Tuesday, July 21, 2015

एक कहानी वर्चुअल दुनिया की

उधर तुम चैट पर जल रही होती हो कभी हरी तो कभी पीली और इधर वो तो बस लाल ही होता है| एप्प्स के बीच में फंसी जिन्दगी वो जाना भी नहीं चाहता था और जताना भी नहीं वो जितने एप्स डाउनलोड करता वो उतना ही दूर जा रही थी अब मामला बत्तियों के हरे और लाल होने का नहीं था अब मसला जवाब मिलने और उसके लगातार ऑन लाइन रहने के बीच के फासले का था.वो उसे अक्सर उसे पोक करता वो चुपचाप उस पोक मेसेज को डीलीट कर देती.स्मार्ट फोन की कहानी और उसकी कहानी के बीच एक नई कहानी पैदा हो रही थी,वो कहानी जो जी चैट की हरी लाल होती बत्तियों के बीच शुरू हुई और फेसबुक के लाईक,कमेन्ट में फलते फूलते स्मार्ट फोन के चैटिंग एप्स के बीच कहीं दम तोड़ रही थी. एक प्यारी सी लडकी जो अपने सस्ते से फोन में खुश रहा करती थी.उसकी उम्मीदों को पंख तब लगे ,जब उसने ,उसे एक स्मार्ट फोन गिफ्ट किया. लैपटौप की चैट से वो उब चुका था.वो तो चौबीस घंटे उससे कनेक्टेड रहना चाहता था.वैसे भी एक फोन ही था जिसे वो हमेशा अपने पास रखती थी. वो जीवन भर की  खुशियों को उसके  साथ टैग करना चाहता था जिससे उसके चेहरे की मुस्कराहट का खुशियों के साथ हैंग आउट जारी रहे.फिर उसका भी मानना था आदमी की स्मार्टनेस स्मार्टफोन से बढ़ती है.वो उसे महंगे गिफ्ट देने से डर रहा था.पता नहीं वो लेगी भी कि नहीं अगर उसे बुरा लग गया.इसी उधेड़ बुन में न जाने कितने दिन बीत गये.फोन पर वो हमेशा उससे अपने फ्यूचर ड्रीम्स  के बारे में बात किया करती थी.उसे सबसे ज्यादा अच्छा तब लगता जब वो पूछता मुझे छोड़ कर तो नहीं चली जाओगी और वो जवाब देती नहीं ,कभी नहीं.उसने अब तो फेसबुक पर अपना रिलेशनशिप स्टेट्स कमीटेड कर दिया था.ये वर्च्युल इश्क रीयल भी हो पायेगा वो अक्सर सोचा करता.दोनों में कितना अंतर था .वो एकदम सीधा सादा नीरस सा लड़का था और वो जिन्दगी से भरी हुई लडकी जो चीजों से जल्दी बोर हो जाती थी |उसके पास स्मार्ट के नाम पर मात्र एक फोन था जबकि वो अपने छोटे से पुराने फोन से चिपकी थी पर दिलों पर राज़ करने का हुनर उसे खूब आता था.आखिर उसने हिम्मत करके उसको ऑनलाइन एक फोन गिफ्ट कर ही दिया .फोन जैसे ही उसे मिला उसका एफबी स्टेटस अपडेट हुआ|गौट न्यू फोन फ्रॉम सम वन स्पेशल ,और वो कहीं दूर बैठा उसके स्टेटस पर आने वाले कमेंट्स और लाईक को देख देख कर खुश हो रहा था.
अब उसके पास भी स्मार्ट फोन था.उसे यकीन था अब दोनों चौबीस घंटे कनेक्टेड रहेंगे.हमेशा के लिए. अब बार -बार  कम्प्यूटर खोल कर उसे अपने एफबी मेसेज नहीं देखने पड़ेंगे.पर अब वो  व्हाट्स एप पर लम्बे –लम्बे मेसेज नहीं लिखती थी जैसा पहले एस एम् एस में किया करती थी .
  उसने स्माईली का यूज  करना शुरू कर दिया, पर दिल की भावनाओं को चंद चिह्नों में समेटा जा सकता है क्या ? रीयल अब वर्चुअल हो चला था .दो चार स्माईली के बीच सिमटता रिश्ता वो कहता नहीं था और उसके पास सुनने का वक्त नहीं था, एप्स की दीवानी जो ठहरी , सब कुछ मशीनी हो रहा था|सुबह गुडमार्निंग का रूटीन सा एफ बी मैसेज और शाम को गुडनाईट दिन भर हरी और पीली होती हुई चैट की बत्तियों के बीच कोई जल रहा था तो कोई बुझता सा जा रहा था|काश तुम टाईम लाइन रिवियू होते जब चाहता अनटैग कर देता है अक्सर वो सोचता .वो तो हार ही रहा था पर वो भी क्या जीत रही थी; कुछ सवाल जो चमक रहे थे चैट पर जलने वाली बत्ती की तरह रिश्ते मैगी नहीं होते कि दो मिनट में तैयार ,ये सॉरी और थैंक यू से नहीं बहलते इनको एहसास चाहिए जो व्हाट्स एप और हाईक जैसे एप्स नहीं देते उसे आगे जाना था पर ये तो पीछे जाना चाहता था जब रीयल पर वर्चुअल हावी नहीं था क्या इस रिश्ते को साइन आउट करने का वक्त आ गया था या ये सब रीयल नहीं महज वर्चुअल था| वो हमेशा इनविजिबल रहा करता था वर्चुअल रियल्टी की तरह जहाँ है, वहाँ है नहीं, जहाँ नहीं है, वहां हो भी नहीं सकता वो जी टॉक पर इनविजिबल ही आया था और इनविजिबल ही विदा किया जा रहा था शायद ब्लॉक होना उसकी नियति है.अब वो जवाब नहीं देती थी और जो जवाब आते उनमे जवाब से ज्यादा सवाल खड़े होते. चैट की बत्तियाँ उसके लिए बंद की जा चुकी थी इशारा साफ़ था अब उसे जाना होगा साइन आउट करने का वक्त चुका था. वर्चुअल रीयल नहीं हो सकता सबक दिया जा चुका था . जिंदगी आगे बढ़ने का नाम है पीछे लौटने का नहीं.
आई नेक्स्ट में 21/07/15 को प्रकाशित 

Saturday, July 18, 2015

बर्फीले मरुस्थल में कुछ देर

जुले, आपका कुशोक बकुला रिम्पोछे एयर पोर्ट पर पर स्वागत है | जुले  वो शब्द था जो लेह की यात्रा के दौरान बार बार सुनाई दिया जुले का लद्दाखी में मतलब होता है हेलो . लेह की यात्रा महज  एक यात्रा नही थी बल्कि एक दोस्त से मुलाक़ात का बहाना था. सौगत, हाँ यही नाम है मेरे दोस्त का जो मुझे एक अरसे से अपने पास लद्दाख बुला रहा था. मैं कुछ निर्णय नहीं ले पा रहा था, आज कल, आज कल ये सब करते करते बहुत सा समय बीत गया और हवाई जहाज के टिकट आसमान छूने लग गये. आखिरकार मैंने फैसला किया कि मुझे लद्दाख जाना ही है |लखनऊ से दिल्ली ट्रेन द्वारा और दिल्ली से हमारी उड़ान थी जो हमें लेह पहुंचाने वाली थी .
हम अभी उड़े ही थे कि मैं नींद के झूले में झूलने लगा. शायद आधा घंटा ही मैं सोया हूँगा कि विमान के लेह के कुशोक बकुला रिम्पोछे एयर पोर्ट पर लैंडिंग की घोषणा होने लगी . मैंने हडबडा कर खिड़की के बाहर झाँका चारों तरफ बर्फ से लदे पहाड़. एक तरफ हिमालय और दूसरी तरफ काराकोरम, स्याह सफ़ेद का अद्भुत समागम. आधे पहाड़ों पर बर्फ नहीं थी और आधे बर्फ से भरे हुए. प्रकृति का अद्भुत नजारा. ऐसी लग रही था जैसे कागज़ पर किसी ने थ्री डी रूप मे पेन्सिल से आड़ी तिरछी रेखाएं खींच दी गयी हों. मैंने अपने सामान को समेटना शुरू कर दिया. विमान धीरे –धीरे नीचे आ रहा था, बर्फ वाले पहाड़ पीछे छूट रहे थे और चारों तरफ भूरे काले वीरान पहाड़ों के बीच से हमारा विमान धीरे –धीरे नीचे आ रहा था. मैं किसी छोटे बच्चे की तरह सारे द्रश्य को अपनी आँखों में समेट लेना चाहता था. अहा लद्दाख आखिर मैं आ ही गया तुमसे मिलने. हिमालय और काराकोरम पर्वत श्रृंखला के मध्य विश्व की छत के रूप में स्थित लद्दाख, भारत को प्रकृति का सबसे खूबसूरत तोहफ़ा है। पाषाण युग की ऐतिहासिकता समेटे लद्दाख के भीतर इतिहास और संस्कृति की कई पर्तें दबी हुई हैं। । भारत के बर्फीले मरुस्थल के विषय में मैंने बहुत पढ़ा-सुना था,

मैं आया था अपने दोस्त से मिलने जिससे मिलने के लिए मैं लम्बे समय से तरस रहा था. सौगत लद्दाख जिला प्रशासन के मुखिया है, जो अपनी मीटिंग के सिलसिले में श्रीनगर में थे और वह तीन जून को वापस लौट रहे थे और आज एक जून की सुबह थी. जैसे ही जहाज ने जमीन छुई मैंने सौगत को संदेसा भेजा लैंडेड और उधर से तुरंत जवाब आया स्वागत है.
हम विमान से बाहर निकले पर यह क्या लेह का  कुशोक बकुला रिम्पोछे एयर पोर्ट भारत के अन्य एयरपोर्ट की तरह नहीं था. चारों तरफ बंकर और सेना के जवान, मुझे बताया गया कि यह सेना के द्वारा बनाया गया विमान पत्तन है जिसमें दो पट्टियाँ हैं. एक का इस्तेमाल सेना करती है जबकि दूसरी पट्टी का इस्तेमाल व्यवसायिक विमानों के लिए होता है. मेरा मन सेना के विमान और हेलीकॉप्टर की तरह उड़ान भर रहा था.
लेह लगभग साढ़े ग्यारह हजार फीट की उंचाई पर स्थित है, अब तक मेरी सारी दुनिया में की गयी यात्राओं में सबसे उंचाई पर की गयी यात्रा. विमान पत्तन पर लगातार घोषणा की जा रही थी, ‘’यहाँ ऑक्सीजन की कमी है, मैदानी इलाकों से आये लोगों को यहाँ सांस लेने में, सर दर्द और जी मिचलाने जैसी दिक्कत हो सकती है. चौबीस घंटे सिर्फ आराम करें कहीं घूमने न जाएँ, ढेर सारा पानी पीयें, दौड़ें नहीं और किसी तरह की समस्या में तुरंत डॉक्टर से मिलें अन्यथा समस्या गंभीर हो सकती है.’’ हम अपना सामान लेकर एयरपोर्ट से बाहर निकले वहां दो लोग मेरे नाम की तख्ती लेकर इन्तजार करते मिले, उनमें से एक लेह प्रशासन के अधिकारी थे और दूसरे मियां नजीर जो अगले दस दिन में हमे लद्दाख से परचित कराने वाले थे.दो दिन पूरी तरह आराम करने के बाद
तीन तारीख को हम घूमने के लिए तैयार थे बस सौगत का इन्तजार था उनकी फ्लाईट दस बजे आनी थी.सौगत एयरपोर्ट से सीधे गेस्ट हाउस आये और पूरे एक साल बाद हम लोगों का मिलन हुआ. सौगत के भी कुछ बाल झड गये थे पर फिर भी मुझसे बेहतर स्थिति में थे.उनसे मिल कर  हम चल पड़े  लेह से करीब पैंतालीस किलोमीटर दूर हीमिंस गोम्पा के लिए | गोम्पा या मोनेस्ट्री दूर पहाड़ों की गोद में बौद्ध लामाओं के अध्ययन अध्यापन के लिए बनाये जाते थे. हम लेह के ग्रामीण इलाकों की ओर बढ़ चले थोड़ी दूर सीधे रास्ते के बाद गाडी ने गोल –गोल घूमना शुरू कर दिया. जैसे कोई परकार से गोले पर रेखाएं खींच रहा हो ऐसे ही रास्ते थे.पहाड़ वीरान थे तलहटी में कहीं –कहीं खेती होती दिख रही थी, पहाड़ों की वीरानी तोड़ने वाली दो ही चीजें थी पहला सेना के द्वारा अपनी बटालियन के बनाये गए उद्घोष वाक्य जो पहाड़ों पर जगह–जगह लिखे गए थे और हमारे साथ –साथ बहती पुरातन सिन्धु नदी की कल कल ध्वनि . सिन्धु नदी का जिक्र अभी तक इतिहास की किताबों में ही सुना था. पहली बार साक्षात अपनी आँखों से देखना किसी आश्चर्य से कम नही था. सिन्धु को देखकर मन थोडा भावुक हो रहा था. सिन्धु ही वह नदी है जिसके आसपास भारत में सभ्यता की शुरुवात हुई,हमारे पूर्वजों  की नदी, हमारी नदी. लेकिन अब इस नदी का तीन चौथाई हिस्सा पकिस्तान में बहता है. मैंने सिन्धु को जल हाथ में लिया यह मेरा अपना तरीका था सिन्धु से हाथ मिलाने का उसे शुक्रिया कहने का.
गोम्पा दूर से ही दिखाई पड़ता है भव्य एवं खुबसूरत. कुछ सीढियां चढ़कर हम गोम्पा के भीतर थे, सामने थी बुद्ध की विशाल प्रतिमा. यह लामाओं की एक पुरी दुनिया है जहाँ उनके काम की सारे चीजें मौजूद हैं, इसलिए बाहरी दुनिया से जुड़ाव की उनको कोई जरुरत ही नही. सुबह शाम प्रार्थना और बाकी के वक्त में पठन पाठन.मैं मंदिर के चढ़ावे पर ध्यान देने लगा, माजा की बोतल, सोयाबीन के तेल की बोतलें, डिब्बाबंद दूध, डिब्बाबंद जूस और न जाने क्या क्या, और तो और जीरो कोक के कई केन भी चढ़े थे. मैंने वहां के पुजारी से पूछा हिन्दू मंदिरों में जो चढ़ावा चढ़ता है वो तो पुजारी का हो जाता है |यहाँ के चढ़ावे का क्या होता है उसने पानी टूटी फूटी हिंदी में बताया कि यह सब भक्तों का है जो मंदिर में आते हैं यह उनका है आप जो चाहें इसमें से ले सकते हैं.
शाम होने को आ रही थी और अभी हमें एक महत्वपूर्ण जगह जाना था. जी हाँ रैंचो के स्कूल, वही स्कूल जहाँ थ्री ईडियट फिल्म की शूटिंग हुई थी. जहाँ रैंचो सब कुछ छोड़ छाड़कर रह रहा था. स्कूल में घूमने का अनुभव निराला था. पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब स्कूल की कुछ जगहों पर ही घुमाया जाता है क्योंकि बच्चों की पढ़ाई में बाधा आती है. शाम के सात बज रहे थे फिर भी रौशनी ठीक ठाक थी |हवा में ठंडक बढ़ रही थी और हम थके मांदे लौट रहे थे.
अगले दिन हमारा कार्यक्रम आल्ची मोनेस्ट्री देखने जाने का था, जो लेह से करीब 65  किलोमीटर दूर है. एक बार फिर हम रास्ते में थे. रास्ते में जांसकर नदी हमारे साथ–साथ बह रही थी. खुबसूरत मीलों लम्बी सड़क जिस पर बाईक सवार यदा कदा दिख जाते. ये वो लोग हैं जो मनाली या श्रीनगर से सड़क के रास्ते लद्दाख की खूबसूरती देखने आते हैं और ये सभी मोटरसाइकिल किराए पर मिलती हैं. चूँकि रास्ते में पेट्रोल पम्प बहुत कम हैं इसलिए सभी की बाईक के पीछे पेट्रोल से भरे केन जरुर दिखते हैं. आमतौर पर किसी पहाडी इलाके में हरे भरे पहाड़ दीखते हैं पर लद्दाख अलग है. यहाँ पहाड़ इतनी ज्यादा उंचाई पर हैं कि ऑक्सीजन की कमी के कारण कुछ नहीं उगता यानि स्याह सफ़ेद पहाड़ और इन पहाड़ों के बीच खड़ा मैं अपने अस्तित्व की तलाश कर रहा था. सच है लद्दाख में तन मन एकाकार हो जाते हैं. सामने के पहाड़ सूने नंगे थे पर पीछे के पहाड़ों पर खासी बर्फ गिरी हुई थी. सूरज अपनी तेजी से चमक रहा था. ऐसा मेरे साथ अक्सर होता है जब मैं सुख की घड़ी में तटस्थ हो जाता हूँ राग द्वेष से परे सुख दुःख से मुक्त, बस मैं होता हूँ. ऐसा ही कुछ यहाँ महसूस कर रहा था. लगता था घड़ियाँ रुक गयी हैं और मैंने समय के चक्र को उन पहाड़ों पर  रोक लिया था. मेरी तटस्थता को नजीर की आवाज ने तोडा, ‘’सर चला जाए.’’ हाँ, चलना ही तो है, तभी तो यहाँ तक आ पहुंचे हैं, अभी कितनी दूर जाना है पता नहीं. आल्ची मोनेस्ट्री बाकी की सारी मोनेस्ट्री की ही तरह है, बस इसे पुरातत्व विभाग का संरक्षण हासिल है. बौद्ध मन्त्र लिखी हुई झंडियाँ बुद्ध की मूर्तियाँ और दीवारों पर बुद्ध के विभिन्न अवतारों वाले भित्ति चित्र, जो पर्याप्त संरक्षण के अभाव में खराब हो रहे हैं. कुछ भी हो हमें अपनी विरासत सम्हालना नहीं आया. इसके लिए भी हमें यूरोप या अमेरिका से सीखना चाहिए. हमने वहां बने आल्चीको बाँध को भी देखा. हालाकी बाँध की फोटो खीचना मना  था लेकिन मुझे बाँध के एक मॉडल की फोटो लेने की इजाजत मिल गयी  उस मॉडल के पास एक कौतुहल मेरा इन्तजार कर रहा था. उस मॉडल के पास एक छोटा सा मंदिर बना हुआ था, जहाँ तरह –तरह के भगवान् सजे थे.आश्चर्य किन्तु सत्य कारण में भरोसा रखने वाला विज्ञान भी भगवान भरोसे था.
थिकसे मोनेस्ट्री ,शे पैलेस और लेह का राजमहल तीनो देखने वाली जगहें हैं और हमने यहाँ भरपूर समय बिताया .
अगले दिन  सुबह-सुबह विश्वप्रसिद्ध पेंगोंग झील देखने जाना था. पेंगोंग लेह से लगभग 150 किलोमीटर दूर है और रास्ता बहुत ही खतरनाक है. यात्रा शुरू होने के साथ ही साथ धीरे –धीरे उंचाई बढनी शुरू हो गयी और पहाड़ जो अभी तक वीरान दिख रहे थे उन पर बर्फ की चादर दिखनी शुरू हो गयी. जैसे–जैसे हम आगे बढ़ते गये बर्फ की परत मोटी होती गयी, बीच –बीच में हमें जमे हुए तालाब और नाले दिख रहे थे. गर्मी का मौसम था और बर्फ पिघल भी रही थी पर बहुत धीरे –धीरे. पूरा रास्ता ऐसा ही है जब उंचाई बढ़ती तो पहाड़ सफ़ेद हो जाते जैसे ही उंचाई घटती पहाड़ का रंग बदल जाता, इतने रंगीन पहाड़ सिर्फ लद्दाख में ही देखे जा सकते हैं. याक के भी दर्शन बीच –बीच में हो रहे थे जो यहाँ वहां हल्की जमी हुई घास जैसी चीज चर रहे थे. तस्वीरें तो पेंगोंग की पहले भी देखी थीं पर यथार्थ में यह उससे ज्यादा खुबसूरत थी. देर शाम लेह वापस पहुँचने पर बिस्तर पर ऐसे गिरे की सुबह ही आँख खुली |
अब बारी नुब्रा घाटी देखने की थी जहाँ हमें एक रात रुकना भी था . एक बार फिर सामान बाँधा गया और हम नुब्रा घाटी के गाँव हुन्डर के ऑरगेनिक रिसोर्ट चल पड़े |अभी कुछ किलोमीटर ही चले होंगे कि सारा नजारा बदल गया |एक छोटा मोटा पहाडी रेगिस्तान हमारे सामने था |नजीर ने हमें बताया कि यहीं अभी हमें कैमल राईड करनी है यनि ऊंट की सवारी वो भी ऐसे ऊँटों पर जो सारे भारत में यहीं पायें जाते हैं यनी डबल हम्प्ड कैमल दो कूबड़ वाले ऊंट ,यह नुब्रा की खासियत थी |हरियाली बढ़ रही थी पर यह हरियाली उन कांटेदार झाड़ियों की थी जो नुब्रा के इस रेगिस्तान में ही पायी जाती हैं | हमारा अगला पड़ाव डिसकिट से सख्लर होते हुए पनामिक हॉट वाटर स्प्रिंग था जहाँ सोते से गर्म पानी निकलता है. अब हम वापस लेह लौट रहे थे. आधे रास्ते तक श्योक नदी हमारे साथ –साथ चलती रही. मेरे लिए नदी समय काटने का अच्छा जरिया बनी. मैं उसकी धारा देखते और न जाने क्या –क्या सोचते हुए अपना सफर तय करता रहा. प्रक्रति दोनों हाथों से अपनी खूबसूरती लुटा रही थी. ऐसी कितनी दुर्गम जगहों पर मानव सभ्यता बसी और पनपी.
अगले दिन सुबह सुबह हमारी दिल्ली के लिए उड़ान थी और मैं थोड़ा जल्दी गेस्ट हाउस पहुंचना चाहता था पर सौगत ने अपनी टिपीकल स्टाईल में कहा, ‘’चाचे इतनी जल्दी किस बात की है तुझे, कल तो तू चला ही जायेगा.’’ रात के डेढ़ बजे तक महफ़िल सजी रही. गर्मी की उस ठंडी रात में हमने भारी मन से उससे विदा ली. यात्रा जरुर खत्म हो रही थी पर जिंदगी का सफर जारी था. हम वापस अपनी दुनिया में कुछ सुहानी यादों को जोड़े हुए लौट रहे थे. सच में कभी –कभी जिंदगी कितनी खूबसूरत लगती है.
शुक्रवार पाक्षिक में प्रकाशित अंक 15 जुलाई से 31 जुलाई 

Friday, July 17, 2015

सोशल मीडिया और हमारी अभिव्यक्ति

सोशल मीडिया के आगमन से जनमत आंकलन का एक नया पैमाना मिला .पहले जनमत निर्माण का कार्य जनमाध्यम जैसे रेडियो ,टीवी अखबार आदि किया करते थे पर सोशल मीडिया ने इस परिद्रश्य को हमेशा के लिए बदल दिया है अब ख़बरों के लिए मुख्य धारा का मीडिया सोशल मीडिया पर रहने लग गया है और इसमें बड़ी भूमिका ट्विटर की है  बड़े नेताओं और लोगों की विभिन्न मुद्दों पर राय अब ट्विटर के जरिये खबर बनती है और इसीलिये  सोशल नेटवर्किंग साईट्स  जैसे फेसबुक, ट्विटर, आदि को सामान्य जनता  के विचारों और आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति के माध्यम के रूप में देखा जाता है। यह माना जाता है कि सोशल मीडिया सही मायने में एक ऐसा मीडिया है, जो किसी भी तरह के दबाव से मुक्त है। लेकिन सूचना साम्राज्यवाद के इस दौर में इंटरनेट भी सूचना के मुक्त प्रवाह का विकल्प बनकर नहीं उभर पा रहा । मुद्दों के लिए सोशल मीडिया से जिस तरह की विविधता की उम्मीद की जाती है तथ्य इसके इतर इशारा करते हैं | अमेरिकी शोध पत्रिका ‘पलोस’ में छपे ब्रायन कीगन, द्रेव मगरेलिन और डेविड लजेर के शोध पत्र के मुताबिक किसी महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में ट्विटर जैसी प्रमुख सोशल मीडिया साइट्स में अंतर-वैयक्तिक संवाद का स्थान प्रसिद्ध हस्तियों एवं उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों ने ले लिया, जिससे आम जनता के विचार उनके सामने दब के रह गए। नामचीन लोगों के ट्वीट या उनके विचारों को सोशल मीडिया ने ज्यादा तरजीह दी, जिससे सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय वही मुद्दे बने, जो पारंपरिक मीडिया में अथवा बड़ी हस्तियों द्वारा उठाए गए, न कि वे मुद्दे, जो वास्तव में जनता के मुद्दे थे।
सोशल मीडिया में चर्चित विषय को रेडियो, टीवी और अखबार भी प्रमुखता से आगे बढ़ाते हैं। भारत कोई अपवाद नहीं है।
वर्ष 2009 में जहां सिर्फ एक भारतीय नेता के पास ट्विटर अकाउंट था, वहीं अब हर राजनैतिक दल और नेता ट्विटर से संचार कर रहे हैं । इस शोध में 1,93,532 राजनीतिक रूप से सक्रिय लोगों के दो सौ नब्बे मिलियन ट्वीट को अध्ययन का क्षेत्र बनाया गया। ट्वीट्स के माध्यम से आती हुई सूचना इतनी आकर्षक व भ्रामक थी कि जनता उसमें उलझकर रह गई। लोग यह समझ ही नहीं पाए कि जिन मुद्दों को वे री-ट्वीट के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं, वे वास्तव में किसी और के मुद्दे हैं। जनता का ध्यान आपसी संवाद एवं मुद्दों के विश्लेषण से हटकर विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा किए गए ट्वीटस पर केंद्रित हो गया, जिससे न केवल स्वतंत्र विचारों पर कुठाराघात हुआ है, बल्कि अफवाहों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

इस तथ्य के बावजूद कि सोशल मीडिया ज्यादा लोगों की विविध आवाज को लोगों के सामने ला सकता है, किसी महत्वपूर्ण घटनाक्रम में यह सोशल चौपाल वास्तविक चौपाल के उलट कुछ खास जनों तक सिमटकर रह जाता है। इस प्रक्रिया में बहुसंख्यक ध्वनियों की अनदेखी हो जाती है, जिससे सही जनमत का निर्माण नहीं हो पाता। उम्मीद की जानी चाहिए कि आने वाले वक्त में इसमें परिवर्तन आएगा और किसी महत्वपूर्ण घटनाक्रम में विविध ध्वनियां मुखरित होंगी।
प्रभात खबर में 17/07/15 को प्रकाशित 

Wednesday, July 15, 2015

भविष्य का हार्ड डिस्क

१९९० के दशक में आये पहले व्यक्तिगत कंप्यूटरों पर यदि आपने काम किया हो तो आपको अंदाज़ा होगा कि उनकी प्रोसेसिंग क्षमता आज के कंप्यूटरों के मुकाबले नगण्य थी. आज के आधुनिक प्रोग्राम तो उन कंप्यूटरों पर शायद ही चल पाएं. विगत कुछ वर्षों में कंप्यूटरों की कार्य क्षमता में काफी तेज़ी से इजाफा किया है पर उसके साथ ही उनपर काम करने के लिए के बनाये जाने वाले प्रोग्रामों की जटिलता भी बढ़ी है जिससे कि उनके धीमा होने का आभास होता है. आज-कल की तेज़ी से भागती-दौड़ती जिन्दगी में जहाँ हर आदमी के पास वक़्त की कमी है यदि कंप्यूटरों की गति में इजाफा हो जाए तो शायद कुछ वक़्त लोग अपने लिए भी निकाल पाएंगे. यदि आप कुछ इसी तरह की इच्छा रखते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है. यदि आपका कंप्यूटर भी आपको कछुए की चाल से चलता हुआ लगता है तो चैन की सांस लीजिये क्योंकि आने वाले समय में आपके कंप्यूटर की हार्ड-डिस्क की गति आज की तुलना में लगभग १०,००० गुना अधिक हो जाएगी. रोम की ला सपिएँज़ा विश्विद्यालय ने निज़मेगेन स्थित रैडबाउंड विश्वविद्यालय और मिलान की पॉलिटेक्निक के साथ मिलकर क्वांटम मैकेनिक्स पर आधारित कुछ नए प्रयोगों के आधार पर ऐसा संभव होने की सम्भावना है. यह थोडा जटिल विषय है. अभी चुम्बकीय सहायता से डाटा रिकॉर्ड करने की सीमा एवं गति किसी भी धातु या अन्य ऐसी वस्तु के चुम्बकीय गुणों में फेरबदल की सीमा पर आधारित है. आमतौर पर ऐसा वीस डोमेन के द्वारा किया जाता है. ऐसा उस माध्यम के कुछ भागों पर एक विशिष्ट चुम्बकीय दिशा के आक्षेप द्वारा किया जाता है. १९५६ में आई बी एम् द्वारा पहली हार्ड डिस्क बाज़ार में उतारी गयी थी. तब से लेकर आज तक अधिक प्रभावी एवं बेहतर डाटा भण्डारण को लेकर किये गए प्रयासों ने हार्ड डिस्क की डाटा भण्डारण क्षमता को कई गुना बढ़ा दिया है. १९५६ में आये पहले प्रोटोटाइप के मुकाबले आज की हार्ड डिस्कों की डाटा भण्डारण क्षमता लगभग ५ करोड़ गुना अधिक है. हालाँकि अभी जो तकनीकी इस्तेमाल की जा रही है वह अपनी क्षमता के अंतिम पड़ाव पर पहुँच चुकी है. इस तकनीकी द्वारा एक बिट डाटा को पढने के लिए १ नैनोसेकंड का समय लगता है. वैज्ञानिकों के अनुसार इसे और घटाया नहीं जा सकता है. एक बिट के भण्डारण के लिए काफी बड़ी संख्या में वीस डोमेन्स का इस्तेमाल करना पड़ता है. इस डाटा को बार-बार होने वाले ताप परिवर्तनों से सुरक्षित रखना एक बहुत बड़ी समस्या है और यही आज की तकनीकी की सबसे बड़ी खामी है जो आज की हार्ड-डिस्क की क्षमता को निर्धारित करती है. इसी लिए अब नैनोसेकंड से भी नीचे के समय-माप पर शोध किया जा रहा है. इस शोध के क्षेत्र को “फेमटोमैगनेटिस्म” का नाम दिया गया है. इसमें एक्सचेंज इंटरेक्शन का अध्यन किया जाता है जो कि अत्यंत ही तीव्रगति के समय मापकों पर कार्य करता है. यह एक्सचेंज इंटरेक्शन पदार्थों के चुम्बकीय गुणों का निर्धारण करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है. सामान्यतः एक अणु का अपना एक चुम्बकीय क्षेत्र होता है जिसे कि एक चुम्बकीय सुई के रूप में देखा जा सकता है. अणु के इसी गुण का इस्तेमाल कर के वज्ञानिक हार्ड डिस्क की क्षमता को बढ़ाना चाहते हैं. यदि यह प्रयोग सफल हो गया तो आने वाले समय में हमारे कंप्यूटरों की गति कई गुना बढ जाएगी. हालाँकि यह तकनीकी आम आदमी तक कब तक और किन दामों में पहुँच पायेगी यही कह पाना अभी मुश्किल है पर इतना अवश्य है कि इसके आने से कंप्यूटरों की दुनिया बदल जाएगी. एक बात और है कि चूँकि यह तकनीकी अन्य सभी तकनीकी की ही तरह विदेशी मुल्कों में बनायीं जा रही है शायद इसके भारत आने में थोडा और समय लगे. पर यह उम्मीद की जा सकती है कि बाज़ार की शक्तियां इस तकनीकी के इस्तेमाल से बनी हार्ड डिस्कों को जल्दी ही भारत तक ले आएँगी. भारत कंप्यूटरों का एक बहुत बड़ा बाज़ार है. मेक इन इण्डिया के आने के बाद से इस क्षेत्र में तेज़ी से निवेश आने की सम्भावना है. भारतीय वैज्ञानिकों की क्षमता पर कोई शक नहीं कर सकता. जरूरत है तो सिर्फ थोड़े निवेश और सहायता की. यदि यह सहायता उन्हें मिल गयी तो वह दिन दूर नहीं जब ऐसे शोध हमारे देश में भी होंगे और हम उन्हें कम से कम दामों पर आम जनता तक पहुंचा सकेंगे.   

हार्ड डिस्क क्या है?
अब बात करते हैं उस चीज की जिसकी मदद से छोटे से कंप्यूटर में हजारों का डेटा महफूस रहता है। हम बात कर रहे हैं हार्ड डिस्क की। जिस तरह से हम अपनी वार्डरोब में कपड़े लगा के रखते हैं, उसी तरह हार्ड डिस्क भी एक ऐसी अलमारी है जिसमें विभिन्न वस्तुओं को संभाल के रखा जा सकता है। इसमें डेटा स्टोर करने के लिए फोर्मैटिंग की जाती है ताकि अलग-अलग खंड बनाये जा सकें। हार्ड डिस्क सिस्टम की फाइल्स को सहेज कर सुरक्षित रखने वाला वह यंत्र हैं जो डिजिटल जानकारी चुम्बकीय रूप से लिख और पढ़ सकती हैं। इसकी खासियत यह है कि बिजली न होने पर भी यह हार्ड डिस्क आंकड़ों को सुरक्षित रखने की क्षमता रखता है। हार्ड ड्राइव/हार्ड डिस्क से आंकड़ों को बेतरतीब (रैंडम -एक्सेस) तरीके से पढ़ा जाता हैं। इसका मतलब है कि आंकड़ों के समूह को ड्राइव में किसी भी जगह लिखकर सुरक्षित किया जा सकता हैं| इन्हें सीक्वेंस में सेव करने की भी जरूरत नहीं पड़ती। पूरे कंप्यूटर डिवाइस में एकमात्र यह ही एक ऐसा हिस्सा है जिसमें सबसे ज्यादा बिजली की खपत होती है। इसका कारण है इसके अंदर लगी मैग्नेटिक डिस्क जो कि तेजी से घूमती है।डेटा भंडारण यन्त्र को उसकी भंडारण क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर विश्लेषित किया जाता हैं। डेटा भंडारण यन्त्र की क्षमता बाइट्स में होती हैं| १०२४ बाइट को १ किलोबाइट कहा जाता हैं उसी तरह से १०२४ किलोबाइट को १ मेगाबाइट कहा जाता हैं। १०२४ मेगाबाइट को १ गीगाबाइट कहते हैं और १०२४ गीगाबाइट को १ टेराबाइट कहा जाता हैं। डेटा भंडारण यन्त्र का पूरा भंडारण स्थान उपयोगकर्ता के लिए उपलब्ध नहीं होता क्यूंकि कुछ हिस्सा  ऑपरेटिंग सिस्टम को रखने और कुछ और हिस्सा फाइल सिस्टम के लिए और कुछ हिस्सा संभवतः अंदरुनी अतिरेकता  गलती सुधारने और डेटा पुन:प्राप्ति के लिए होता हैं। आंकडों को लिखने वाले नोक(हेड) के पटरी तक पहुंचने के समय और पढ़ते वक़्त वांछित क्षेत्र के नोक के नीचे तक पहुंचने में लगने वाले समय और आंकड़ों के यन्त्र से आवागमन की गति के आधार पर प्रदर्शन क्षमता का निर्धारण किया जाता है|
आज के डेटा भंडारण यन्त्र मेज पे रखे जा सकने वाले डेस्कटॉप कंप्यूटर के लिए ३.५ इंच और गोद में रखे जा सकने वाले कंप्यूटर में २.५ इंच के होते हैं। डेटा भंडारण यन्त्र मुख्य प्रणाली से साटा, यूएसबी या एस.ए.एस(सीरियल अटैच्डSCSI) जैसे मानक विद्युत् चालक तारो से जुड़े होते है| २०१४ तक डेटा भंडारण यन्त्र को अतिरिक्त या सहायक भंडारण के क्षेत्र में ठोस अवस्था वाले संचालक के रूप में टक्कर देने वाली तकनीक थी फ्लैश मेमोरी| आने वाले समय में यह माना जा रहा हैं की हार्ड डिस्क अपना अधिपत्य जारी रखेगी लेकिन जंहा गति और बिजली की कम खपत ज़्यादा ज़रूरी हैं वहा ठोस अवस्था वाले उपकरण (सॉलिड स्टेट डिवाइस) को हार्ड डिस्क के जगह इस्तेमाल किया जा रहा हैं।

हार्ड डिस्क का उपयोग
हार्ड ड्राइव डेटा को डिजिटली सहेज के रखता है और यह तब भी सुरक्षित रहता है जबकि आप इसकी पॉवर ऑफ कर देते है, आज यह सब बातें साधारण सी लगती है, पर कुछ समय पूर्व यह सब इतना आसान भी न था। आज कल ऐसे सॉफ्टवेयर्स भी आसानी से डाऊनलोड किये जा सकते हैं जिनसे डिलीट किया हुआ डेटा भी आसानी से रिकवर किया जा सकता है। हार्ड डिस्क अलग अलग साइज की अवेलबल है।
आविष्कार से अब तक का सफ़र
दुनिया की सबसे पहली हार्ड डिस्क आईबीएम कम्पनी ने बनाई थी, हालाँकि आज की तुलना में वह पांच गुना ज्यादा बड़ी थी, तब भी बहुत कम डेटा सेव हो पाता था। इसमें केवल 5 एमबी डेटा स्टोर किया जा सकता था |वर्ष1980 में आईबीएम ने दोबारा से हार्ड डिस्क पर काम किया और  एक नयी हार्ड डिस्क बनायीं जिसकी स्टोरेज की क्षमता पहले से कई अधिक ज्यादा थी (करीब 2.5 GB से अधिक )पर फिर भी वेट में वो बहुत बड़ी थी | उसका वजन करीब 250 किलो और साइज किसी फ्रिज के बराबर का था | तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि तबसे लेकर अब तक हार्ड डिस्क में कितने बदलाव आ चुके हैं। यह बदलाव आगे भी होते रहेगे।
हार्ड डिस्क के कुछ नए विकल्प?
आजकल हार्ड डिस्क के स्थान पर एसएसडी  (सॉलिड स्टेट ड्राईव) का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। हार्ड डिस्क के स्थान पर लोग इसे इस्तेमाल कर रहे हैं।हार्ड डिस्क और इसमें अंतर सिर्फ इतना है कि इसमे हार्ड डिस्क की तरह कोई मूविंग पार्ट नहीं होता। इनमे डेटा छोटी छोटी माइक्रोचिप  पर सेव होता है और इसी वजह से इनमे डेटा एक्सेस करने की स्पीड भी अधिक होती है लेकिन फिर भी महंगे होने के कारण आमतौर पर इनका प्रयोग नहीं किया जाता है। महंगे लैपटॉप्स पर इनके इस्तेमाल का प्रचलन बढ़ा है।
कैसे तय होती है इसकी स्पीड
डेटा स्टोरेज की स्पीड तय करने के भी कई मानक है। स्टोर्ज को मापने की सबसे छोटी इकाई होती है बाइट और इन्हें बढ़ते हुए क्रम में इस तरह समझ सकते है
1 KB -1024 Bytes
1 MB-1024 KB
1 GB -1024 MB
1 TB -1024 GB
हार्ड डिस्क के प्रकार-
हार्ड डिस्क दो प्रकार की होती है- एक्सटर्नल और इंटरनल। यह दोनों अपने अपने सब पार्ट्स में बंटे हुए हैं। हार्ड डिस्क मूलत: दो भागों में विभाजित है- पोर्टेबल और डेस्कटॉप। पोर्टेबल वह हार्ड डिस्क होती है जिसे कहीं भी आसानी से ले  जाया सकता है और यह यूजर फ्रेंडली होती है। वहीँ डेस्कटॉप हार्ड डिस्क ड्राइव 60 जीबी से लेकर4 टीबी तक का डेटा सेव कर सकती है। हार्ड डिस्क के प्रकार को विस्तार में जानने के लिए नीचे पढ़ें-
डेस्कटॉप हार्डडिस्क
ये विशिष्ट रूप से 60 जीबी से 4 टीबी तक आंकडों को सेव करने की क्षमता रखता है। इनमें ऑंकणों की स्थानांतरण गति 1जीबी/सेकेंड होती हैं। अगस्त 2014 तक सबसे अधिक क्षमता वाला डेस्कटॉप हार्डडिस्क 8 टीबी तक आंकणों को सुरक्षित रख सकता था।
मोबाईल (लैपटॉप) एचडीडीज
यह मोबाईल में होते हैं तो जाहिर सी बात है आकार में अन्य के मुकाबले छोटे होंगे। अपने डेस्कटॉप और औद्दोगिक समकक्षों की तुलना में ये छोटे और कम क्षमता वाले होते हैं। छोटे प्लेटों(प्लाटर) की वजह से इनकी क्षमता कम होती है।ये औद्दोगिक बाजार मे उपयोग के लिये बनायी जाती हैं।
उद्यम हार्ड डिस्क
विशिष्ट तौर पे कई उपभोक्ताओ द्वारा इस्तेमाल किये जाने वाले संगणक जिनपर की उद्यम सॉफ्टवेयर चलते हैं द्धारा उपयोग किये जाते हैं। जैसे की: लेन-देन डेटाबेस, इंटरनेट का आधारभूत ढांचा (ईमेल, वेब सर्वर, ई-व्यापार इत्यादि), नियर लाइन भंडारण। उद्यम एचडीडी सामन्यत: 24 घंटे सातो दिन बिना किसी परेशानी के उच्च प्रदर्शन करते हुए चलते रहते हैं। यहाँ अत्यधिक भंडारण क्षमता पाना लक्ष्य नहीं होता है इसलिए मूल्य की तुलना में क्षमता काफी काम होती है। क्योकि अन्य के मुकाबले यह धीमी गति से घूमते हैं तो इसमें बिजली की खपत कम होती है।
उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक हार्ड डिस्क
ये वो एचडीडी होते है जो वीडियो रिकॉर्डर, या फोर वीलर, कार आदि में लगे होते हैं। चूंकि ये अधिकतर हिलते रहने वाले उपकरणों में लगे होते हैं इसलिए इन्हे आघात प्रतिरोधी बनाया जाता है।


हार्ड डिस्क के इतिहास के कुछ महत्वपूर्ण तारीखें 
1973- हार्ड डिस्क लांच करने वाली कपनी आईबीएम द्वारा विनचेस्टर का लांच। विनचेस्टर एक नए किस्म की ऐसी हार्ड डिस्क ड्राइव थी जो बिजली चले जाने के बावजूद भी प्लेटर से पूरी तरह से अलग नहीं होती थी। जैसे ही डिस्क घूमना बंद करता था, यह उस ही जगह पर रुक जाता था। फिर से शुरू होने पर डिस्क हेड वही से शुरुआत करता था।

1980- यह वह समय था जिसके बाद से हार्ड डिस्क के भाव इतने कम हो गए कि सबसे सस्ते कम्प्यूटर्स में भी इनका इस्तेमाल किये जाने लगा।1980 के दसक के शुरुआत में हार्ड डिस्क ड्राइव बहुत मेहेंगे हुआ करते थे।

1983- आईबीएम द्वारा आई०बी०ऍम० पीसी/एक्स टी  लॉन्च किया था जिसमें एक 10 मेगाबाइट का अंदरूनी एचडीडी था और इसके बाद से ही व्यक्तिगत कम्प्यूटर्स में अंदरूनी एचडीडी नियमित तौर से इस्तेमाल होने लगे ।

2011- थाईलैंड में आयी  बाढ़ ने कई डेटा भंडारण यन्त्र उत्पादक सयंत्रों को नुकसान पहुंचाया था जिससे 2012-2013 के बीच डेटा भंडारण यन्त्र के कीमतों में इज़ाफ़ा हुआ था।


प्रभात खबर में 15/07/15 को प्रकाशित
 

पसंद आया हो तो