भारत में कुल एफ एम् चैनलों की संख्या 839 हो जाने की उम्मीद है सरकार  को उम्मीद है कि इससे  17|33 बिलियन रुपैये की आमदनी होगी|भारत में सर्वाधिक पहुँच वाला माध्यम रेडियो है इस नीलामी के बाद एफ एम् चैनलों की पहुँच में  कई नए शहर आयेंगे व्यवसाय की दृष्टि से भले ही यह फायदे का सौदा हो पर कंटेंट के स्तर पर भारत के एफ एम् चैनल   एक ठहरे मनोरंजक  माध्यम के रूप में तब्दील हो गए हैं |
जनसंदेश टाईम्स में 19/05/13  को प्रकाशित 

पसंद आया हो तो