Monday, August 10, 2015

स्थानीय भाषा में इंटरनेट

इंटरनेट शुरुवात में किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह एक ऐसा आविष्कार बनेगा जिससे मानव सभ्यता का चेहरा हमेशा के लिए बदल जाएगा | आग और पहिया के बाद इंटरनेट ही वह क्रांतिकारी कारक जिससे मानव सभ्यता के विकास को चमत्कारिक गति मिली|इंटरनेट के विस्तार के साथ ही इसका व्यवसायिक पक्ष भी विकसित होना शुरू हो गया|प्रारंभ में इसका विस्तार विकसित देशों के पक्ष में ज्यादा पर जैसे जैसे तकनीक विकास होता गया इंटरनेट ने विकासशील देशों की और रुख करना शुरू किया और नयी नयी सेवाएँ इससे जुडती चली गयीं  |
इंटरनेट एंड मोबाईल एसोसिएशन ऑफ़ इण्डिया की नयी रिपोर्ट के मुताबिक क्षेत्रीय भाषाओँ के प्रयोगकर्ता सैंतालीस प्रतिशत की दर से बढ़ रहे हैं जिनकी संख्या संख्या साल 2015 के अंत तक 127 मिलीयन हो जाने  की उम्मीद है | भारत सही मायने में कन्वर्जेंस की अवधारणा को साकार होते हुए देख रहा है, जिसका असर तकनीक के हर क्षेत्र में दिख रहा है। इंटरनेट मुख्यता कंप्यूटर आधारित तकनीक रही है पर स्मार्ट फोन के आगमन के साथ ही यह धारणा तेजी से ख़त्म होने लग गयी और जिस तेजी से मोबाईल पर इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ रहा है वह साफ़ इशारा कर रहा है की भविष्य में इंटरनेट आधारित सेवाएँ कंप्यूटर नहीं बल्कि मोबाईल को ध्यान में रखकर उपलब्ध कराई जायेंगी|
भारत की विशाल जनसंख्या इस परिवर्तन के मूल में है। इंटरनेट पर अंग्रेजी भाषा का आधिपत्य खत्म होने की शुरुआत हो गई है। गूगल ने हिंदी वेब डॉट कॉम से एक ऐसी सेवा शुरू की है, जो इंटरनेट पर हिंदी में उपलब्ध समस्त सामग्री को एक जगह ले आएगी। इसमें हिंदी वॉयस सर्च जैसी सुविधा भी शामिल है। गूगल का यह प्रयास ज्यादा से ज्यादा लोगों को इंटरनेट से जोड़ने की दिशा में उठाया कदम है। इस प्रयास को गूगल ने इंडियन लैंग्वेज इंटरनेट एलाइंस (आईएलआईए) कहा है। इसका लक्ष्य 2017 तक 30 करोड़ ऐसे नए लोगों को इंटरनेट से जोड़ना है, जो इसका इस्तेमाल पहली बार स्मार्टफोन या अन्य किसी मोबाइल फोन से करेंगे।
गूगल के आंकड़ों के मुताबिक, अभी देश में अंग्रेजी भाषा समझने वालों की संख्या 19.8 करोड़ है, और इसमें से ज्यादातर लोग इंटरनेट से जुड़े हुए हैं। तथ्य यह भी है कि भारत में इंटरनेट बाजार का विस्तार इसलिए ठहर-सा गया है, क्योंकि सामग्रियां अंग्रेजी में हैं। आंकड़े बताते हैं कि इंटरनेट पर 55.8 प्रतिशत सामग्री अंग्रेजी में है, जबकि दुनिया की पांच प्रतिशत से कम आबादी अंग्रेजी का इस्तेमाल अपनी प्रथम भाषा के रूप में करती है, और दुनिया के मात्र 21 प्रतिशत लोग ही अंग्रेजी की समझ रखते हैं। इसके बरक्स अरबी या हिंदी जैसी भाषाओं में, जो दुनिया में बड़े पैमाने पर बोली जाती हैं, इंटरनेट सामग्री क्रमशः 0.8 और 0.1 प्रतिशत ही उपलब्ध है। बीते कुछ वर्षों में इंटरनेट और विभिन्न सोशल नेटवर्किंग साइट्स जिस तरह लोगों की अभिव्यक्ति, आशाओं और अपेक्षाओं का माध्यम बनकर उभरी हैं, वह उल्लेखनीय जरूर है, मगर भारत की भाषाओं में जैसी विविधता है, वह इंटरनेट में नहीं दिखती।आज 400 मिलियन भारतीय अंग्रेजी भाषा की बजाय हिंदी भाषा की ज्यादा समझ रखते हैं लिहाजा भारत में इंटरनेट को तभी गति दी जा सकती है, जब इसकी अधिकतर सामग्री हिंदी समेत अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में हो।आज जानकारी का उत्तम स्रोत कहे जाने वाले प्रोजेक्ट विकीपिडिया पर तकरीबन पेज 22000 हिंदी भाषा में हैं ताकि भारतीय यूजर्स इसका उपयोग कर सकें। भारत में लोगों को इंटरनेट पर लाने का सबसे अच्छा तरीका है उनकी पसंद का कंटेंट बनाना यानि कि भारतीय भाषाओं को लाना|वैश्विक परामर्श संस्था मैकेंजी का एक नया अध्ययन बताता है कि 2015 तक भारत के जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) में इंटरनेट 100 अरब डॉलर का योगदान देगा, जो 2011 के 30 अरब डॉलर के योगदान के तीन गुने से भी ज्यादा होगा। अध्ययन यह भी बताता है कि अगले तीन साल में भारत दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा इंटरनेट उपभोक्ताओं को जोड़ेगा। इसमें देश के ग्रामीण इलाकों की बड़ी भूमिका होगी। मगर इंटरनेट उपभोक्ताओं की यह रफ्तार तभी बरकरार रहेगी, जब इंटरनेट सर्च और सुगम बनेगा। यानी हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं को इंटरनेट पर बढ़ावा देना होगा, तभी गैर अंग्रेजी भाषी लोग इंटरनेट से ज्यादा जुड़ेंगे।गूगल पिछले 14 सालों से‘सर्च’(खोज ) पर काम कर रहा है। यह सर्च भविष्य में सबसे ज्यादा मोबाइल के माध्यम से किया जाएगा। विश्व भर में लोग अब ज्यादातर मोबाइल के माध्यम से इंटरनेट चला रहे हैं। बढते स्मार्ट फोन के प्रयोग ने सर्च को और ज्यादा स्थानीयकृत किया है वास्तव में खोज ग्लोबल से लोकल हो रही है जिसका आधार भारत में तेजी से बढते मोबाईल इंटरनेट प्रयोगकर्ता हैं जो अपनी खोज में स्थानीय चीजों को ज्यादा महत्त्व दे रहे हैं|
ये रुझान दर्शाते हैं कि भारत नेट युग की अगली पीढ़ी में प्रवेश करने वाला है जहाँ सर्च इंजन भारत की स्थानीयता को ध्यान में रखकर खोज प्रोग्राम विकसित करेंगे और गूगल ने स्पीच रेकग्नीशन टेक्नीक पर आधारित वायस सर्च की शुरुवात की है जो भारत में सर्च के पूरे परिद्रश्य को बदल देगी|स्पीच रेकग्नीशन टेक्नीक लोगों को इंटरनेट के इस्तेमाल के लिए किसी भाषा को जानने की अनिवार्यता खत्म कर देगी वहीं बढते स्मार्ट फोन हर हाथ में इंटरनेट पहले ही पहुंचा रहे हैं |आंकड़ों की द्रष्टि में ये बातें बहुत जल्दी ही हकीकत बनने वाली हैं |वैश्विक  परामर्श संस्था मैकिन्सी कम्पनी का एक नया अध्ययन बताता है कि इंटरनेट  साल 2015 तक  भारत की जी डी पी (सकल घरेलू उत्पाद )में १०० बिलियन डॉलर का योगदान देगा जो कि वर्ष2011 के 30 बिलियन डॉलर के योगदान से तीन गुने से भी ज्यादा होगा अध्ययन यह भी बताता है कि अगले तीन साल में भारत दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा इंटरनेट उपभोक्ताओं को जोड़ेगा और देश की कुल जनसंख्या का 28 प्रतिशत इंटरनेट से जुड़ा होगा जो चीन के बाद दूसरा सबसे बड़ा जनसँख्या समूह होगा |इसलिए इंटरनेट सिर्फ अंग्रेजी भाषा जानने वालों का माध्यम नहीं रह गया है |
ऑनलाइन खरीददारी का दायरा बढेगा
फॉरेस्टर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 3.5 करोड़ लोग ऑनलाइन खरीदारी करते हैं, जिनकी संख्या 2018 तक 12.80 करोड़ हो जाने की उम्मीद है। इंटरनेट प्रयोगकर्ताओं के मामले में भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर है, पर यहां ई-कॉमर्स का भविष्य मोबाइल के हाथों में है। मार्केट रिसर्च संस्था आईडीसी के मुताबिक, भारत में स्मार्टफोन का बाजार 40 प्रतिशत की गति से बढ़ रहा है। मोबाइल सिर्फ बातें करने, तस्वीरों व संदेशों का माध्यम भर नहीं रह गए हैं। अब स्मार्टफोन में चैटिंग ऐप के अलावा, ई-शॉपिंग के अनेक ऐप लोगों की जरूरत का हिस्सा बन चुके हैं। इंटरनेट ऐंड मोबाइल एसोशिएशन ऑफ इंडिया व केपीएमजी की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का ई-कॉमर्स का बाजार 9.5 बिलियन डॉलर का है, जिसके इस साल के अंत तक 12.6 बिलियन डॉलर हो जाने की उम्मीद है और 2020 तक यह देश की जीडीपी में चार प्रतिशत का योगदान देगा। अभी ओनलाईन खरीददारी के लिए अंगरेजी भाषा पर निर्भरता ज्यादा है कुछ साईटों को छोड़कर अभी सभी बड़े ऑनलाइन स्टोर्स अंग्रेजी पर निर्भर हैं  पर जैसे जैसे क्षेत्रीय भाषाओँ में खरीददारी का दायरा बढेगा ये कारोबार और गति पकड़ेगा |
 क्षेत्रीय भाषाओँ का है बड़ा बाजार             
 हिंदी को शामिल करते हुए इस समय इंटरनेट की दुनिया बंगाली ,तमिल, कन्नड़ ,मराठी ,उड़िया , गुजराती ,मलयालम ,पंजाबी, संस्कृत,  उर्दू  और तेलुगु जैसी भारतीय भाषाओं में काम करने की सुविधा देती है आज से दस वर्ष पूर्व ऐसा सोचना भी गलत माना जा सकता था पर इस अन्वेषण के पीछे भारतीय इंटरनेट उपभोक्ताओं के बड़े आकार का दबाव काम कर रहा था भारत जैसे देश में यह बड़ा अवसर है जहाँ मोबाईल इंटरनेट प्रयोगकर्ताओं की संख्या विश्व में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है । इंटरनेट  हमारी जिंदगी को सरल बनाता है और ऐसा करने में गूगल का बहुत बड़ा योगदान है। आज एक किसान भी सभी नवीनतम तकनीकों को अपना रहे हैं, और उन्हें सीख भी  रहे हैं, लेकिन इन तकनीकों को उनके लिए अनुकूलित बनाना जरूरी है जिसमें भाषा का व कंटेंट का बहुत अहम मुद्दा है।इसलिए भारत में हिन्दी और भारतीय भाषाओं  में इंटरनेट के विस्तार पर बल दिया जा रहा है |
किसानों को होगा फायदा
इंटरनेट एंड मोबाईल एसोसिएशन ऑफ़ इण्डिया की नयी रिपोर्ट इसी तथ्य की पुष्टि करती है कि ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट का विस्तार बढ़ रहा है |हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं के विस्तार का दायरा अभी भले ही इंटरनेट खोज और वॉयस सर्च तक सिमटा है, मगर उम्मीद यही है कि इस प्रयोग का असर जीवन के हर क्षेत्र में पड़ेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले किसानों को मिलेगा, क्योंकि इंटरनेट पर हिंदी या अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में खेती से संबंधित बहुत ज्यादा सामग्री उपलब्ध नहीं है, और उनका अंग्रेजी ज्ञान सीमित है।हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओँ में में इंटरनेट का प्रसार बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्र के किसान सबसे ज्यादा लाभान्वित होंगे।
स्मार्ट फोन पर भारतीय बिताते हैं सबसे ज्यादा समय इंटरनेट का बहुआयामी इस्तेमाल हो रहा है और भाषाई आधार पर भारतीय भाषाई कंटेंट की मांग सिर्फ पाठ्य सामग्री ही नहीं औडियो एयर वीडिओ में भी बढ़ रही है |आंकड़े भी इस तथ्य की पुष्टि करते हैं |टेलीकॉम कंपनी एरिक्सन ने अपने एक शोध के नतीजे प्रकाशित किए हैं, जो काफी दिलचस्प हैं। इससे पता चलता है कि स्मार्टफोन पर समय बिताने में भारतीय पूरी दुनिया में सबसे आगे हैं। एक औसत भारतीय स्मार्टफोन प्रयोगकर्ता रोजाना तीन घंटा 18 मिनट इसका इस्तेमाल करता है। इस समय का एक तिहाई हिस्सा विभिन्न तरह के एप के इस्तेमाल में बीतता है। एप इस्तेमाल में बिताया जाने वाला समय पिछले दो साल की तुलना में 63 फीसदी बढ़ा है। स्मार्टफोन का प्रयोग सिर्फ चैटिंग एप या सोशल नेटवर्किंग के इस्तेमाल तक सीमित नहीं है, लोग ऑनलाइन शॉपिंग से लेकर तरह-तरह के व्यावसायिक कार्यों को स्मार्टफोन से निपटा रहे हैं।मोबाइल का बढ़ता इस्तेमाल भारतीय परिस्थितियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक है। बिजली की समस्या से जूझते देश में मोबाइल टीवी के मुकाबले कम बिजली खर्च करता है। यह एक निजी माध्यम है, जबकि टीवी और मनोरंजन के अन्य माध्यम इसके मुकाबले कम व्यक्तिगत हैं। दूसरे आप इनका लुत्फ अपनी जरूरत के हिसाब से जब चाहे उठा सकते हैं, यह सुविधा टेलीविजन के परंपरागत रूप में इस तरह से उपलब्ध नहीं है। सस्ते होते स्मार्टफोन, बड़े होते स्क्रीन के आकार, निरंतर बढ़ती इंटरनेट स्पीड और घटती मोबाइल इंटरनेट दरें इस बात की तरफ इशारा कर रही हैं कि आने वाले वक्त में स्मार्टफोन ही मनोरंजन और सूचना का बड़ा साधन बन जाएगा। भारतीयों का इतना समय इंटरनेट पर बिताना इंटरनेट कंटेंट प्रोवाईडर को मजबूर कर रहा है कि वे भारतीय भाषाओँ में कंटेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करें |
विज्ञापन बाजार में आएगा बड़ा बदलाव
निकट भविष्य में रेडियो, टीवी और समाचार-पत्रों की विज्ञापनों से होने वाली आय में कमी होगी, क्योंकि ये माध्यम एकतरफा हैं। मोबाइल के मुकाबले इन माध्यमों पर विज्ञापनों का रिटर्न ऑफ इन्वेस्टमेंट (आरओआई) कम है। मोबाइल आपको जानता है, उसे पता है कि आप क्या देखना चाहते हैं और क्या नहीं देखना चाहते हैं। मोबाइल फोन के इस्तेमाल से जुड़ा एक दिलचस्प आंकड़ा यह भी है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल उपभोक्ताओं की संख्या में कोई खास अंतर नहीं है। मोबाइल के जरिये अब बेहद कम खर्च पर देश के निचले तबके तक पहुंचा जा सकता है।मोबाइल मार्केटिंग एसोसिएशन के अनुसार,भारत में वित्तीय वर्ष 2013 में मोबाइल विज्ञापन 60 प्रतिशत की दर से बढ़ा है। वैश्विक परिदृश्य में शोध संस्था ई मार्केटियर के अनुसार, मोबाइल विज्ञापनों से होने वाली आय में 103 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल 2014 की पहली तिमाही में इंटरनेट विज्ञापनों पर व्यय की गई कुल राशि का 25 प्रतिशत मोबाइल विज्ञापनों पर किया गया। इसमें बड़ी भूमिका फ्री मोबाइल ऐप निभा रही हैं, जिनके साथ विज्ञापन भी आते हैं। इस बात ने विज्ञापनदाताओं का भी ध्यान बहुत तेजी से अपनी ओर आकर्षित किया है। इस समय भारत में दिए जाने वाले कुल मोबाइल विज्ञापनों का लगभग 60प्रतिशत टेक्स्ट के रूप में होता है। आधुनिक होते मोबाइल फोन के साथ अब वीडियो और अन्य उन्नत प्रकार के विज्ञापन भी चलन में आने लगे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2015 तक भारत में मोबाइल के माध्यम से इंटरनेट का उपभोग करने वालों की संख्या 16 करोड़ से भी अधिक हो जाएगी।मोबाइल फोन एक अत्यंत ही व्यक्तिगत माध्यम है और इसीलिए इसके माध्यम से इसको उपयोग करने वाले के बारे में सटीक जानकारी एकत्रित की जा सकती है।

प्रभात खबर में 10/08/15 को प्रकाशित 

Tuesday, August 4, 2015

ऑनलाइन शादियाँ ऐतबार का संकट

इंटरनेट ने लोक व लोकाचार के तरीकों को काफी हद तक बदल दिया है। बहुत-सी परंपराएं और बहत सारे रिवाज अब अपना रास्ता बदल रहे हैं। यह प्रक्रिया इतनी तेज है कि नया बहुत जल्दी पुराना हो जा रहा है। विवाह तय करने जैसी सामाजिक प्रक्रिया पहले परिवार और यहां तक कि खानदान के बड़े-बुजुर्गों, मित्रों, रिश्तेदारों वगैरह को शामिल करते हुए आगे बढ़ती थी, अब उसमें भी ‘ई’ लग गया है। अब लोग मैट्रीमोनी वेबसाइट की सहायता से जोड़ियां ही नहीं बना रहे, शादियां भी रचा रहे हैं। देश की ऑनलाइन मैट्रीमोनी का कारोबार अगले तीन साल में 1,500 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। इंटरनेट ऐंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार, वैवाहिक वेबसाइटों पर साल 2013 में 8.5 लाख प्रोफाइल अपलोड की गई, जिनकी संख्या साल 2014 में बढ़कर 19.6 लाख हो गई। यानी एक साल में 130 फीसदी का इजाफा।
सामाजिक रूप से देखें, तो जहां पहले शादी के केंद्र में लड़का और लड़की का परिवार रहा करता था, अब वह धुरी खिसककर लड़के व लड़की की इच्छा पर केंद्रित होती दिखती है। यह अच्छा भी है, क्योंकि शादी जिन लोगों को करनी है, उनकी सहमति परिवार में एक तरह के प्रजातांत्रिक आधार का निर्माण करती है, न कि उस पुरातन परंपरा के आधार पर, जहां माता-पिता की इच्छा ही सब कुछ होती थी। वर या वधू तलाशने के लिए दूर-दराज की जगहों की खाक छाननी पड़ती थी, जिसमें समय व पैसे की खासा बर्बादी होती थी और मानसिक तनाव अलग होता था। यही काम अब मैट्रीमोनिअल साइट व ऑनलाइन डेटिंग साइट कर रही हैं और वह भी बगैर किसी बिचौलिये के। वैसे यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि इससे पारदर्शिता आई है। इन वेबसाइटों पर आप सुविधाजनक रूप से प्रोफाइल सेट कर सकते हैं। अपनी तस्वीर डाल सकते हैं तथा अपनी पसंद से उन प्रोफाइल को चेक करके कदम बढ़ा सकते हैं। कई वेबसाइटों में चैटिंग की सुविधा है, जिसमें ऑनलाइन चैटिंग कर लड़का या लड़की एक-दूसरे को समझ सकते हैं।
लेकिन कुछ और तथ्यों पर गौर किया जाना भी जरूरी है। इन साइटों से हुई शादियों में धोखाधड़ी के कई मामले भी सामने आए हैं। दी गई जानकारी कितनी सही है, इसे जांचने का कोई तरीका ये साइट उपलब्ध नहीं करातीं। उनकी जिम्मेदारी लड़का-लड़की को मिलाने तक सीमित रहती है। हालांकि, झूठ बोलकर शादी कर लेने में नया कुछ नहीं, पर इंटरनेट के जरिये हुई शादियों के पीछे कोई सामजिक दबाव नहीं काम करता और गड़बड़ी की स्थिति में आप किसी मध्यस्थ को दोष देने की स्थिति में भी नहीं होते। और न कोई ऐसा होता है, जो बिगड़ी बात को पटरी पर लाने में मदद करे। हमारे पास ऐसे आंकड़े भी तो नहीं, जिनसे कहा जा सके कि धोखाधड़ी की घटनाएं पारंपरिक शादियों में ज्यादा होती थीं, या ऑनलाइन व्यवस्था में ज्यादा हो रही हैं। 
हिंदुस्तान में 04/08/15 को प्रकशित 

Saturday, August 1, 2015

ऐसे कैसे होगा बाल श्रम उन्मूलन


बाल श्रम की अवधारणा को सामान्य अर्थ में यूँ समझा जा सकता है जब कोई श्रम स्वतंत्रता के साथ खेलने,सीखने, पढ़ने  और विश्राम  के अवसर छीन ले, तब वह बचपन के खिलाफ हो जाता है। बाल श्रम (निषेध तथा विनियमन) अधिनियम 1986 के अनुसार कोई व्यक्ति जिसने चौदह वर्ष की आयु पूरी नहीं की है उसे बच्चे के रूप में परिभाषित करता है लेकिन बाल श्रम निवारण अधिनियम में  सरकार द्वारा प्रस्तावित संशोधन अगर लागू हो गया तो देश में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर किये गए पिछले कई सालों  की मेहनत के बर्बाद हो जाने की आशंका है  और लाखों बाल मज़दूरों को पुनः शोषण और उत्पीडन के   दलदल में जाना होगा | यह संशोधन १४ वर्ष से कम उम्र के बच्चों को घरेलु उद्योगों में काम करने की छूट दे देगा| इन घरेलु उद्योगों में कालीन बनाने के कारखाने, बीड़ी बनाने के कारखाने, नगों को तराशने वाले उपक्रम,ताला बनाने वाले कारखाने और माचिस की डिब्बी आदि बनाने वाले छोटे कारखाने शामिल हैं| यह नए नियम मनोरंजन उद्योग जैसे बॉलीवुड और खेलों पर भी लागू होंगे| भारत के श्रम एवं रोज़गार मंत्री श्री दत्तात्रेय ने अप्रैल की शुरुआत में इस संशोधन के बाबत बताया था| श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय के अनुसार इस संशोधन के बाद बाल श्रम अधिनियम घरेलु उद्योग धंधों पर नहीं लागु होगा| इस नए संशोधन के बाद खेती और पशुपालन के काम में बच्चों को लगाया जा सकेगा| मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार इस संशोधन का उद्देश्य बच्चों में उद्यमिता की भावना का विकास करना है| मंत्रालय का यह मानना है कि यह संशोधन ख़ासकर के उन परिवारों के लिए फायदेमंदहोगा जो गरीबी में गुजर बसर करने को मजबूर हैं| उल्लेखनीय है कि यह नया संशोधन शिक्षा के अधिकार की मूल भावना के बिलकुल विपरीत है| शिक्षा के अधिकार क़ानून के अनुसार १४ वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को मुफ्त शिक्षा का  अधिकार दिया गया  है| संशोधित बाल श्रम क़ानून के लागू  होने के पश्चात शिक्षा के अधिकार कानून पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा| वर्ष २००१ में देश  में बाल मज़दूरों की संख्या १ करोड़ २६ लाख थी जो शिक्षा के अधिकार कानून 2009 के लागू  होने के बाद  वर्ष २०१४ तक घटकर सिर्फ ४३ लाख रह गयी|इससे इस तथ्य को बल मिलता है कि शिक्षा का अधिकार कानून जमीनी स्तर पर कुछ बदलाव ला पाने में सक्षम हुआ है पर यह  प्रस्तावित संशोधन नोबल पुरुस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी और स्वामी अग्निवेश  जैसे समाजसेवियों की वर्षो की मेहनत पर पानी फेर देगा जो वर्षों से बाल श्रम के मुद्दे पर काम कर रहे है  और इस तथ्य को नाकारा नहीं जा सकता कि देश में बाल मज़दूरों की संख्या फिर से बढ़ने लगेगी।   इस कानून के आने सेबिहार, झारखण्ड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे पिछड़े राज्यों के बच्चे स्कूल से निकालकर घरेलु उद्योगों के नाम पर चल रही फैक्ट्रीयों  में झोंक दिए जाएंगे| इस क़ानून के आधार पर लड़िकयों को स्कूल न भेजकर घरेलु काम-काज में लगा दिया जाएगा| इस नए संशोधन से सबसे ज्यादानुकसान  दलित, मुस्लिम एवं अन्य पिछड़े तबकों से आने वाले बच्चों को होगा| अंततः यह कानून फैक्ट्री मालिकों के लिए ही फायदेमंद साबित होगा क्योंकि बच्चों को काम पैसे देकर ज्यादा देर तक काम करवाया जा सकता है और वे इस शोषण के खिलाफ आवाज़ भी नहीं उठा सकते हैं| यह संशोधन असंवैधानिक भी है क्योंकि यह सीधे-सीधे संसद की उपसमिति के उस सिफारिश के विरुद्ध भी है जिसमें बच्चों को घरेलु कामों में भी लगाना निषिद्ध किया गया है| यह संशोधन देश में निरक्षरता को बढ़ावा देगा और प्रधानमन्त्री  के कौशल विकास के सपने के भी खिलाफ होगा| बाल श्रम कानून होने के बावजूद भी हम गली मोह्हले की दुकानों और छोटी मोटी फैक्ट्रीयों में बच्चों को काम करते देख सकते हैं| इस संशोधनके आने से बच्चों को काम में लगाने वालों को खुली छूट मिल जाएगी क्योंकि इस बात का निर्णय करना कि कौन से काम घरेलु उद्योगों के अंतर्गत आएंगे और कौन से नहीं लगभग असंभव होगा|अतः बाल श्रम को रोकना लगभग असंभव हो जाएगा| श्रम मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष २००४ से लेकर वर्ष २०१४ के मध्य बाल श्रमकानून के अंतर्गत लगभग सिर्फ ११६८ लोगों को सजा अथवा जुर्माना हुआ| जिस देश में लाखों बाल मज़दूर हैं वहां पर इतने कम लोगों को सजा मिलना अपने आप में चिंता का विषय है| इस नए संशोधन के लागु होने के बाद इस संख्या के नगण्य हो जाने की आशंका है| कुल मिलकर इस नएसंशोधन के अस्तित्व में आ जाने से हमारे देश में बाल मज़दूरों की स्थिति और दयनीय हो जाएगी और जिन बच्चों के बल पर हम भविष्य कीमहाशक्ति बनने का सपना देख रहे हैं उनका खुद का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा|विकास के लिए प्रतिबद्ध सरकार का इस दिशा में आगे बढ़ना इस ओर इशारा करता है निवेश और बाज़ार के लिए अनुकूल वातावरण बनाते-बनाते कहीं बाल श्रम एक स्वीकार्य व्यवस्था न बन जाए!
अमर उजाला कॉम्पेक्ट में 01/08/15 को प्रकाशित 

Thursday, July 30, 2015

भीड़ प्रबंधन का नया औजार

लगभग हर क्षेत्र में अपनी धाक बना चुके स्मार्टफोन ने वीडियो कॉल से लेकर ऑनलाइन ख़रीददारी, मोबाइल बैंकिंग, चिकित्सा आदि क्षेत्रों के बाद अब आस्था के क्षेत्र में भी अपनी जगह बना ली है| वैसे भी स्मार्टफोन के मामले में भारत एक बड़ा और बढ़ता हुआ बाज़ार है| हर हाथ स्मार्टफोन वाली कहावत यहाँ सिद्ध होती प्रतीत हो रही है| ऐसे में अब धार्मिक आयोजन के लिए स्मार्टफोन का उपयोग एक नए तरीके की तकनीकी सफ़लता के कीर्तिमान गढ़ रहा है| ‘सर्वधर्म समभाव’ के देश भारत में धार्मिक आयोजन होना नयी बात नहीं है| लेकिन समस्या तब उत्पन्न होती है जब ऐसे आयोजनों में भीड़ अधिक हो जाती है और भगदड़ का कारण बनती है| ऐसे में आस्था के इन आयोजनों में श्रद्धालुओं को अपनी जान भी गंवानी पड जाती है| इन आयोजनों में आने वाली भीड़ का प्रबंधन हमेशा से ही सरकार के बाशिंदों के लिए एक मुश्किल भरा काम रहा है| देश में जब जब कोई बड़ा धार्मिक आयोजन होता है तो तब तब एक चुनौती उस राज्य की सरकार एवं सरकारी अधिकारियों के सामने होती है| भारत विश्व पटल पर धार्मिक आस्था की बहुलता वाले क्षेत्र के रूप में भी जाना जाता है तो विदेशी पर्यटक भी इन आयोजनों की तरफ आकर्षित होते हैं और सम्मिलित होने के लिए यहाँ आते हैं| यूँ तो हर शहर में आस्था से जुड़े आयोजन गाहे बगाहे होते रहते हैं लेकिन वृहद स्तर पर होने वाले आयोजनों में कुम्भ का नाम सबसे पहले आता है| कुम्भ , आस्था का सागर है जिसमे डुबकी लगाने लाखों-करोड़ों श्रद्धालु एक ही जगह पर इकट्ठा होते हैं| ये बारह साल साल में एक बार होने वाला आयोजन है| ऐसे में भीड़ को सम्हालने में पसीने छूट जाना लाज़मी है| 2013 में इलाहाबाद में 55 दिन तक चले महाकुम्भ में लगभग 100 करोड़ लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज़ करायी थी और उस कुम्भ के सबसे पवित्र दिन 10 फरवरी को लगभग 30 करोड़ लोगों ने एक साथ संगम में डुबकी लगायी थी| ज़ाहिर है कि इतने लोगों को सम्हालने के लिए कार्यकर्ताओं की एक बड़ी फौज चाहिए होती है| वर्तमान में नासिक इस कुम्भ आयोजन का साक्षी बन रहा है लेकिन ये कुम्भ दूसरे धार्मिक आयोजनों और इससे पहले आयोजित हुए कुम्भ आयोजनों से अलग है| इस कुम्भ की सबसे खास बात है इसका भीड़ प्रबंधन का तरीका| कुम्भ में अक्सर भीड़ में, रास्तों से जुडी, और स्नान की तारीखों और समय से जुडी समस्याओं के लिए उसी भीड़ में से गुज़र कर राज्य सरकार और कुम्भ उच्चाधिकारियों द्वारा निर्धारित स्थानों पर पहुंचना होता है| ये एक तरह से भीड़ के अनियंत्रण का कारण भी बनता है और चूँकि कुम्भ में उपस्थित लगभग हर इन्सान विशेष मुहूर्त पर ही पुण्य अर्जित करने के लिए स्नान का लाभ लेना चाहता है ऐसे में भीड़ को सूचना देना बेहद मुश्किल हालत बना देता है| लेकिन वर्तमान समय में नासिक में हो रहे कुम्भ के आयोजन में ये मुश्किल थोड़ी सी आसान होती दिखती है| इस बार केवल कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि स्मार्टफोन इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं| विदेशों से आये पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जानकारी देने का जरिया बना है स्मार्टफ़ोन और कुम्भ मेले के लिए विशेष रूप से बनाये गए एप्प्स| ये एप्स लोगों को कुम्भ के धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व, शाही स्नान की तारीख, आने जाने वाले रास्ते, चिकित्सा सुविधा, डॉक्टर, दवा की उपलब्धता आदि से जुडी जानकारियां दे रहे हैं| स्मार्टफोन प्रयोग करने वालों के लिए ये एक वरदान जैसा है क्यूंकि एप्स की मदद से कम समय में और बिना भीड़ बढ़ाये सूचनाएँ दी जा सकेंगी जिससे लोग अपनी सहूलियत के अनुसार स्नान और कुम्भ में बाकी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे| टेक्नोलॉजी के भरपूर प्रयोग के कारण इसे “कुम्भाथौन” का नाम दिया गया है| इस “कुम्भाथौन” को सफल बनाने के लिए देश और दुनियां भर के एप डेवलपर, छात्र, वैज्ञानिक 6 दिन के इस कुम्भ मेले में इकट्ठा हुए हैं| मेसाचुसेट्स इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, बोस्टन से आई टीम के साथ सम्बद्ध होकर इन एप्स का विकास किया गया है| ऐसी लगभग पांच एप्स विकसित की गयी हैं और इन एप्स के प्रयोग को बढ़ावा देने किये कुम्भ नासिक प्रयाग कैंप में मुफ्त में वाई-फाई की सुविधा भी प्रदान की जा रही है यानि कि अगर किसी कारणवश आप अपने मोबाइल के डाटा पैक का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं तब भी आपको इन एप्स के प्रयोग से वंचित नहीं होना पड़ेगा| स्मार्टफोन के आने के साथ ही इन एप्स को बढ़ावा मिला| आजकल रोज़मर्रा के भी हर एक काम के लिए एक एप मौजूद है| ऐसे में तकनीक और आस्था का ये मेल बेजोड़ है| तकनीक के द्वारा आस्था के इस पवित्र स्नान को संबल देने की कोशिश की गयी है| यह अपनी तरह का पहला प्रयोग है| इसी तरह कुम्भ के अलावा होने वाले दूसरे धार्मिक आयोजनों को भी एप्स और स्मार्टफोन से जोड़कर भीड़ प्रबंधन और भगदड़ जैसी समस्याओं से कुछ हद तक निजात पाई जा सकती है|

पांच वो एप जिन्होंने बनाया नासिक कुम्भ को एक सुहावना अनुभव
·         नासिक त्र्यम्बक कुम्भ
नेबुला स्टूडियोज द्वारा विकसित यह एप सरकार का कुम्भ मेला के लिए अधिकारिक एप है |यह न केवल सारी अध्यात्मिक सूचनाएं देता है बल्कि व्यवहारिक सूचनाएं भी उपलब्ध कराता है जैसे किन रास्तों से प्रवेश होना है,घाट कहाँ –कहाँ स्थित हैं ,गाड़ियों को कहाँ खड़ा करना है |इसके अतिरिक्त यह एप यह भी बताता है कि आप को परिवहन के साधन कहाँ से मिलेंगे और पास में कहाँ ए टी एम् मशीन है |
·         मेडी ट्रैकर
मेडी ट्रैकर कम्पनी द्वारा बनाया गया यह एप अमेरिका की 911 सेवा की तर्ज पर काम करता है |यह एप आपातकालीन परिस्थितयों में न केवल अस्पतालों और मेडिकल स्टोर के बारे में दिशा देता है बल्कि इसमें शामिल एलर्ट बटन आपतकालीन परिस्थितयों में मेडिकल ऑफिसर को सन्देश भी देता है |
·         नासिक कुम्भ मेला गाईड 2015
माईंट्रैक सोफ्टवेयर द्वारा विकसित यह एप कुम्भ मेला के प्रतिदिन के शेड्यूल को बताता है मतलब मेले में किसी खास दिन क्या –क्या होना है |यह तिथि के हिसाब से शाही स्नान और अन्य प्रमुख दिनों के बारे में लोगों को जानकारी देता है |कोई भी व्यक्ति अपनी सुविधा के हिसाब से अपने लिए महतवपूर्ण दिनों को चुन सकता है और उन पर अलार्म लगा सकता है |इस एप के माध्यम से प्रयोगकर्ता आपातकालीन नम्बरों का प्रयोग कर सकते हैं और खोये हुए व्यक्तियों के बारे में जानकारी भेज सकते हैं |इसके अलावा आप इस एप के माध्यम से रिपोर्ट भी दर्ज करा सकते हैं |
·         महाकुम्भ नासिक 2015
इम्पल्स टेक्नोलोजी द्वारा विकसित यह एप हिंदी मराठी और अंग्रजी भाषाओं में सूचना उपलब्ध कराता है |भारत जैसे बहुभाषी देश में यह एप बड़े कमाल का है |यह न केवल वायु ,रेल और सड़क परिवहन के बारे में सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराता है बल्कि यह शहर के ऑन लाइन और ऑफ लाइन मानचित्र भी उपलब्ध कराता है |नासिक शहर की सारी जानकारी इस एप में समाहित है |यह एप कुम्भ के सारे कर्मकांडों के बारे में भी सूचनाएं उपलब्ध कराता है |
·         इपिमैट्रिक्स
यह एक विशेषीकृत एप है जो सबके काम का नहीं है पर यह एप नासिक कुम्भ में सबसे महत्वपूर्ण एप है |यह एक तरह का आंकड़ा संग्रहण प्लेटफोर्म है विशेषकर डॉक्टर और अन्य  स्वास्थ्य सेवा कर्मियों के लिए|किसी बीमारी को फैलने से बचाने जैसे प्रयासों में यह एप बहुत कारगर है |इसके अलावा स्वास्थ्य की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों की जानकारी यह  स्वास्थ्य सेवा कर्मियों को उपलब्ध कराता है जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को तुरंत उस क्षेत्र विशेश् में पहुंचाया जा सके |
क्या है मोबाईल एप
धीरे-धीरे सारी दुनिया डिजिटल दुनिया में कन्वर्ट होती जा रही है। अब वह वक़्त भी आ गया है जब लोगों पर नियंत्रण पाने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाने लगा है। मोबाइल टेक्नोलॉजी के बढ़ते युग में,मोबाइल हमारे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। एक समय हुआ करता था जब मोबाइल का इस्तेमाल सिर्फ कॉल करने के लिए ही किया जाता था पर अब मोबाइल को प्रयोग में लाने का दायरा बढ़ गया है। अब जिंदगी की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए मोबाइल का ही सहारा लेना पड़ता है।इसका कारण इसमें इस्तेमाल किये जाने वाले एप्स हैं जिन्होंने हमारी जिंदगी को आसान बना दिया है।घर बैठे शॉपिंग,मोबाइल रिचार्ज, बिल जमा करना, जैसे कामों के लिए एप्स मदद करता है।बस एक टच और सारी जानकारियां आप तक पहुँच जाएंगी। मोबाइल एप का मतलब मोबाइल में मौजूद उन एप्लिकेशंस से हैं जो हमारा काम आसान कर देता है। इसके बाद हमें सर्च इंजन का इस्तेमाल नहीं करना पड़ता और हम डाइरेक्ट उस वेबसाइट पर पहुँच सकते हैं जिस पर हम काम करना चाहते हैं। उदाहरण के तौर पर, यदि हमें कुम्भ के मेले से सम्बन्धित जानकारी प्राप्त करनी है  तो पहले हम गूगल पर जाकर यूआरएल में टाइप करके तब पहुचेंगे पर यदि हमने नासिक कुम्भ का कोई  एप डाऊनलोड कर रखा है तो डाइरेक्ट सिर्फ एक टच से हम उस तक पहुँच सकते हैं। यह हमारा काम तो आसान करता ही है साथ ही, समय की बचत भी हो जाती है।हर क्षेत्र  के लोग अपनी  जरूरत के हिसाब से एप का इस्तेमाल करते हैं। बिजनेस करने वाला आदमी अपने जरुरी कॉन्टेक्ट्स मेंटेन करने के लिए एप का यूज करते हैं, स्टूडेंट अपने सब्जेक्ट को लेकर जानकारी प्राप्त करने के लिए एप का इस्तेमाल करते हैं। बिजनेस में प्रॉफिट कमाने के लिए भी मोबाइल एप्स जरूरतमंद साबित हुए हैं।
तकनीक बन रही है कुम्भ प्रबंधन का नया हथियार
कुम्भ जैसे मेले में भीड़ का प्रबंधन करना एक बड़ी चुनौती है पर तकनीक के सार्थक इस्तेमाल से यह काम अब बड़ी आसानी से किया जा रहा है।आइये जानते हैं कि कैसे तकनीक को भीड़ प्रबंधन का नया हथियार बनाया जा रहा है।साथ ही अन्य तकनीकों के जरिये कुम्भ मेले को और बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है।नासिक में कुम्भ मेले के दौरान करीब 348 सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं ताकि हर कोनों पर निगरानी रखी जा सके।कुम्भ के दौरान हजारों की संख्या में विदेशी टूरिस्ट्स, भक्तों का तांता लगता है ऐसे में सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।इसके लिए एप का इस्तेमाल किया जा रहा है, साथ ही जीआईएस की मदद से मैप भी तैयार किये गए हैं जिसमें शिकायतों को आसानी से ट्रैक किया जा सके और लोगों तक मेडिकल फैसिलिटी जल्द से जल्द पहुंचाई जा सके। भीड़ प्रबंधन के अलावा भी कई मुद्दों पर काम किया जा रहा है। नो सेल्फ़ी अभियान भी चलाया गया।यह अभियान सेल्फ़ी के विरोध में जागरूकता के लिए चलाया जाएगा। कई बार ऐसा होता है जब स्टूडेंट्स साधुओं के साथ सेल्फ़ी लेकर सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर अपलोड कर देते हैं जिससे बाकियों का ध्यान भंग हो सकता है, कई बार फोन भी शाही स्नान के दौरान पानी में गिर सकता है।इन सब बातों के सहारे सेल्फ़ी के नुक्सान बताये जा रहे हैं। टेक्नोलॉजी के जरिये लोगों को जोड़ा जा रहा है। टेक्निकल के अलावा मेकैनिकल लेवल पर भी काम किया जा रहा है। इसके तहत बड़े बड़े आयल एक्सट्रैक्टर बनाये जा रहे हैं जिसमें  भक्तों द्वारा चढ़ाये जा रहे तेल को इकनोमिक कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। भीड़ प्रबंधन के लिए बाइक शेयरिंग, कम्युनिटी रेडियो और एटीएम की भी व्यवस्था की जा रही है।
प्रभात खबर में 30/07/15 को प्रकशित लेख 

Friday, July 24, 2015

ऑनलाइन विज्ञापनों में छिपे खतरे

                            नया मीडिया अपना कारोबार व इश्तिहार भी बढ़ा रहा है। इंटरनेट ऐंड मोबाइल एसोसिएशन और आईएमआरबी इंटरनेशनल के एक संयुक्त शोध के अनुसार, मार्च 2015 में भारत में ऑनलाइन विज्ञापन का बाजार 3,575 करोड़ रुपये का हो चुका है, जो 2014 के आंकड़े से करीब 30 प्रतिशत ज्यादा है। ऑनलाइन विज्ञापन की इस बढ़त में भारत में स्मार्ट फोन की बढ़ती संख्या का बड़ा योगदान है। लेकिन विज्ञापनों का यह बढ़ता बाजार अपने साथ समस्याएं भी ला रहा है। भारत जैसे देश में यह समस्या ज्यादा गंभीर इसलिए हो जाती है, क्योंकि यहां इंटरनेट का विस्तार बहुत तेजी से हो रहा है, मगर नेट जागरूकता की खासी कमी है। भारत में इंटरनेट के ज्यादातर प्रयोगकर्ताओं के लिए यह एक नई चीज है और वे कुछ चालाक विज्ञापनदाताओं की चाल का शिकार भी बन जाते हैं।भारत में विज्ञापनों का नियमन करने वाले संगठन भारतीय विज्ञापन मानक परिषद, यानी एएससीआई ने भ्रामक विज्ञापनों के खिलाफ शिकायत करने के लिए बाकायदा एक व्यवस्था बना रखी है। लेकिन इंटरनेट अन्य विज्ञापन माध्यमों जैसा नहीं है। इंटरनेट के विज्ञापनों पर नजर रखना कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण काम है, क्योंकि ऐसा भी हो सकता है कि भ्रामक विज्ञापन का शिकार बनने वाला भारत के किसी शहर में हो, जबकि विज्ञापनदाता सात समंुदर पार किसी दूसरे देश में। प्रिंट माध्यम के लिए तो इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी जैसी संस्था है, जो विज्ञापन एजेंसी को मान्यता देती है और किसी शिकायत पर वह  मान्यता खत्म भी कर सकती है।
                                  इंटरनेट के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है।
दूसरा पहलू डाटा के उपभोग से जुड़ा है। इंटरनेट पर जब भी कोई काम किया जाता है, तो कुछ डाटा खर्च होता है, जिसका शुल्क इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियां वसूलती हैं, पर किसी-किसी  वेबसाइट पर जाते ही उपभोक्ता से बगैर पूछे अचानक कोई वीडियो चलने लगता है, तो काम भी बाधित होता है और उपभोक्ता का कुछ अतिरिक्त डाटा भी खर्च होता है, जिसके पैसे तो उससे वसूल लिए जाते हैं, पर उस विज्ञापन को देखने या सुनाने के लिए उससे अनुमति नहीं ली जाती है। यू-ट्यूब के वीडियो में शुरुआती कुछ सेकंड आपको मजबूरी में देखने पड़ते हैं, जिसमें आपका अतिरिक्त डाटा खर्च होगा। निजता का मामला भी इसी से जुड़ा मुद्दा है। हम क्या करते हैं इंटरनेट पर, क्या खोजते हैं, इन सबकी जानकारी के हिसाब से हमें विज्ञापन दिखाए जाते हैं। अमेरिका की चर्चित संस्था नेटवर्क एडवर्टाइजिंग इनिशिएटिव (एनआईए) ने ऐसे मामलों के लिए भी संहिता बनाकर कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे उपभोक्ताओं को ऐसे विज्ञापनों को न देखने का विकल्प भी उपलब्ध कराएं। निजता की रक्षा के लिए भी यह जरूरी है। भारत में इंटरनेट का बाजार अभी आकार ले रहा है, इसलिए सतर्कता बरतने का यह सबसे सही समय है।
हिन्दुस्तान में 24/07/15 को प्रकाशित 

Tuesday, July 21, 2015

लेह में सिनेमा

लेह (लद्दाख ) भारत का प्रमुख पर्यटक स्थल है |इसकी खूबसूरती को हिन्दी की कई फिल्मों में उतारा गया है वो चाहे “जब तक है जान” हो या “थ्री ईडियट”| पर्यटक जब लेह लद्दाख  घूमने आते हैं  तो फिल्मों की शूटिंग की जगहों पर बड़े चाव से जाते हैं |थ्री ईडियट की शूटिंग यहाँ के ड्रुक व्हाईट लोटस स्कूल में हुई थी जिसे अब रैंचो स्कूल के नाम से पूरे लेह में जाना जाता है|पैन्गोंग झील को पूरे देश में लोकप्रिय बनाने का श्रेय भी थ्री ईडियट फिल्म को ही जाता है इस फिल्म की शूटिंग के बात यहाँ आने वाले पर्यटकों की संख्या में खासी बढ़ोत्तरी हुई है| पर अगर किसी पर्यटक की तरह आपका मन इन फिल्मों को लेह में देखने का मन करे तो आपको निराशा हाथ लगेगी क्योंकि लेह में कोई सिनेमा हाल है ही नहीं|
सिनेमा हाल 
दशकों पहले दर्शकों की कमी के चलते लेह का एकमात्र सिनेमा हाल बंद हो गया था और यहाँ की एक पूरी पीढी सिनेमा हाल में फिल्म  देखे ही बड़ी हो गयी |कश्मीर घाटी में जहाँ सिनेमा हाल बंद होने का कारण राजनैतिक और कट्टरपंथियों का हस्तक्षेप था वहीं लेह लद्दाख में सिनेमा हाल का बंद हो जाना पूरी तरह सामाजिक|यहाँ सिनेमा को हॉल में देखने का चलन नहीं रहा जब जिले का एकमात्र सिनेमा हाल था भी तो वहां नयी फ़िल्में कभी नहीं लगती थीं,उन पुरानी फिल्मों को देखने जाने वालों में ज्यादातर वे बिहारी और नेपाली मजदूर रहा करते थे जो रोजी रोटी की तलाश में यहाँ आया करते हैं|ऐसे में यहाँ फिल्म देखने की कोई संस्कृति विकसित नहीं हो पायी|उदारीकरण के रंग में अब लेह भी रंगने लग गया है और लोगों को मल्टीप्लेक्स सिनेमा हाल की कमी खलती है|जहाँ लेह लद्दाख की खूबसूरती को बड़े देखा जा सके |पर अब स्थिति में थोडा बदलाव आता दिख रहा है |
फिल्म देखते बच्चे 
फिल्मों के शौक़ीन और पूर्व में पत्रकारिता एवं जनसंचार के प्रोफ़ेसर रहे लेह के जिलाधिकारी सौगत बिस्वास ने जब बीती फरवरी में यहाँ का कार्यभार ग्रहण किया तो लेह में कोई सिनेमा हाल न होने से बहुत निराश हुए उन्होंने जब शहर के लोगों से बात की तो पता चला कि यहाँ के लोग सिनेमा हॉल में जाकर फ़िल्में देखने के शौक़ीन नहीं हैं चूँकि कोई बाजार है नहीं इसलिए कोई सिनेमा हाल या मल्टीप्लेक्स के इस व्यवसाय में निवेश नहीं करना चाहता|इस नवनियुक्त जिलाधिकारी ने अपने पुराने ज्ञान का प्रयोग करते हुए एक  अभिनव कदम उठाने की शुरुआत कर दी|उन्होंने लेह के एक कभी कभार प्रयोग होने वाले सभागार को एक छोटे सिनेमा हाल में बदल दिया और शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए हफ्ते के  हर शनिवार हिन्दी,अंग्रेजी की फ़िल्में और वृत्तचित्र बच्चों को सिनेमा हॉल के अनुभव के साथ मुफ्त में  दिखाना शुरू किया  और जिला प्रशासन ने सरकारी स्कूलों के  बच्चों के सभागार तक आने के लिए वाहन भी मुफ्त उपलब्ध कराये | लैमडॉन मोडल सीनियर सैकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल एशे तुन्दुप कहते है सिनेमा बच्चों की जरुरत के हिसाब से दिखाया जा रहा है वो जोर देकर कहते हैं पीएसबीटी के द्वारा बनाये गए वृत्तचित्र जो बनने के बाद सिर्फ अकादमिक जगत के बीच ही रह जाते थे आज उन्हें लेह के लोग देख रहे हैं|
जिलाधिकारी सौगत बिस्वास 
लेह-लद्दाख  के ऊपर कई शानदार वृत्तचित्र बने हैं पर यहाँ के लोग उनके बारे में जानते ही नहीं थे
|लेह के ये बच्चे भाग्यशाली हैं जो सिनेमा हॉल में फ़िल्में देख रहे हैं |इन फिल्मों से वे सिनेमा के माध्यम के साथ –साथ ये लद्दाख की संस्कृति के बारे में परिचित हो रहे हैं | लैमडॉन में ही पढने वाली दसवीं की छात्रा सोनम फिल्म देखने के अनुभव के बारे में कहती हैं सिनेमा कैसा होता है इसका आइडिया पहली बार लगा |स्तेंजिन को शिकायत है कि फिल्म पहली बार देखी पर पोपकोर्न नहीं मिला |लेह गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की ज़ाहिरा के लिए डाक्यूमेंट्री हॉल में देखने का अनुभव बहुत मजेदार रहा और रोज की बोरिंग लाईफ से मुक्ति मिली |इसी स्कूल की छात्रा शहर को उम्मीद है कि इस तरह के प्रयासों से एक दिन लेह में फिर से सिनेमा हॉल खुलेगा |
जिलाधिकारी सौगत बिस्वास का मानना है कि उनके इस प्रयास से सिनेमा देखने की संस्कृति विकसित होगी और ये बच्चे जो आज मुफ्त में फ़िल्में देख रहे हैं बड़े होकर फिल्मों पर पैसा खर्च करने से नहीं हिचकेंगे वहीं अभी फिल्मों से इनका एक्सपोजर बढेगा और दिमाग का विस्तार होगा |
बहरहाल हम तो यही उम्मीद करेंगे की सौगत बिस्वास के प्रयासों से यहाँ के लोग भी कभी  बड़े परदे पर लदाख की खूबसूरती को देख पायेंगे | अब शहर के बच्चे उन्हें फिल्म वाले अंकल कहने लग गए हैं |
जनसत्ता में 21/07/15को प्रकाशित 



ताकि इस कारोबार को रफ़्तार मिले

भारत में डायरेक्ट सेलिंग की शुरुवात अस्सी के दशक में हुई ,नब्बे के दशक में एमवे,ओरिफ्लेम,एवन जैसी बहुराष्ट्रीय कम्पनियों के आगमन से यह परिद्रश्य बदल गया,उसी वक्त मोदीकेयर जैसी भारतीय कम्पनी ने भी वस्तु वितरण व्यसाय के इस नए क्षेत्र में कदम रखा| डायरेक्ट सेलिंग से तात्पर्य ऐसे व्यवसाय से है जिसमें उत्पादक सीधे अपने उत्पाद को ग्राहकों तक खुद या अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से पहुंचाता है| फिक्की की रिपोर्ट के मुताबिक़ इस समय भारत में 7,200 करोड़ रुपये मूल्य के हेल्थकेयर से जुडी वस्तुओं ,कॉस्मेटिक्स और  घरेलू वस्तुओं का कारोबार प्रतिवर्ष होता है |इन कम्पनियों में विक्रेता या वितरक दो तरह से लाभ अर्जित करते हैं एक तो वे जो सामान खुद बेचते हैं उस पर कमीशन मिलता है |दूसरा वे जिन लोगों को सामान बेचने के लिए भारती करते हैं उनके बेचे गए सामान के कमीशन में भी हिस्सा मिलता है |नब्बे के दशक से साल 2010-11 आते –आते डायरेक्ट सेलिंग का यह कारोबार 27 प्रतिशत की वृधी दर से बाधा लेकिन उचित नियम कानून के अभाव में इसकी वृधि दर घटकर 4.3 प्रतिशत रह गयी |इसकी जड़ में प्राईज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन स्कीम्स अधिनियम (पी सी एम् सी एक्ट 1978) चूँकि अभी देश में डायरेक्ट सेलिंग कारोबार के लिए स्पष्ट नियम नहीं हैं इसका फायदा उठा कर फर्जी चिटफंड कम्पनियां डायरेक्ट सेलिंग कारोबार के वैध मॉडल की नक़ल करती हैं |वो चाहे पश्चिम बंगाल का शारदा घोटाला हो या स्पीक एशिया और जापान लाईफ जैसी योजनायें हों जो नक़ल तो डायरेक्ट सेलिंग कारोबार की कर रही थीं पर उनके पीछे न तो पूंजी का आधार था और न ही गुणवत्ता आधारित उत्पाद , डायरेक्ट सेलिंग कम्पनियां जहाँ अपने उत्पाद बेचने पर जोर देती हैं वहीं फर्जी चिट फंड कम्पनियां पिरामिड स्कीम में सारा दबाव नए निवेशक जुटाने पर होता है|जागरूकता की कमी और स्पष्ट दिशा निर्देश के न होने से आम उपभोक्ता ठगी का शिकार हो जाता है वैसे भी पुलिस और सरकार तब तक कोई कार्यवाही नहीं करते जब तक कोई धोखा धड़ी न हो |ऐसी स्थिति का फायदा उठाने वालों के हौसले बुलंद होते हैं और डायरेक्ट सेलिंग के कारोबार में लगी सारी कम्पनियों को भी शक की नजर से देखा जाता है|दुनिया के अन्य देशों में डायरेक्ट सेलिंग के लिए स्पष्ट कानून हैं अमेरिका के राज्यों में अलग डायरेक्ट सेलिंग के लिए अलग से नियम हैं |सिंगापुर के कानून में ऐसी किसी भी योजना को अवैध माना जाता है जिसमें प्रवेश शुल्क लगता हो ,चीन में भी इसके लिए कानून हैं |भारत में डायरेक्ट सेलिंग कम्पनिया उपभोक्ता मंत्रालय द्वारा शासित हैं या खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा यह स्पष्ट नहीं है |
               दुनिया भर में 60 देशों की डायरेक्ट सेलिंग कंपनियों की प्रतिनिधि वर्ल्ड  फेडरेशन ने इस व्यवसाय  में मानक ढांचा तैयार करने के लिए वर्ल्ड सेलिंग कोड ऑफ कंडक्ट यानी आचार संहिता जारी की है| इससे इस उद्योग के अपने नियम-कानून बनाने की दिशा में पहल हो सकती है|ऐसा नहीं है कि डायरेक्ट सेलिंग कम्पनियों को नुक्सान सिर्फ पिरामिड आधरित फर्जी कम्पनियों ने पहुँचाया है |कुछ और भी मुद्दे हैं जिन पर ध्यान दिया जाना जरुरी है जैसे स्वास्थ्य आधारित उत्पाद प्रमाणित हैं या नहीं दवा जैसे उत्पाद बेचने का काम फार्मासिस्ट का है फिर ये कम्पनियां किस कानून के आधार पर स्वास्थ्य संबंधी दावे करती हैं |इनको बेचने वाले लोग ज्यादातर अपने दोस्त रिश्तेदारों को निशाना बनाते हैं |उनका जोर उत्पाद की गुणवत्ता को प्रचारित करने की बजाय सम्बन्धों को भुनाने पर रहता है| इस स्थिति में नए लोग डायरेक्ट सेलिंग कम्पनी के उत्पादों से आसानी से नहीं जुड़ते हैं |
पिछली यूपीए सरकार ने बहुसत्रीय मार्केटिंग और डायरेक्ट सेलिंग की परिभाषा तय करने के लिए एक समिति बनाई थी पर कुछ उल्लेखनीय नहीं हुआ |वर्तमान में उपभोक्ता कार्य मंत्रालय की अध्यक्षता में एक समिति इस मामले पर विचार कर रही है कि इस व्यवसाय  के लिए अलग नियामक होना  चाहिए या नहीं | इस समिति का निर्णय आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि भारत में इस व्वयसाय का भविष्य क्या होगा |व्यवसाय के नजरिये या पर्याप्त क्षमता वाला व्यवसाय है भारत में साठ  लाख लोग डायरेक्ट सेलिंग के इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं जिसमें साठ प्रतिशत महिलाएं हैं |के पी एम् जी  की एक रिपोर्ट के अनुसार वित्त  वर्ष 2012-13 में देश में 34 लाख महिलाओं को रोज़गार मिला |यह रोजगार के अवसर बढाने के साथ –साथ देश की आधी आबादी (महिलाओं ) को भी संगठित करने के साथ –साथ समर्थ और जागरूक भी कर रहा है जिससे वे देश की जीडीपी में अपना योगदान दे पा रही हैं |
अमर उजाला में 21/07/15 को  प्रकाशित लेख 

पसंद आया हो तो