Sunday, February 23, 2020

प्रकृति की गोद में अनछुआ सौन्दर्य

यात्राएं मुझे हमेशा सुकून देती हैं एक ऐसी ही  यात्रा पिछले दिनों हुई जम्मू कश्मीर के बारे में सबने सुना होगा खासकर  अपने नैसर्गिक प्राकृतिक सौंदर्य के कारण और  लंबे समय  तक आतंकवाद से पीड़ित राज्य के रूप में |जब जम्मू कश्मीर घूमने की बात  होती है तो दो चार जगह ही ध्यान में आती है,पर राजौरी जैसी बहुत सी जगहें हैं जिनके बारे में लोगों को कम पता है |राजौरी के लिए ट्रेन जम्मू तक ही जाती है वहां से लगभग 165 किमी दूर सडक से ही पहुंचा जा सकता है हालंकि राजौरी में एअरपोर्ट है पर वहां से से नियमित उड़ान का कोई सिलिसला नहीं है वो एअरपोर्ट ज्यादातर भारतीय सेना या मंत्रियों के हेलीकॉप्टर के काम ही आता है |
राजौरी जगह कैसी है बस ख़बरों में ही सुना था शायद इसीलिये मैं ज्यादा उनी कपडे नहीं ले जा रहा था सोचा जम्मू जैसा ही होगा जब जम्मू में ज्यादा ठण्ड नहीं पड़ती तो राजौरी भी ऐसा ही होगा पर हुआ इसका उल्टा राजौरी में अच्छी ठण्ड थी | ट्रेन समय से निकल पडी पन्द्रह घंटे के सफर के बाद हम जम्मू पहुँच जाने वाले थे | दिन के दो बज तक हम  अखनूर पार कर चुके थे और उसके बाद राजौरी जिला शुरू हुआ सुंदरबनी के पी डबल्यू डी गेस्ट हाउस में दोपहर के भोजन की व्यवस्था थी खूबसूरत कमरा था जहाँ मैंने स्नान किया और भोजन पर टूट पड़े | अब रास्ते में सन्नाटा बढ़ रहा था जंगल घने हो रहे थे और एक पहाड़ी नदी लगातार हमारे साथ चल रही थी|
 हम नौशेरा से गुजर रहे थे आर्मी के ट्रकों का आना जाना लगा था उसके बाद तीथवाल पड़ा 1947-48 मे यहाँ पाकिस्तानी कबाइलों ने यहाँ घुसपैठ कर ली थी मैंने इतिहास में पढ़ा था और आज देख रहा था इतिहास को जीना अच्छा लग रहा था |रास्ता लंबा था तो मैंने परवेज से  मिलिटेंसी के दौर की बात शुरू कर दी उस दर्द को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है उसे सिर्फ महसूस किया जा सकता है और जब जब मैंने जिस किसी से आतंकवाद के उस दौर की बात की तो लगा जैसे वे तटस्थ हो चुके हैं इतना कुछ झेलने के बाद  सुख दुख राग द्वेष सबसे उपर |रास्ते में  आतंकवाद का  एक पहलू एक चायवाले ने बताया कि हमारे जंगल अंधाधुंध काटने से बच गए नहीं तो इतनी हरियाली ना दिखती मेरे कैसे पूछने पर बड़ा मजेदार उत्तर मिला होता यूँ था कि पाकिस्तान से आये आतंकवादी जंगलों में पनाह लेतेथे दिन में अगर कोई लकड़ी काटने वाला जंगल में जाता तो उसे मार पीटकर जंगल से भगा देते थे जिससे सेना या पुलिस को उनकी छुपने की जगह का पता नहीं चलता था |इस तरह उन लोगों ने इतना दहशत का माहौल बना दिया कि लोग जंगलों में जाते ही नहीं थे जिससे अवैध कटाई पर पूरी तरह रोक लग गयी|जंगल बचे इंसानी लाशों की कीमत पर , ये भी विकास का एक पहलू था | राजौरी से लगभग तीस किलोमीटर पहले एक चिंगस नाम की जगह ,चिंगस के बारे में बताने से पहले आपको बता दूँ राजौरी का यह इलाका उस रास्ते का हिस्सा है जिस रास्ते से मुग़ल शासक गर्मियों में कश्मीर घाटी जाते थे |मुगलों के द्वारा बनवाई गयी सरायों के अवशेष आज भी मिलते हैं|थोड़ी दूर चलने पर चिंगस नाम की वो सराय आ गयी जिसे मुग़ल बादशाह अकबर ने बनवाया था.आज ये मुख्य सड़क से सटा एक वीरान इलाका है जहाँ मुग़ल बादशाह जहाँगीर के शरीर का कुछ हिस्सा दफ़न है|
चिंगस को फारसी भाषा में आंत कहते हैं किस्सा कुछ यूँ है कि मुग़ल बादशाह जहाँगीर अपनी बेगम नूरजहाँ के साथ अपने वार्षिक प्रवास के बाद कश्मीर से अपनी सल्तनत की ओर लौट रहे थे |
 चिंगस में उनकी तबियत खराब हुई और उनकी मौत हो गयी|उत्तराधिकार के संघर्ष को टालने के लिए नूरजहाँ इस बात का पता आगरा  पहुँचने से पहले सार्वजनिक नहीं करना चाहती थी|शरीर के वो हिस्से जो मौत के बाद सबसे जल्दी सड़ते हैं उन अंगों को इसी जगह काटकर निकल दिया गया और उनको यहीं दफना दिया गया जिसमें जहाँगीर की आंत भी शामिल थी|आंत और पेट के अंदरूनी हिस्से को निकाल कर उसके शरीर को सिल कर इस तरह रखा गया कि आगरा पहुँचने से पहले किसी को भी इस बात का आभास् नहीं हुआ कि जहाँगीर मर चुके हैं| इस तरह उसकी आँतों को जहाँ दफनाया गया वो चिंगस के नाम से प्रसिद्ध हो गया|यहाँ जहाँगीर की आँतों की कब्र आज भी सुरक्षित है लेकिन यहाँ एकदम सन्नाटा पसरा था लगता है यहाँ ज्यादा लोगों का आना जाना नहीं है हालांकि पुरातत्व विभाग के लगे बोर्ड इस बात की गवाही दे रहे थे कि सरकार के लिए यह स्थल महत्वपूर्ण है|मैंने अपने कैमरे का यहाँ बखूबी इस्तेमाल किया| शाम के पांच बजे हमने राजौरी में प्रवेश किया शांत कस्बाई रंगत वाला शहर जहाँ अभी विकास का कीड़ा नहीं लगा था और ना लोग प्रगति के पीछे पागल थे|जहाँ हमारे रुकने की व्यवस्था की गई थी वो एक सरकारी गेस्ट हाउस था पर उसके कमरे को देखकर लग रहा था जैसे कोई शानदार होटल हो | राजौरी अंधरे में डूब रहा था पहाड़ों पर रौशनियाँ जगमगाने लगी थीं|

अगले दिन हम राजौरी को एक्सप्लोर करने निकल पड़े| पहला पड़ाव था राजौरी से तीस किलोमीटर दूर बाबा गुलाम शाह की दरगाह इन्हीं संत के नाम पर राजौरी में एक विश्वविद्यालय भी है|इसे शाहदरा शरीफ भी कहा जात है  | पहाड़ों के चक्कर लगते हुए हम कई गाँवों से गुजर रहे थे पहाड़ों से निकालने वाले चश्मे आस पास के दृश्यों  की सुंदरता में चार चाँद लगा रहे थे|चश्मे प्राकृतिक पानी के ऐसे स्रोत हैं जो पहाड़ों से निकलते हैं | दो घंटे के सफर के बाद हम दरगाह पहुँच चुके थे|ऊँचाई पर बनी दरगाह लगभग २५० साल पुरानी है जहाँ चौबीस घंटे लंगर चलता है|जिसमें चावल दाल और मक्के की रोटी प्रसाद में मिलती है| हमने पहले दरगाह में सजदा किया और चादर चढ़ाई सबकुछ व्यवस्थित और शांत दरगाह का प्रबंधन सरकार द्वारा स्थापित ट्रस्ट करता है| जो भी चढावा आता है उसकी बाकायदा नाम पते के साथ रसीद दी जाती है| एक खास बात ये थी कि इस दरगाह पर सभी मजहब के लोग आते हैं जिनकी मन्नत पूरी हो जाती हैं |उनमें कुछ मुर्गे और पशु भी चढाते हैं पर उन पशुओं का वध दरगाह परिसर में नहीं किया जाता है उन्हें जरूरतमंदों को दे दिया जाता है|दरगाह के लंगर में सिर्फ शाकाहारी भोजन ही मिलता है यहीं नमकीन कश्मीरी चाय भी पीने को मिली | दरगाह में दो घंटे बिताने के बाद हम चल पड़े पर्यटक स्थल देहरा की गली (डी के जी)देखने |दरगाह से एक घंटे की यात्रा के बाद हम यहाँ पहुंचे क्या नज़ारे थे| इस जगह पर हमारे सिवा कोई नहीं था| सिर्फ बर्फ से ढंके पहाड जो पाक अधिकृत कश्मीर में थे| अक्तूबर के महीने में  हालाँकि धूप तेज थी पर ठण्ड थी|एक पहाड़ी पर कुछ लकड़ी की झोपडियां बनाई गयी हैं जिनको गरम रखने के लिए सोलर एनर्जी का इस्तेमाल किया जाता है| जिससे पर्यावरण को नुक्सान ना पहुंचे इसी पहाड़ी के समीप एक व्यू पॉइंट बनाया गया है| जहाँ से पूरे राजौरी का नजारा लिया जा सकता है|हमारे पीछे पूँछ शहर दिख रहा था और उसके पार पाक अधिकृत कश्मीर सब कुछ एक था पर बीच में नियंत्रण रेखा भारत और पाकिस्तान को अलग अलग कर रही थी|दिन के भोजन की व्यवस्था यहीं की गयी थी|भुना चिकन खाने के बाद एक लड्डू जैसा मांस का व्यंजन परोसा गया जो भेंड के मांस  से बना था जिसे रिस्ता कहते हैं | जिसमें भेंड के मांस को लकड़ी के बर्तन में गुंथा जाता है फिर दही के साथ पकाया जाता है| राजौरी में बहुत सारी ऐसी जगहें जो एकदम अनछुई हैं| ऐसे में मेरे जैसे इंसान के लिए जो भीड़ भाड़ कम पसंद करता है उसके लिए ऐसी जगहें जन्नत से कम नहीं हैं|खाना खा कर हम वहीं घूमें फोटोग्राफी की शांति इतनी कि हम अपनी साँसों की आवाज़ को सुन सकते थे|शाम हो रही थी अब लौटने का वक्त रास्ते में दिखते चीड के पेड़ों पर जब सूर्य की किरणें पड़ती तो वो हरे पेड भी सुनहली आभा देते और बगल में बहने वाले पानी के चश्मे चांदी जैसे चमकते बहुत सी किताबों में इस तरह के द्रश्यों के बारे में पढ़ा था पर अपनी आँखों से प्रकृति के सोना चांदी को पहली बार देखा रहा था|लौटते वक्त परवेज ने बताया कि इन गावों में रहने वाले काफी लोग मध्यपूर्व के देशों में बेहतर जीवन की तलाश में चले गए हैं उनके भेजे हुए पैसों से गाँव के घरों में छत टिन की बनने लग गयी है मिट्टी या सीमेंट की छत बर्फबारी में घर की रक्षा नहीं कर पाती और ये टिन की छतों वाले घर सूर्य की किरणों से ऐसे चमक रहे थे जैसे पहाड पर अनगिनत शीशे रख दिए गए हों |जहाँ हम रुके थे वहां से दो  किलोमीटर की ऊंचाई पर  वह किला पुराना था पर जिसे धरनी धार किले  के नाम से जाना जाता है पर अब वहां  सेना का ठिकाना  है और किले में खरगोशों की पूरी कॉलोनी बसी हुई थी कुछ छोटे, कुछ बड़े और कुछ एकदम बच्चे, रात घिर रही थी राजौरी बिजली में जगमग कर रहा था हवा ठंडी थी सूरज डूब रहा था |मेरा मन भारी हो रहा था कल मुझे अपनी दुनिया में लौटना है आज की रात राजौरी की आखरी रात थी । यह सब कुछ तो सपने जैसा लग रहा है अब वापस लौटने का वक़्त था |
दैनिक जागरण के यात्रा परिशिष्ट में 23/02/2020 को प्रकाशित 

Friday, February 14, 2020

दिल के रिश्तों में जल्दबाजी ठीक नहीं

दुनिया वाकई बहुत तेजी से बदल रही है और प्यार करने और उसे जताने के तरीके भी अब देखिये न हमारे ज़माने में गाना बजता था "कितना प्यार तुम्हें करते हैं आज हमें मालूम हुआ, जीते नहीं तुम पर मरते हैं, "जब प्यार का इज़हार करना थोडा मुश्किल था और वेलेन्टाईन डे को लेकर एक हिचक हुआ करती थी |
      हमारे कैम्पस भी तब ऐसे ही हुआ करते थे थोड़े से सहमे से प्यार के किस्से तब भी थे पर इश्क तब सिर्फ इश्क था न कि “इश्क वाला लव”।इसे आप वैश्वीकरण की बयार का असर कहें या इंटरनेट क्रांति का जोर जिसने आज की पीढी को ज्यादा मुखर बना दिया है|फेसबुक ट्विटर से लेकर व्हाट्सएप जैसे चैटिंग एप आपको मौका दे रहे हैं कि कुछ भी मन में न रखो जो है बोल दो|वो वक्त चला गया जब फिल्म की नायिका ये गाना गाते हुए जीवन बिता देती थी "मेरी बात रही मेरे मन में कुछ कह न सकी उलझन में" अब प्यार के इज़हार में कोई लैंगिक विभेद नहीं है।'रोज डे' से प्यार का आगाज होता है और  होलिका दहन से प्रेम का अंत |
लड़के लड़कियां सभी कोई रिग्रेट लेकर नहीं जीना चाहते हैं , क्रश होना सामान्य है और इसके इज़हार में अब कोई समस्या नहीं दिखती|भले ही “लव इज भेस्ट ऑफ़ टाईम” हो पर चलो कर के देख ही लिया जाए ये आज की पीढी का मन्त्र है।
पर थोड़ी सी बात जो मुझे परेशान करती है वो है रिश्ते जितनी तेजी से बन रहे हैं उतनी तेजी से टूट भी रहे हैं, दिखावे पर जोर ज्यादा है,रोज डे से शुरू हुआ प्यार का सिलसिला होली आते आते होलिका की आग में दहन हो जाता है |हर युवा जल्दी में है ये जल्दबाजी दिल के रिश्तों में अच्छी नहीं है।वक्त ने किया क्या हंसी सितम का दौर कब का जा चुका है अब तो ब्रेकअप की पार्टी दी जा रही है। जोर दिखावे पर है तू अभी तक सिंगल है, तेरा कोई बॉय फ्रैंड नहीं या तेरी कोई गर्ल फ्रैंड नहीं है ऐसे प्रश्न ये बताते हैं कि अगर आप किसी ऐसे रिश्ते में नहीं हैं तो कुछ खोट है आपमें, अब कुछ भी व्यक्तिगत नहीं है।
फेसबुक या व्हाट्सएप स्टेटस की तरह रिलेशनशिप स्टेट्स बदले जा रहे हैं ,रिश्ते वक्त मांगते हैं उनको फलने फूलने में समय लगता है पर इतना टाईम किसके पास है |असुरक्षा की भावना इतनी ज्यादा है कि फेसबुक की टाईम लाइन से लेकर वहाट्सएप पर ऑनलाईन रहने के सिलसिले तक सभी जगह निगाह रक्खी जा रही है | ये टू बी ऑर नॉट टू बी जैसा दौर है जिसे हम गिरने और सम्हलने से समझ सकते हैं |आज की पीढी ज्ञान नहीं चाहती और अनुभव के स्तर पर सब चीज महसूस करना चाहती है |इसमें किसी को आपत्ति भी नहीं होनी चाहिए पर रिश्तों को बनाने और सम्हालने की जिम्मेदारी के एहसास का गायब हो जाना थोडा परेशान करता है।वैसे भी जब प्यार है फिज़ाओं में तो जमाने को ये तो कह ही सकते हैं "होश वालों को क्या ख़बर ज़िन्दगी क्या चीज़ है इश्क कीजिए ख़ुद समझिये ज़िन्दगी क्या चीज़ है|"मेरे लिए तो ज़िन्दगी एक प्यार का नगमा है |जिससे हमारी आपकी सब की कहानी जुड़ी हुई है | प्यार किया नहीं जाता हो जाता है हो सकता है आप न माने|प्यार के इस मौसम में आप सभी को वेलेन्टाइन्स डे की दिल से की शुभकामनाएं|
प्रभात खबर में 14/02/2020 को प्रकाशित 

Saturday, February 1, 2020

इंसान के डाटा में परिवर्तित हो जाने का दशक

मानव सभ्यता के इतिहास में पिछले दस साल  इसलिए याद रखे जायेंगे   जब इंसान एक डाटा (आंकड़े )में परिवर्तित हो गया और आज इससे मूल्यवान कोई चीज नहीं है | डाटा आज की सबसे बड़ी पूंजी है यह डाटा का ही कमाल है कि गूगल और फेसबुक जैसी अपेक्षाकृत नई कम्पनियां दुनिया की बड़ी और लाभकारी कम्पनियां बन गयीं है|डाटा ही वह इंधन है जो अनगिनत कम्पनियों को चलाए रखने के लिए जिम्मेदार हैं |वह चाहे तमाम तरह के एप्स हो या विभिन्न सोशल नेटवर्किंग साईट्स सभी  उपभोक्ताओं  के लिए मुफ्त हैं |असल मे जो चीज हमें मुफ्त दिखाई दे रही है वह सुविधा हमें हमारे संवेदनशील निजी डाटा के बदले मिल रही है |इनमे से अधिकतर कम्पनियां उपभोक्ताओं द्वारा उपलब्ध कार्य गए आंकड़ों को सम्हाल पाने में असफल रहती हैं जिसका परिणाम लागातार आंकड़ों की चोरी और उनके  दुरूपयोग के मामले सामने आते रहते हैं |साल 2018 में फेसबुक ने पचपन बिलियन डॉलर और गूगल ने एक सौ सोलह बिलियन डॉलर विज्ञापन से कमाए |मजेदार तथ्य यह है कि फेसबुक कोई भी उत्पाद नहीं बनाता है और इसकी आमदनी का बड़ा हिस्सा विज्ञापनों से आता है और आप क्या विज्ञापन देखेंगे इसके लिए आपको जानना जरुरी है |यही से आंकड़े महत्वपूर्ण हो उठते हैं | देश में जिस तेजी से इंटरनेट का विस्तार हुआ उस तेजी से हम अपने निजी आंकडे (फोन ई मेल आदि) के प्रति जागरूक नहीं हुए हैं परिणाम तरह तरह के एप मोबाईल में भरे हुए जिनको इंस्टाल करते वक्त कोई यह नहीं ध्यान देता कि एप को इंस्टाल करते वक्त किन –किन चीजों को एक्सेस देने की जरुरत है |
टेक एआर सी की एक रिपोर्ट के अनुसार एक भारतीय कम से कम चौबीस एप का इस्तेमाल  करता है और यह आंकड़ा वैश्विक औसत से लगभग तीन गुना ज्यादा है |मोबाईल एनालातिक्स फर्म एप एनी की एक रिपोर्ट के अनुसार वैश्विक स्तर पर किसी  फोन में एप रखने का औसत नौ एप प्रयोग करने का है| यह रिपोर्ट बताती है कि औसत रूप से एक भारतीय इक्यावन एप तक अपने फोन में रखता है वैसे अधिकतम एप इंस्टाल करने का अधिकतम आंकड़ा इसी रिपोर्ट के अनुसार दो सौ सात का है | यह तथ्य बताता है कि एक आम भारतीय किसी एप को डाउनलोड करने में कितनी कम सावधानी बरत रहे हैं |सबसे ज्यादा सोशल मीडिया एप का इस्तेमाल किया जाता है और यही से इंसान के डाटा बनने का खेल शुरू हो जाता है | यह सोचने में अच्छा है कि हमारे ऑनलाइन प्रोफाइल पर हमारा नियंत्रण है | हम तय करते हैं कि हमें कौन सी तस्वीरें साझा करनी हैं और कौन सी निजी रहनी चाहिये | हम निमंत्रण स्वीकार करते हैं या अस्वीकार करते हैं, टैग को नियंत्रित करते हैं, और पोस्ट या टिप्पणी प्रकाशित करने से पहले दो बार सोचते हैं | बुरी खबर यह है कि जब यह आपके डिजिटल प्रोफाइल की बात आती है, तो आपके द्वारा साझा किया जाने वाला डेटा केवल एक आइसबर्ग का टिप होता है | हम बाकी को नहीं देखते हैं जो मोबाइल एप्लिकेशन और ऑनलाइन सेवाओं के अनुकूल इंटरफेस के पानी के नीचे छिपा हुआ है | हमारे बारे में सबसे मूल्यवान डेटा हमारे नियंत्रण से परे है | यह ऐसी गहरी परतें हैं जिन्हें हम नियंत्रित नहीं कर सकते हैं जो वास्तव में निर्णय लेते हैं, वो हम नहीं हैं बल्कि हमारे डाटा को विश्लेषित करने वाला होता है |
पहली परत वह है जिसे आप नियंत्रित करते हैं | इसमें वह डेटा होता है जो आप सोशल मीडिया और मोबाइल एप्लिकेशन में फीड करते हैं | इसमें आपकी प्रोफ़ाइल जानकारी, आपके सार्वजनिक पोस्ट और निजी संदेश, पसंद, खोज, अपलोड की गई फ़ोटो, आदि चीजें  शामिल हैं |
दूसरी परत व्यवहार संबंधी टिप्पणियों से बनी है | ये इतने विकल्प नहीं हैं जो आप होशपूर्वक बनाते हैं, लेकिन मेटाडेटा जो उन विकल्पों को संदर्भ देता है | इसमें ऐसी चीजें शामिल हैं जिन्हें आप शायद हर किसी के साथ साझा नहीं करना चाहते हैं, जैसे कि आपका वास्तविक समय स्थान और आपके अंतरंग और पेशेवर संबंधों की विस्तृत समझ | जैसे एक ही घर में अक्सर एक ही कार्यालय की इमारतों या आपके आराम करने के समय  के वक्त आपके मोबाईल की जगह  को दिखाने  करने वाले स्थान पैटर्न को देखकर,  कंपनियां बहुत कुछ बता सकती हैं कि आप किसके साथ अपना समय बिताते हैं। ऑनलाइन और ऑफलाइन, आपके द्वारा क्लिक की गई सामग्री, आपके द्वारा इसे पढ़ने में बिताए गए समय, खरीदारी पैटर्न, कीस्ट्रोक डायनेमिक्स, टाइपिंग स्पीड, और स्क्रीन पर आपकी उंगलियों के मूवमेंट (जो कुछ कंपनियों का मानना है कि भावनाओं और विभिन्न मनोवैज्ञानिक विशेषताओं को प्रकट करते हैं)|
तीसरी परत पहले और दूसरे की व्याख्याओं से बनी है | आपके डेटा का विश्लेषण विभिन्न एल्गोरिदम द्वारा किया जाता है और सार्थक सांख्यिकीय सहसंबंधों के लिए अन्य उपयोगकर्ताओं के डेटा के साथ तुलना की जाती है | यह परत न केवल हम क्या करते हैं बल्कि हम अपने व्यवहार और मेटाडेटा पर आधारित हैं, के बारे में निष्कर्ष निकालते हैं | इस परत को नियंत्रित करना बहुत अधिक कठिन है,  इन प्रोफ़ाइल-मैपिंग एल्गोरिदम का कार्य उन चीजों का अनुमान लगाना है, जिन्हें आप स्वेच्छा से प्रकट करने की संभावना नहीं रखते हैं। इनमें आपकी कमजोरियां, साइकोमेट्रिक प्रोफाइल, आईक्यू लेवल, पारिवारिक स्थिति, व्यसनों, बीमारियों, चाहे हम एक नए रिश्ते में अलग होने या प्रवेश करने वाले हों, आपकी छोटी सी टिप्पणियों (जैसे गेमिंग), और आपकी गंभीर प्रतिबद्धताएं (जैसे व्यावसायिक परियोजनाएं) शामिल हैं |
वे व्यवहार संबंधी भविष्यवाणियाँ और व्याख्याएँ विज्ञापनदाता के लिए बहुत मूल्यवान हैं | चूंकि विज्ञापन का मतलब जरूरतों को बनाना है और आपको ऐसे निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना है जिन्हें आपने (अभी तक) नहीं किया है,  चूंकि कम्पनियां जानती  हैं कि आप उन्हें सीधे कुछ नहीं बताएंगे कि यह कैसे करना है|  बैंकों, बीमा कंपनियों, और सार्वजनिक अधिकारियों द्वारा किए गए बाध्यकारी निर्णय बिग डेटा और एल्गोरिदम द्वारा किए जाते हैं, न कि लोगों द्वारा| यह मनुष्यों से बात करने के बजाय डेटा को देखते है जो  बहुत समय और पैसा बचाता है |इसलिए, विज्ञापन उद्योग में एक साझा विश्वास है कि बड़ा डेटा झूठ नहीं है  | यदि किसी उपभोक्ता ने मौसम का हाल जानने के लिए कोई एप डाउनलोड किया और एप ने उसके फोन में उपलब्ध सारे कॉन्टेक्ट तक पहुँचने की अनुमति माँगी तो ज्यादातर लोग बगैर यह सोचे की मौसम का हाल बताने वाला एप कांटेक्ट की जानकारी क्यों मांग रहा है उसकी अनुमति दे देंगे |अब उस एप के निर्मताओं के पास किसी के मोबाईल में जितने कोंटेक्ट उन तक पहुँचने की सुविधा मिल जायेगी|यानि एप डाउनलोड करते ही उपभोक्ता आंकड़ों में तब्दील हुआ फिर उस डाटा ने और डाटा ने पैदा करना शुरू कर दिया |इस तरह देश में हर सेकेण्ड असंख्य मात्रा में डाटा जेनरेट हो रहा है पर उसका बड़ा फायदा इंटरनेट के व्यवसाय में लगी कम्पनियों को हो रहा है |यह भी उल्लेखनीय है कि डेटा चुराने के लिए बहुत से फर्जी एप गूगल प्ले स्टोर पर डाल दिए जाते हैं और गूगल भी समय समय  पर ऐसे एप को हटाता रहता है पर ओपन प्लेटफोर्म होने के कारण जब तक ऐसे एप की पहचान होती है तब तक फर्जी एप निर्माता अपना काम कर चुके होते हैं |ग्रोसरी स्टोर और कई तरह के क्लब जब कोई उपभोक्ता वहां से कोई खरीददारी करता है या सेवाओं का उपभोग करता है तो वे उपभोक्ताओं के आंकड़े ले लेते हैं लेकिन उन आंकड़ों पर उपभोक्ताओं पर कोई अधिकार नहीं रहता है |
उपभोक्ता अधिकारों के तहत अभी आंकड़े नहीं आये हैं |किसी भी उपभोक्ता को ये नहीं पता चलता है कि उसकी निजी जानकारियों का (आंकड़ों )किस तरह इस्तेमाल होता है और उससे पैदा हुई आय का भी उपभोक्ता को कोई हिस्सा नहीं मिलता |आंकड़ों की दुनिया में भी वर्ग संघर्ष का दौर शुरू हो गया है किसी के निजी आंकड़ों की कीमत उसकी इंटरनेट पर कम उपस्थिति से तय होती है यानि अगर आप कई तरह की सोशल नेटवर्किंग साईट्स पर हैं तो आपका डाटा यूनिक नहीं रहेगा | लोगों के निजी डाटा सिर्फ कम्पनियों के प्रोडक्ट को बेचने में ही मदद नहीं कर रहे बल्कि  यह आंकड़े हमें  भविष्य के समाज के लिए तैयार भी कर रहे हैं जिसमें एआई यनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक बड़ी भूमिका निभाने वाला है | आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंप्यूटर विज्ञान की वह शाखा है जो कंप्यूटर के इंसानों की तरह व्यवहार करने की धारणा पर आधारित है जो  मशीनों की सोचने, समझने, सीखने, समस्या हल करने और निर्णय लेने जैसी संज्ञानात्मक कार्यों को करने की क्षमता पर कार्य करता है पर भविष्य का भारतीय समाज कैसा होगा यह इस मुद्दे पर निर्भर करेगा कि अभी हम अपने निजी आंकड़ों के बारे में कितने जागरूक है |
दैनिक जागरण के राष्ट्रीय संस्करण में 01/02/2020 में प्रकाशित 

Saturday, January 25, 2020

अभी तो इंटरनेट से बीस हैं थियेटर

बढ़ती तकनीक के साथ ही सिनेमा और मनोरंजन के रूप  बदल रहे हैं ।आज फिल्मकारों की कोशिश रहती है कि वह ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अपनी पहुंच बना सके और ऐसा संभव भी हुआ है । इंटरनेट के साथ ही ऐसी अलग-अलग सेवाएं भी उत्पादित हुई हैं ,जो कि हमें मनोरंजन, फिल्में ,वेब सीरीज आदि फोन और टीवी पर ही देखने का मौका देते हैं । आज  हॉटस्टार, नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम जैसे ऐसे कई सारे ओवर-द-टाप मीडिया स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म मौजूद है, जिनकी लोकप्रियता दिन पर दिन बढ़ती जा रही है । अधिकांश स्ट्रीमिंग सेवाएं केवल सब्सक्रिप्शन के साथ इस्तेमाल की जा सकती हैं , तो कुछ सेवाएं ऐसी भी हैं ,जो विज्ञापनों के साथ आपको  मुफ्त  भी मिलती है।फिल्मों और संगीत के लिए लोग  आज स्ट्रीमिंग सब्सक्रिप्शन खरीद रहे हैं। के पी एम् जी मीडिया और इंटरटेमेंट रिपोर्ट 2018 के अनुसार भारत में ओ टी टी पैंतालीस प्रतिशत की वृधि दर से बढ़ते हुए साल 2023 तक 138 बिलियन रुपये का हो जाएगा |अर्नेस्ट एंड यंग की रिपोर्ट के अनुसार देश में साल 2020 तक ओ टी टी यूजर्स की संख्या पांच सौ मिलियन हो जायेगी जो अमेरिका के बाद भारत को सबसे ज्यादा ओ टी टी यूजर्स की संख्या का विश्व में दूसरे नम्बर का देश बना देगी |ऐसा माना जाने लगा है कि ऑनलाइन मीडिया स्ट्रीमिंग प्लेटफोर्म के आने से हमारे सिनेमा के उपर वैसा ही खतरा मंडराने लग गया है जिस तरह का खतरा नब्बे के दशक में वी सी आर ने सिनेमा को दिया था ,पर आंकड़े कुछ और ही कहानी कह रहे हैं | ऑनलाइन मीडिया स्ट्रीमिंग प्लेटफोर्म के यूजर्स भले ही बढ़ रहे हों पर आज भी लोग सिनेमा हॉल  में ही जाकर फिल्में देखना पसंद कर रहे  हैं । देश के सबसे बड़े सिनेमा चेन पी वी आर की आय पिछले साल के मुकाबले  मार्च 2019 में बतीस प्रतिशत की दर से बढ़कर 3118.70 करोड़ रूपये (437 मिलीयन डॉलर ) हो गयी | 
वहीं सिनेमा हॉल में आने वाले लोगों की संख्या भी पच्चीस प्रतिशत बढ़ी है |लोगो ने सिनेमा हाल आकर सिर्फ फिल्म ही नहीं देखी बल्कि वहां आकर खाने पीनेपर किये जाने वाले खर्च में अडतीस प्रतिशत की दर से बढ़ोत्तरी हुई है | जिसका मुनाफा सिनेमा को हुआ।इन आंकड़ों के आईने में यह माना जा सकता है कि देश में सिनेमा हाल में टिकट खरीद कर फिल्म देखने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है |जबकि उनके पास ओटीटी का सस्ता और अच्छा विकल्प मौजूद है | हालाँकि, स्ट्रीमिंग की सुविधा ,सिनेमा हॉल में फिल्मों के आकर्षण को कम नहीं करती है।  कबीर सिंह और उरी जैसी फिल्मों ने इस साल रिकॉर्ड-तोड़ बॉक्स ऑफिस पर 276 करोड़ रुपये और 244.01 करोड़ रुपये की कमाई की।  तो वहीं मिशन मंगल, छिछोरे, द लायन किंग और ड्रीम गर्ल जैसी अन्य फिल्मों ने आश्चर्यजनक रूप से शानदार प्रदर्शन किया, आयुष्मान खुराना की सभी तथाकथित छोटी फिल्में जैसे आर्टिकल 15, बाला और ड्रीम गर्ल, उम्मीदों से अधिक कमाई करने वाली निकलीं।  जबकि बड़े बजट वाली ठ्ग्स  ऑफ़ हिन्दुस्तान जैसी फ़िल्में मुंह के बल गिरी |आंकड़े यह बताते हैं कि देश का सिनेमा बदल रहा है और दर्शकों का सिनेमा देखने का नजरिया भी |देश में अभी भी फिल्म देखना एक सामूहिक क्रिया है और यही सामूहिकता सिनेमा की लोकप्रियता के लगातार बढ़ने का कारण है |मोबाईल की स्क्रीन और बड़े एंड्रयाड टीवी सिनेमा हॉल के उस अनुभव को नहीं दे सकते जो सिनेमा हॉल देता है क्योंकि तब दर्शक उसकी विषय वस्तु के साथ एक तरह का तादातम्य स्थापित कर लेता है जबकि ओटीटी पर सिनेमा का अनुभव टुकड़ों में कटा सा मिलता है | 
सिनेमा  देखने की आदत हमारे सामाजिक ताने-बाने का हिस्सा रही हैं । पर ओटीटी की बढ़ती लोकप्रियता की वजह से सिनेमा को चुनौतियां का सामना करना  पड़ रहा है|  इस सब के बावजूद भी देश में सिनेमा स्क्रीन की संख्या जरुरत से कहीं कम स्क्रीन है|साल 2018 में चीन में 30,000 से ज्यादा सिनेमा स्क्रीन थे। जिसकी तुलना में भारत में 10,000 स्क्रीन भी नहीं थी| देश में  प्रति मिलियन लोगों पर  केवल आठ स्क्रीन है। दो-तिहाई भारतीय आबादी आज भी फिल्में रिलीज होने के बाद तुरंत उस समय उन्हे नहीं देख पाती   हैं देश की  फिल्म इंडस्ट्री हर साल 300 से 400 मल्टीप्लेक्स स्क्रीन जोड़ रही है। अप्रैल 2019 में आई नाक्स ने भी अगले 2 वर्षों में 850  स्क्रीन बढ़ाने का लक्ष्य रखा  है ,वही अजय देवगन की कम्पनी  एनवाई सिनेमा का भी लक्ष्य अगले 5 साल में ढाई सौ स्क्रीन बढ़ाने का है। बढ़ते स्क्रीन काउंट के साथ-साथ थिएटर के अनुभव को भी समय के साथ बढ़ाया गया है और यह बेहतरीन हुआ है । आज के परिवेश को देखें तो हालांकि स्ट्रीमिंग सेवाएं लोकप्रिय हैं ,पर आज भी सिनेमा जाकर फिल्में देखने के अनुभव का कोई मुकाबला नहीं है। हर छह में से एक भारतीय हर हफ्ते एक फिल्म देखता है और इसे परिवार और दोस्तों से मिलने जुलने का जरिया भी कहा जाता है।उल्लेखनीय है कि सिनेमा पर जो फिल्म नई  लगी होती है,वह  नेटफ्लिक्स या किसी और ऑनलाइन मीडिया स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म पर सात या आठ हफ्ते के बाद उपलब्ध हो पाती हैं । जिसकी वजह से उसमें लोगों की उतनी रुचि नहीं रह जाती और लोग सिनेमा जाकर ही फिल्म देखना पसंद करते हैं। इसके अलावा, ओटीटी उद्योग उत्पादकों के लिए एक बढ़ते राजस्व का जरिया बन गया है, जो सिनेमाघरों के लिए बड़ी और बेहतर फिल्में बनाने के लिए उस पैसे का उपयोग कर रहे हैं। मीडिया स्ट्रीमिंग मनोरंजन का सशक्त  विकल्प बनकर तो उभरा है पर अभी यह सिनेमा की जगह नहीं ले पाया है । सिनेमा की लोकप्रियता आज भी वैसे ही बरकरार हैं पर भविष्य में भी ऐसा ही रहेगा यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी |
नवभारत टाईम्स में 25/01/2020 को प्रकाशित 

Tuesday, January 14, 2020

रोजमर्रा की जरुरत बना इंटरनेट

इंटरनेट शुरुवात में किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह एक ऐसा आविष्कार बनेगा जिससे मानव सभ्यता का चेहरा हमेशा के लिए बदल जाएगा | आग और पहिया के बाद इंटरनेट ही वह क्रांतिकारी कारक जिससे मानव सभ्यता के विकास को चमत्कारिक गति मिली|इंटरनेट के विस्तार के साथ ही इसका व्यवसायिक पक्ष भी विकसित होना शुरू हो गया|प्रारंभ में इसका विस्तार विकसित देशों के पक्ष में ज्यादा पर जैसे जैसे तकनीक विकास होता गया इंटरनेट ने विकासशील देशों की और रुख करना शुरू किया और नयी नयी सेवाएँ इससे जुडती चली गयीं  |आज के वक्त में इंटरनेट के बगैर जीवन की कल्पना करना थोडा मुश्किल है |जम्मू कश्मीर में लगी इंटरनेट की पाबंदी के संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी यह इशारा करती है कि अब इंटरनेट महज एक तकनीक भर नहीं रहा बल्कि  हमारी जीवन शैली का अंग बन चुका है |सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इंटरनेट के जरिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत मौलिक अधिकार है। इंटरनेट के जरिए कारोबार करने के अधिकार को भी अनुच्छेद 19(1)(g) के तहत संवैधानिक संरक्षण मिला हुआ है।इंटरनेट को एक तय अवधि की जगह अपनी मर्जी से कितने भी समय के लिए बंद करना टेलीकॉम नियमों का उल्लंघन है।स्कूल-कॉलेज और अस्पताल जैसी जरूरी सेवाओं वाले संस्थानों में इंटरनेट बहाल किया जाना चाहिए।इंटरनेट अब सिर्फ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए ही नहीं जरुरी है बल्कि हमारा पूरा समाजीकरण उसी से निर्धारित हो रहा है  और यह जीवन के हर क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है |
इंटरनेट ने लोक व लोकाचार के तरीकों को काफी हद तक बदल दिया है। बहुत-सी परंपराएं और बहत सारे रिवाज अब अपना रास्ता बदल रहे हैं। यह प्रक्रिया इतनी तेज है कि नया बहुत जल्दी पुराना हो जा रहा है। विवाह तय करने जैसी सामाजिक प्रक्रिया पहले परिवार और यहां तक कि खानदान के बड़े-बुजुर्गों, मित्रों, रिश्तेदारों वगैरह को शामिल करते हुए आगे बढ़ती थी, अब उसमें भी ‘ई’ लग गया है। अब लोग मैट्रीमोनी वेबसाइट की सहायता से जोड़ियां ही नहीं बना रहे, शादियां भी रचा रहे हैं। देश की ऑनलाइन मैट्रीमोनी का कारोबार अगले तीन साल में 1,500 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। इंटरनेट ऐंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार, वैवाहिक वेबसाइटों पर साल 2013 में 8.5 लाख प्रोफाइल अपलोड की गई, जिनकी संख्या साल 2014 में बढ़कर 19.6 लाख हो गई। यानी एक साल में 130 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी । सामाजिक रूप से देखें, तो जहां पहले शादी के केंद्र में लड़का और लड़की का परिवार रहा करता था,जिसमें भी लड़के की इच्छा ज्यादा महत्वपूर्ण रहा करती थी | अब वह धुरी खिसककर लड़के व लड़की की इच्छा पर केंद्रित होती दिखती है। यह अच्छा भी है, क्योंकि शादी जिन लोगों को करनी है, उनकी सहमति परिवार में एक तरह के प्रजातांत्रिक आधार का निर्माण करती है, न कि उस पुरातन परंपरा के आधार पर, जहां माता-पिता की इच्छा ही सब कुछ होती थी। इस पूरी प्रक्रिया में महिलाओं को अपना जीवन साथी चुनने का अधिकार देने वाला इंटरनेट और शादी करने वाले विभिन्न एप बन रहे हैं |
हमारे रसोई घर इनोवेशन का माध्यम भी हो सकते हैं इस ओर कभी ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया तभी तो दादी नानी के हाथों के बने विभिन्न व्यंजन उनके जाने के साथ इतिहास हो गये पर जब हमारे रसोईघरों को इंटरनेट का साथ मिला तो भारत में एक नई तरह की खाना क्रांति आकार लेने लगी|ताजा उदाहरण है भारत में एप के माध्यम से घर में बने खाने का तेजी से बढ़ता व्यापार,बदलती जीवन शैली, बढ़ता माध्यम वर्ग और काम काजी महिलाओं की संख्या में इजाफा और दुनिया में दुसरे नंबर पर सबसे ज्यादा स्मार्ट फोन धारकों की उपस्थिति ये कुछ ऐसे कारक हैं जिनसे घर पर खाना बनाने की प्रवर्ति प्रभावित हुई है | बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप के अनुसार भारत में खाने का बाजार जो साल 2014 में तेइस लाख  करोड़ रुपये का था | साल 2020 में इस बाजार के बयालीस लाख करोड़ रुपये हो जाने की उम्मीद है और इसमें सबसे बड़ी भूमिका खाने के विभिन्न एप निभा रहे हैं जो घर पर बना खाना वाजिब कीमत पर आपकी मनपसंद जगह पर पहुंचा रहें हैं | ऐतिहासिक रूप से भारत में घर पर  खाना बनाना कभी आर्थिक गणना में शामिल नहीं रहा पर एप के माध्यम से खाने का बढ़ता कारोबार इस मिथक को तोड़ रहा है |
इंटरनेट के आगमन और सोशल नेटवर्किंग साइट्स के बढ़ते चलन ने संचार के चलनों को कई तरह से प्रभावित किया है  जिसमें चिन्हों  और चित्र का इस्तेमाल संवाद का नया माध्यम बन रहा है इसके पहले उपभोक्ता और प्रयोगकर्ता देश के युवा बन रहे हैं |जिसमें हैशटैग सबसे आगे है जो अपनी बात को कहने का एकदम नया जरिया है| हैशटैग सोशल (#) मीडिया में अपनी बात को व्यवस्थित तरीके से कहने का नया तरीका  बन रहा है | जागरूकता के निर्माण के अलावा यह उन संगठनों के लिए वरदान है जिनके पास लोगों को संगठित करने के लिए विशाल संसाधन नहीं है |जिन लोगों के पास न तो समय है और न ही किसी ख़ास विचार धारा के प्रति  प्रतिबद्धता कि वे किसी मार्च ,धरने या अध्ययन समूह में जा सकें |वे  हैशटैग के सहारे तर्क वितर्क का हिस्सा बन रहे हैं | सोशल मीडिया पर चलने वाली दिशाहीन बहसें जटिल मुद्दों  को व्यवस्थित कर ज्ञान में एक नया आयाम जोड़ रही हैं | हैशटैग के पीछे नेटवर्क नहीं विचारों का संकलन तर्क शामिल है |इससे जब आप किसी हैशटैग के साथ किसी विचार को आगे बढाते हैं तो वह इंटरनेट पर मौजूद उस विशाल जनसमूह का हिस्सा बन जाता है जो उसी हैश टैग के साथ अपनी बात कह रहा है | दूसरा तरीका है द्रश्यों के सहारे अपनी बात कहना जल्दी ही वह समय  इतिहास हो जाने वाला है जब आपको कोई एसएमएस मिलेगा कि क्या हो रहा है और आप लिखकर जवाब देंगे। अब समय दृश्य संचार का है। आप तुरंत एक तस्वीर खींचेंगे या वीडियो बनाएंगे और पूछने वाले को भेज देंगे या एक स्माइली भेज देंगे। फोटो या छायाचित्र बहुत पहले से संचार का माध्यम रहे हैं, पर सोशल नेटवर्किंग साइट्स और इंटरनेट के साथ ने इन्हें इंस्टेंट कम्युनिकेशन मोड (त्वरित संचार माध्यम) में बदल दिया है। अब महज शब्द नहीं, भाव और परिवेश भी बोल रहे हैं। इस संचार को समझने के लिए न तो किसी भाषा विशेष को जानने की अनिवार्यता है और न ही वर्तनी और व्याकरण की बंदिशें। तस्वीरें पूरी दुनिया की एक सार्वभौमिक भाषा बनकर उभर रही हैं।
सजे हुए परंपरागत बाजार अभी इतिहास की चीज नहीं हुए हैं, शायद होंगे भी नहीं, पर ऑनलाइन शॉपिंग ने उनको कड़ी टक्कर देनी शुरू कर दी है। परंपरागत दुकानों की तरह ही ऑनलाइन खुदरा व्यापारियों के पास हर सामान उपलब्ध हैं। किताबों से शुरू हुआ यह सिलसिला फर्नीचर, कपड़ों, बीज, किराने के सामान से लेकर फल, सौंदर्य प्रसाधन तक पहुंच गया है। स्नैप डील कम्पनी की रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल भारत में ऑनलाइन बाजार 800 अरब डॉलर का है जो लगातार बढ़ रहा है और वर्ष 2025 तक यह लगभग 2,000 अरब डॉलर का हो जायेगा |अब वक्त आ गया है कि सरकार आपात स्थिति में इंटरनेट बंद करने के इतर विकल्पों पर विचार करे क्योंकि इंटरनेट अब एक आवश्यक आवश्यकता बन चुका है |
दैनिक जागरण के राष्ट्रीय संस्करण मे 14/01/2020 को प्रकाशित 

कमाता है पर काम नहीं देता सोशल मीडिया

सोशल मीडिया का दशक आने वाले वक्त में जब कभी सोशल मीडिया की बात की जायेगी साल दो हजार का दशक इस मायने में महतवपूर्ण होगा क्योंकि यही वह दौर था जब सोशल मीडिया फला फूला और उसके राजनैतिक सामाजिक और सांस्कृतिक प्रभावों पर भी चर्चा शुरू हुई |जाहिर है भारत इससे अछूता नहीं रहा क्योंकि सोशल मीडिया के इस युग का केंद्र भारत ही रहा |साल 2010 में जो सोशल मीडिया आशाओं का अग्रदूत बन कर उभर रहा था वो साल 2020 तक आते –आते फेक न्यूज और लोगों की राजनैतिक विचारों को प्रभावित करने जैसे आरोपों का शिकार  हो चुका था |फेसबुक ,ट्विटर और इन्स्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफोर्म के  राजनैतिक सामाजिक और सांस्कृतिक प्रभावों पर तो काफी चर्चा हुई पर इस दशक में सबसे कम चर्चा इसके आर्थिक पक्ष की हुई |सोशल मीडिया की आंधी में हमें इस तथ्य को नहीं भूलना चाहिए कि कोई भी नयी तकनीक रोजगार के नए अवसर पैदा करती है और नए उन्नयन और नवोन्मेष को बढ़ावा देती है |इस कसौटी पर सोशल मीडिया को अभी तक नहीं कसा गया ||साल 2018 में फेसबुक ने पचपन बिलियन डॉलर और गूगल ने एक सौ सोलह बिलियन डॉलर विज्ञापन से कमाए |मजेदार तथ्य यह है कि फेसबुक कोई भी उत्पाद नहीं बनाता है| डाटा आज की सबसे बड़ी पूंजी है यह डाटा का ही कमाल  है कि गूगल और फेसबुक जैसी अपेक्षाकृत नई कम्पनियां दुनिया की बड़ी और लाभकारी कम्पनियां बन गयीं है|डाटा ही वह इंधन है जो अनगिनत कम्पनियों को चलाए रखने के लिए जिम्मेदार हैं |वह चाहे तमाम तरह के एप्स हो या विभिन्न सोशल नेटवर्किंग साईट्स सभी उपभोक्ताओं के लिए मुफ्त हैं |इसका मतलब यह है की सोशल मीडिया में रोजगार के कई सारे नए अवसर पैदा किये होंगे |भारत मे 462 मिलियन लोग इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं जिसमे से करीब 250 मिलियन लोग सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं । सबसे ज्यादा पेनिट्रेशन फेसबुक और यू ट्यूब का है। आज की सर्च के मुताबिक आज के दिन नौकरी डॉट कॉम पर सोशल मीडिया से संबंधित केवल 19057 नौकरियाँ  हैं। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2018 के कारोबारी साल में फेसबुक इंडिया के मुनाफे में 40 प्रतिशत उछाल आया है । जबकि 2019 के कारोबारी साल में ये ही मुनाफा बढ़ कर 84% हो गया ।यू ट्यूब के भारत मे 265 मिलियन एक्टिव यूज़र्स हैं लिंकेडीन के भारत मे 50 मिलियन एक्टिव यूजर है 2017 के कारोबारी साल से लिंकेडीन का मुनाफा 26 प्रतिशत बढ़ा है|भारत मे हेलो टिकटोक और वीगो वीडियो की स्वामित्व वाली कम्पनी बाइट डांस के करीब 250 मिलियन एक्टिव यूजर है इस कंपनी ने कारोबारी साल 2019 में 3.4 करोड़ का मुनाफा कमाया । ज़ैउबा कॉर्प के हिसाब से इस कंपनी के भारत मे 10 से कम कर्मचारी है | लिंकेडीन के भारत मे मात्र 750 कर्मचारी  हैं | इन आंकड़ों की रौशनी में यह दिखता  है  कि सोशल मीडिया साइट्स में प्रत्यक्ष रोजगार बहुत ही कम है और इन सभी साइट्स की ज्यादातर आमदनी "यूजर सेंट्रिक"  विज्ञापन से होती है और जबकि ज्यादातर ये सभी साइट्स फ्री है परन्तु उपभोक्ता को फ्री यूज़ की कीमत अपनी निजी जानकारी से चुकाता है | इंसान एक डाटा (आंकड़े )में परिवर्तित हो गया और आज इससे मूल्यवान कोई चीज नहीं है असल मे जो चीज हमें मुफ्त दिखाई दे रही है वह सुविधा हमें हमारे संवेदनशील निजी डाटा के बदले मिल रही है |इनमे से अधिकतर कम्पनियां उपभोक्ताओं द्वारा उपलब्ध कार्य गए आंकड़ों को सम्हाल पाने में असफल रहती हैं जिसका परिणाम लागातार आंकड़ों की चोरी और उनके  दुरूपयोग के मामले सामने आते रहते हैं  और इसकी आमदनी का बड़ा हिस्सा विज्ञापनों से आता है और आप क्या विज्ञापन देखेंगे इसके लिए आपको जानना जरुरी है |यही से आंकड़े महत्वपूर्ण हो उठते हैं और इनको जुटाने में सोशल मीडिया साईट्स ने एक बड़ी भूमिका निभाई है | किसे भी सोशल मीडिया पर आते ही  उपभोक्ता डाटा में तब्दील हो जाता है| फिर उस डाटा ने और डाटा ने पैदा करना शुरू कर दिया |इस तरह देश में हर सेकेण्ड असंख्य मात्रा में डाटा जेनरेट हो रहा है पर उसका बड़ा फायदा इंटरनेट के व्यवसाय में लगी कम्पनियों को हो रहा है |
आधिकारिक तौर पर सोशल मीडिया से भारत मे  कितने रोजगार पैदा हुए इसका विशेष उल्लेख नही मिलता क्योंकि ये सारी कम्पनियां इन से सम्बन्धित आंकड़े सार्वजनिक रूप से नहीं जारी कर्तीब  । साथ ही प्रत्यक्ष रोजगार के काफी कम होने का संकेत इन कम्पनीज के एम्प्लाइज की कम संख्या से प्रमाणित होता  है । बिजनेस स्टैण्डर्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार साल 2019 में भारत में गूगल और फेसबुक ने 1०००० करोड़ रुपये कमाए |वहीँ  इकॉनमिक टाइम्स की रिपोर्ट के हिसाब से 2019 में रिलायंस इंडस्ट्रीज  ने 11,262 करोड़  रुपये कमाए परन्तु जब हम दोनों कम्पनीज से मिले प्रत्यक्ष रोजगार और साथ ही उसके साथ बने इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को देखते हैं तो दोनों में जमीन आसमान का अंतर मिलता हैं | इंफ्रास्ट्रक्चर और कंज्यूमर  गुड्स जैसे पारंपरिक उद्योग अपने रेवेन्यू के मुकाबले कहीं ज्यादा रोजगार देते हैं ।जैसे 90 बिलियन डॉलर वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज 194056 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार देती है और इससे कहीं ज्यादा लोग वेन्डर कंपनियों के माध्यम से रोजगार पाते हैं। अकेले टाटा स्टील ही 660,800 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार देती हैं |यह आंकड़ा अपने आप काफी कुछ कह देता है |सोशल मीडिया आम भारतीय के लिए मनोरंजन के माध्यम से ज्यादा कुछ उपयोगिता नही रखता । ग्लोबल वेब इंडेक्स सोशल मीडिया ट्रेंड की रिपोर्ट के अनुसार वैश्विक स्तर पर एक यूजर लगभग 2.5 घण्टे दिन में  सोशल नेटवर्क और मेसेजिंग में खर्च करता है| वहीँ ट्रेंडिंग एकनॉमिस की एक स्टडी के मुताबिक भारत में डेली वेजेस में अनुमानतः एक व्यक्ति 2020 में 372 रूपये घण्टा कमायेगा तो इस हिसाब से सोशल मीडिया पर महीने में औसतन एक व्यक्ति अपने नौ काम के घंटे खर्च करता है जिससे वह महीने में न्यूनतम 3348 रुपये और साल के 40176  रुपये कोई और उत्पादक काम करते हुए कमा सकता है जिस प्रकार पारम्परिक मनोरंजन के साधनो में कुछ रोजगार के अवसर पैदा होते हैं वैसे ही सोशल मीडिया के साथ भी है परन्तु इसका लाभ कुछ सीमित  व्यक्तिओं और संस्थाओं तक ही सीमित है | उम्मीद की जानी चाहिए कि अगला दशक सोशल मीडिया के मालिकों द्वरा कमाई जा रही आय के एक हिस्से को उन तक पहुंचाने का होगा जिनके कौशल के कारण ये  कम्पनिया चल रही हैं |
नवभारत टाईम्स में 14/01/2020  को प्रकाशित 
x

Tuesday, December 31, 2019

प्लासटिकमय होते समय में

आज कई सालों बाद कबाड़ी की आवाज सुनी तो सोचा क्यों न घर का कुछ कबाड़ निकाल दिया जाए ,कबाड़ तो काफी निकला पर कबाड़ी के लेने लायक कुछ नहीं था सिवाय कुछ किलो अखबारी कागज़ के .कबाड़ में ज्यादातर प्लास्टिक की बोतलें,खराब मोबाईल बैटरी,कबाड़ी तो अखबार लेकर चला गया और मैं प्लास्टिक
की अधिकता वाले  कबाड़ के उस ढेर में बैठा –बैठा सोचने लगा अपने बचपन के दिन और कबाड़ी वालों के साथ अपने अनुभव के बारे में. बात ज्यादा पुरानी नहीं है.नब्बे के दशक तक हमारे घर के कबाड़ में खूब सारे रद्दी कागज़ हुआ करते थे कांच की बोतलें, शीशियाँ और कपडे .कांच की वही बोतलें शीशियाँ बेची जाती थीं जिनका घर में किसी तरह से इस्तेमाल नहीं हो सकता था, मतलब कुछ बोतलों में पानी भर के मनी प्लांट लगा दिया जाता था.कबाड़ में वही बोतले और शीशियाँ जाती थी जिनका कुछ प्रयोग  नहीं हो सकता था.
अखबार और किताबें खूब आती थी जब वो कबाड़ा में जाती तो उनका फिर से कागज़ बनाकर इस्तेमाल हो जाया करता था ,वैसे हमने अपने बचपन में अखबार से लिफाफे भी बनाये हैं .पेंट ख़राब हुई थो काटकर हम जैसे बच्चों की नेकर बन जाया करती थी.नेकर भी खराब हुई तो पोंछा बनने का विकल्प खुला था .चादर खराब हुई तो
कथरी बन गयी या झोला अगर फिर भी कसर बची हो तो पावदान के रूप में उसका इस्तेमाल हो सकता था .उसके बाद भी अगर घर में कपडे बचे रह गए तो होली दीपावली उन कपड़ों को देकर बर्तन लिए जा सकते थे .यह अपने आप में कबाड़ को नियंत्रित करने का सतत चक्र था जो पर्यावरण अनुकूल था . फिर वक्त बदला हम विकास के रोगी हुए उदारीकरण यूज एंड थ्रो का कल्चर लाया. ‘रिसाइकिल बिन’ घर की बजाय कंप्यूटर में ज्यादा अच्छा लगने लगा .मेरा घर जहाँ स्टील और कांच की बनी चीजें बहुतायत में थी वो धीरे –धीरे कम होती गयीं .जाहिर है मेरे मिडिल क्लास माता इतना नहीं पढ़े लिखे थे कि वो पर्यावरण की महत्ता को समझें बस वे सस्ता महंगा और टिकाऊ होने के नजरिये से चीजों को घर में जगह देते थे .हालाँकि हम भाई भी पढ़ लिख कर घर के खर्चे में हाथ बंटाने लगे.आमदनी तो बढ़ी पर घर में बेकार कपड़ों के झोले चादर के पावदान और पैंट काट कर नेकर बनाने का दौर नहीं लौटा .  कांच की बोतलों की जगह प्लास्टिक की बोतलें आ गयीं और धीरे –धीरे हम प्लास्टिक मय होते चले गए.बोतल शीशी से लेकर पैकेट तक सब जगह प्लास्टिक जिसे न तो हम घर में रिसाइकिल कर सकते थे और न ही कबाड़ी उनकी ओर टक टकी लगाकर देखता था .किचन से लेकर बाथ रूम तक हर जगह एक ही चीज दिखने लग गयी वो थी .प्लास्टिक.बात चाहे किचन में रखे जार की हो या कैरी बैग  की सब जगह प्लास्टिक ही प्लास्टिक.ये चीजें जब अपना जीवन चक्र पूरा कर लेती तो कूड़े के रूप में हमारे घर से निकल कर कूड़ेदान और रोड तक हर जगह दिखने लग गयीं.न तो इनकी कोई रीसेल वैल्यू थी और न ही इनके कबाड़ को नियंत्रित करने की स्वचालित व्यवस्था.हम समय की कमी का बहाना बना कर प्रकृति से कटे और उसकी कीमत हम न जाने कितने रोगों के रोगी बन कर दिखा रहे हैं और प्रकृति को जो चोटिल किया है उसको ठीक करने में न जाने कितना वक्त लगे.शायद यही विकास है .
प्रभात खबर में दिनांक 31/12/2019 को प्रकाशित 

पसंद आया हो तो