Tuesday, June 2, 2020

शोहरत और विवादों का टिकटॉक

कोरोना वायरस के चलते हुए लॉक डाउन  में टिकटोक वीडियो लोगों के समय बिताने का अच्छा जरिया बने|इसी बीच यू ट्यूब और टिक टोक यूजर्स के बीच हुए विवाद से साइबर मीडिया में काफी सुर्खियाँ बनी और पूरा सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया |इसी विवाद ने अब तक सुर्ख़ियों से दूर से चल रहे टिक टोक वीडियो एप को चर्चा के केंद्र में ला दिया इसका कारण है हमारे जीवन में टिक टोक वीडियो का आ जाना |बात ज्यादा पुरानी नहीं है जब सोशल  मीडिया वर्च्युल दुनिया से लेकर हमारी असली दुनिया की बातचीत के केंद्र में आ गया वो चाहे ट्विटर हो या फेसबुक वहां क्या चल रहा है वो हमारे आपसी वार्तालाप का हिस्सा बन गया लेकिन अब उनकी जगह मजाकिया मीम्स ने ली है| एक ऐसा एप जिसने अपने विरोधियों की नींद उड़ा दी हैं कम्पनी के आंकड़ों के मुताबिक देश में इसके एक सौ बीस मिलीयन सक्रिय मासिक उपभोक्ता हैं फेसबुक को दो सौ चालीस मिलीयन उपभोक्ताओं के आंकड़े तक पहुँचने के लिए एक दशक से ज्यादा का समय लगा था |कहा जाता है कि अगर भारत को समझना है तो उसके गाँवों को समझिये उसी तरह से भारत क्या कर रहा है और भारत में कितना हुनर है ये आपको फेसबुक और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया एप नहीं बताएँगे इसके लिए आपको टिकटॉक  पर आना होगा |असल में टिकटॉक  की सफलता में छोटे शहरों कस्बों और गाँवों का सबसे बड़ा योगदान है |जहाँ कुछ भी बनावटी नहीं है |ऐसी जगहों के लोगों के पास ऐसा कोई प्लेटफोर्म नहीं था जहाँ लोगों को वो जैसे हैं वैसे ही उनकी नादानियों उनकी समस्याओं के साथ स्वीकार किया जाए |

कैसे टिकटॉक  बन गया एक बड़ी चुनौती इसकी सफलता का राज़ दुनिया के दूसरे सबसे बड़े और सबसे तेजी से बढ़ते इंटरनेट यूजरबेस को होस्ट करने वाले देश में सही समय पर आना।भारत जहाँ हर कोई कैमरे के सामने सेलेब्रेटी बनना चाहता है, जहाँ फ़िल्में उनके सम्वाद और गाने  हमारे जीवन में इस हद तक घुसे हुए हैं कि कि उसके बगैर जीवन की कल्पना करना मुश्किल  है, वहां टिकटॉक जैसे माध्यमों की सफलता आश्चर्यजनक नहीं है |2016 में रिलायंस जिओ के लांच के बाद सस्ते डाटा के युद्ध ने टिकटॉक को भारत में पाँव पसारने का बेहतरीन मौका  दिया | कोई भी जिसके पास एक स्मार्ट फोन इंटरनेट कनेक्शन के साथ अपना नाचता गाता वीडियो बना सकता  है|दिल्ली स्थित मार्केट इंटेलीजेंस फर्म कलागतो ( KalaGato )के आंकड़ों के अनुसार, पिछले अगस्त तक, ऐप को एक तिहाई भारतीय स्मार्टफ़ोन पर डाउनलोड किया जा चुका  था। भारतीय किसी अन्य देश के लोगों की तुलना में ऐप पर अधिक समय बिताते हैं।इसी कम्पनी के आंकड़ों के मुताबिक अपने सेगमेंट में एक भारतीय औसत रूप में सबसे ज्यादा 34.1 मिनट टिकटॉक पर बिता रहा है जबकि लोकप्रिय एप इन्स्टाग्राम पर 23.8 मिनट पर जो लोकप्रियता पर तीसरे नम्बर पर है |टिकटॉक  का मौद्रिकीकरण का अभी तक कोई सीधा फार्मूला सार्वजनिक नहीं है पर बहुत से ब्रांड एन्फ़्लुएन्सर इससे ठीक ठाक पैसे कमा रहे हैं | स्टेटिसटा के आंकड़ों के मुताबिक भारत में फेसबुक के तीन सौ मिलियन उपभोक्ता है वहीं टिकटॉक  के दो सौ मिलियन है जिसमें से एक सौ बीस सक्रिय उपभोक्ता हैं|देश में साल 2020 तक इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले 67  प्रतिशत उपभोक्ता पैंतीस साल से कम के हैं |युवाओं और किशोरों में टिकटॉक  की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि अगली फेसबुक ट्विटर या इन्स्टाग्राम जैसी कम्पनियां अमेरिका से न होकर चीन से होंगी | बढ़ती फेक न्यूज की आमद और चारित्रिक हनन की कोशिशों के बीच लोकप्रिय सोशल नेटवर्किंग साईट्स ट्विटर और फेसबुक पर उपभोक्ताओं का अनुभव अब उतना सुहाना नहीं रहा जितना आज से कुछ साल पहले रहा करता था |ऐसे में वो उपभोक्ता जो समाचार और राजनीति से इतर कारणों से सोशल मीडिया पर थे एक विकल्प की तलाश में थे जिसकी भरपाई टिकटॉक  ने बखूबी कर दी |

भारत में लोकप्रियता का कारण

अपनी इन्हीं खूबियों के चलते ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले समय में जो इंटरनेट पीढी की अगली लहर भारत में चलेगी जिसमें दो सौ से लेकर चार सौ मिलीयन तक लोग इंटरनेट से जुड़ेंगे |उसमें वे अपने जीवन के महत्वपूर्ण पलों को अपने दोस्तों और परिवार के साथ से बांटने के लिए जिस एप का चुनाव करेंगे वो फेसबुक न होकर टिकटॉक  होगा |आमतौर पर फेसबुक ,स्नैपचैट और ट्विटर का इंटरफेस पश्चिम के उपभोक्ताओं की रुचियों को ध्यान में रखकर बनाया गया था जबकि टिकटॉक  के मामले में ऐसा नहीं है यह आपको एक नया और अलग अनुभव देता है|मानवीय मनोविज्ञान के आधार पर इसने उन लोगों को सेलीब्रेटी स्टेट्स दे दिया जो अपने जीवन के संघर्षों में ऐसे उलझे है कि वे कैमरे पर नाचते गाते मुस्कुराते कभी आ ही नहीं सकते थे ,पर इस एप ने उन सबको पन्द्रह सेकेण्ड के लिए ही सही सेलेब्रेटी बनने का मौका दे दिया |दुर्भाग्य से भारत में ऐसे लोगों की संख्या करोडो में हैं |इस एप की पहुंच में आने से वे सेकेंडों में करोडो लोगों तक अपने आप को पहुंचा पा रहे हैं |ये इस एप की लोकप्रियता का ही कमाल है कि हिन्दी फ़िल्मी के बड़े सितारे टिकटॉक  पर अपने अकाउंट बना कर सक्रिय हो चुके हैं |फेसबुक और ट्विटर जैसे एप के साथ एक तरह का इलीटिज्म जुड़ गया जबकि टिकटॉक  के साथ ऐसा नहीं है |देश में अधिकांश इंटरनेट उपयोगकर्ता अंग्रेजी नहीं बोलते हैं और अंग्रेजी में बोलने सोचने वाले लोग काफी पहले ही इंटरनेट से जुड़ चुके हैं ।अब जितने भी नए उपभोक्ता इंटरनेट जुड़ रहे हैं ज्यादातर वे अंग्रेजी नहीं बोलते समझते हैं |तो बाजार के लिहाज से अब मुनाफ़ा छोटे शहरों,गाँवों और गैर अंग्रेजी क्षेत्रों में है | छोटे शहरों और कस्बों से ऑनलाइन आने वाले लोगों के लिए यह ऐप 10 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है, जो भारत की भाषाई विविधता को देखते हुए उपभोक्ताओं को अपनी भाषा में वीडियो बनाने का एक अच्छा विकल्प देता  है | ऐप में सब कुछ इन-बिल्ट है जिसमें विभिन्न फिल्टर और बैकग्राउंड चेंज जैसे टूल शामिल हैं|हैश टैग का इस्तेमाल उपभोक्ताओं को कंटेंट को पहचानने में मदद करता है कि चुटकुले या किस अन्य फोर्मेट में बनाये गए वीडियो लोग देखना पसंद कर रहे हैं वो भी रीयल टाईम में |लेकिन इससे ये समस्याएं भी पैदा हुई है कि टिकटॉक  पर बिना किसी रोक टोक के वीडियो डाले जा रहे हैं |जो टिक टोक के दामन को दागदार बनाते हैं | टिक टोक वीडियो बनाते हुए होने वाली दुर्घटनाएं आम हैं जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी हैं |

इसी कारण पिछले साल अप्रैल में, गूगल प्ले स्टोर  और एपलके ऐप स्टोर से इस  ऐप को हटा लिया गया  था, क्योंकि अदालत ने फैसला दिया था कि यह अश्लीलता  को बढ़ावा  दे  रहा है। अदालत ने दो सप्ताह बाद  इस प्रतिबंध हटा लिया जब ऐप के प्रभावों की जांच करने के लिए नियुक्त किए गए वकील ने कहा कि प्रतिबंध  समाधान नहीं , और वैध उपयोगकर्ताओं के अधिकारों को संरक्षित करने की आवश्यकता है।इस आलोचना के बाद पने ऐप को उपयोगकर्ताओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए टिकटॉक  ने कई कदम उठाए हैं। डेटा सेंटर स्थापित करने की उनकी योजना इंगित करती है कि भारत उनके लिए एक बड़ा बाजार है। हालांकि वे राजनीति से दूर रहे हैं, उन्होंने कई अभियान चलाए हैं जो सामाजिक जागरूकता को बढ़ाते हैं। भारत जैसे देश में जहाँ अभी लोगों को इंटरनेट मैनर्स सीखने हैं वहां लंबे समय में इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि ये कदम कितने प्रभावी साबित होते हैं, तब तक हम भारत के लोग  अपने पसंदीदा सोशल मीडिया ऐप पर पार्टी करते रहेंगे और भारतीय उपभोक्ताओं को कौन सा सोशल मीडिया एप ज्यादा पसंद आएगा इसकी लड़ाई  जारी रहेगी |
दैनिक जागरण के राष्ट्रीय संस्करण में 02/06/2020 को प्रकाशित 

Wednesday, May 27, 2020

पीछे मुड़कर जीवन को देखना

डेढ़ महीने के घरेलू काम काज करते हुए मुझे किचन और घर की काफी चीजों को करीब से देखने का मौका मिला |ये सब काम मुझे कितना सिखा सकते हैं ये इस जन्म में लॉक डाउन जैसे अप्रत्याशित वक्त के कारण ही सम्भव हो पाया |जीवन में आगे जाना ही सब कुछ नहीं है कभी कभी आप पीछे लौटते हुए भी आगे जा सकते हैं |झाड़ू और पोंछा यूँ तो घर की साफ़ सफाई की क्रियाएं हैं पर अपनी प्रकृति में दोनों अलग हैं |पोंछा लगाते हुए आप पीछे आते हैं और कमरा साफ़ हो जाता है यानि हार के जीतने वाले को बाजीगर वाली बात| झाड़ू लगाते वक्त आप आगे जाते हैं और कमरा साफ़ |झाड़ू जहाँ आपको जब जीवन समान्य हो तो तरक्की कैसे करें ये सिखाती है वहीं पोंछा असमान्य स्थितियों में भी आप कैसे विजेता हो सकते हैं |बगैर रगड़े कोई बर्तन न चमकता है अगर सफलता की कामना है तो पहले असफल हो | घर में रहते हुए और एक महीने से ज्यादा का वक्त हो गया ।इन डेढ़  महीनों में जिंदगी को कई बार मुड़ मुड़ के देखा ।दिनचर्या एकदम बदल गयी जिसमें नियम से पूरे घर का झाड़ू पोंछा और बर्तन धोना शामिल है ।कभी कभी खाना भी बनाता हूँ।बर्तन देर रात में धोता हूँ जब पूरा घर नींद के आगोश में होता है और मैं विविधभारती पर बजते गानों के बीच जिंदगी के पन्ने पलटता हूँ और सोचता हूँ इस प्रगति और विकास के खेल में हमें मिला क्या ? बचपन में मम्मी की मदद के लिए बर्तन धोता था क्योंकि कोई नौकरानी रखी नहीं जा सकती थी और परिवार बड़ा था ।झाड़ू पोंछा लगाना तो खेल था गाने बजा कर नाच नाच कर सफाई ।तब लेकिन विकास का रोग नहीं लगा था एक तौलिया में सारे घर का काम चल जाता था चार भाई और माता पिता ।खाली समय में चावल से तिनके निकालने का खेल ।इन सब के बीच मैं बढ़ रहा था और मेहनत से पढ़ भी रहा था कि इससे तरक्की होगी ।
आज तीन लोगों के परिवार में तीन तौलिया और नहाने के सबके अलग अलग साबुन है ।घर के हर काम के लिए मेड और न जाने क्या क्या जिनकी पता नहीं हमें जरूरत भी है या नही ।शॉपिंग करना शौक है और इन सबकी कीमत पर्यावरण ने चुकाई है ।बात अब समझ में आ रही है ।
आज मजबूरी में ही सही सभी ने इस जीवन को स्वीकार कर लिया है ।पसन्द का साबुन न मिल रहा है तो जो है उसी में काम चलाओ। दो जोड़ी कपड़े में काम चल रहा है ।ग्लोबलाइजेशन के फायदे पर निबंध लिखते लिखते अब उसके नुकसान पर बात करने का दौर आ गया है ।रात में बर्तन धोते धोते अक्सर यही सोचता हूँ जब मम्मी कहती थी बेटा पढ़ लिख कर बड़े आदमी बन जाओ फिर ये सब नहीं करना पड़ेगा जब हमें वापस लौटना ही था तो इतनी दूर क्यों निकल गए ।क्या यही विकास और प्रगति का चक्कर है ।खैर जाने दीजिए इतना लंबा कौन पढ़े ।चलते चलते बचपन में बर्तन धोने के अनुभव के मुकाबले आजकल बर्तन धोना कहीं ज्यादा आसान है पर राख और ईंट के टुकड़े का न मिलना आज के अनुभव को उतना मजेदार नहीं बनाता । बहरहाल आज के लिए इतना ही हम कुछ नया ज्ञान लेने के लिए निकलते हैं |
 प्रभात खबर में 27/05/2020 को कोलकत्ता संस्करण में प्रकाशित 

Wednesday, May 20, 2020

अजब -गजब गीत

कभी कभी कोई गाना, सुबह सुबह आप सुन ले तो वो आपके जहन पर पूरा दिन हावी रहता है. लेकिन उन गीतों का क्या,जिनके बोलों का कोई सीधा अर्थ नहीं निकलता फिर भी वो हमारी जबान पर चढ़ जाते हैं अगर ऐसा नहीं है तो गीतों से होने वाले संचार का कोई मतलब नहीं रहेगा. वाकई ये गानों की दुनिया एकदम निराली है. क्या आपने कभी सुना है कि किसी शब्द का कोई अर्थ न हो फिर भी गानों में उनका इस्तेमाल होता है. मै कोई पहेली नहीं बुझा रहा हूँ आपने कई ऐसे गाने सुने होंगे जिनके कुछ बोलों का कोई मतलब नहीं होता है लेकिन गानों के लिये बोल जरुरी होते हैं किशोर कुमार की आवाज़ में ये गाना याद करिए “ईना मीना डीका ,डाई डम नीका” किसी शब्द का मतलब समझ में आया ?फिर भी ऐसे गाने जब भी बजते हैं हमारे कदम थिरकने लगते हैं. अब इस तरह के गानों से कम से कम ये तो सबक मिलता है कि इस जिन्दगी में कोई चीज़ बेकार नहीं बस इस्तेमाल करने का तरीका आना चाहि. वैसे भी क्रियेटिविटी का पहला रूल है हर विचार अच्छा होता है और ये हमारे गीतकारों की क्रियेटिविटी ही है कि वो गानों के साथ लगातार प्रयोग करते आये हैं.कभी धुन को शब्दों में ढाल देते हैं और कभी ऐसे शब्दों को गीत में डाल देते हैं कि हम गुनगुना उठते हैं. अई ईया सुकू सुकू (फिल्म:जंगली ) फिल्म कमीने का “ढेन टणेन” धुन को शब्द बनाने का बेहतरीन प्रयास है. फ़िल्मी गानों के ग्लोबल होने का कारण शायद गीतकारों की प्रयोगधर्मिता ही है.” इस तरह के गानों के शब्दों का अर्थ भले ही न हो लेकिन ये सन्देश देने में तो सफल रहते ही हैं डांस की मस्ती को "रम्भा हो हो हो"(अरमान ) जैसे गीतों से बेहतर नहीं समझा जा सकता है .राम लखन फिल्म का गाना नायक की अलमस्ती को कुछ ऐसे ही शब्दों में बयां कर रहा है "रम प् पम प् पम ए जी ओ जी करता हूँ जो मैं वो तुम भी करो जी” असल में इस तरह के शब्दों का काम गानों की बोली में भावना को डालना होता है. हम हवा को देख नहीं सकते सिर्फ महसूस कर सकते हैं .गीतकार जब भावनाओं को नए तरीके से महसूस कराना चाहता है तो वह इस तरह के शब्दों का सहारा लेता है लेकिन यह काम बगैर संगीतकार के सहयोग  के नहीं हो सकता है .जिन्दगी में भी अगर मेहनत सही दिशा में की जाए तभी सफल होती है और हर काम खुद नहीं करने की कोशिश करनी चाहिए. जिन्दगी में कितना कुछ है जो हम महसूस कर सकते हैं लेकिन व्यक्त नहीं कर सकते और इन भावनाओं  को व्यक्त  करने के लिए जब इन अजब गज़ब से शब्दों का सहारा लेकर कोई गीत रच दिया जाता है तो ये अर्थहीन शब्द भी अर्थवान हो जाते हैं . छई छपा छई छपाक के छई पानीयों पर छींटे उडाती हुई लडकी (हु तु तु) पानी के साथ खेल का इससे सुन्दर बयान क्या हो सकता है .गानों में इस तरह के प्रयोग की शुरुवात जंगली फिल्म से हुई .आप भी अभी तक याहू को नहीं भूले होंगे और ये सिलसिला आज भी बदस्तूर जारी है .जिन्दगी भी तो कभी एक सी नहीं रहती ,गाने भी हमारी जिन्दगी के साथ बदलते रहे .आज की इस लगातार सिकुड़ती दुनिया में जहाँ व्हाट्स एप संदेश  भाषा के नए व्याकरण को बना रहा है .ऐसे में अगर गाने शब्दों की पारंपरिक दुनिया से निकल कर भावनाओं की दुनिया में पहुँच रहे हैं तो क्यों न गानों की इस बदलती दुनिया का जश्न मनाया जाए क्योंकि ये अजब गज़ब गाने अब हमारी जिन्दगी का हिस्सा हैं.

प्रभात खबर में 20/05/2020 को प्रकाशित लेख 

Tuesday, April 21, 2020

मुश्किल दौर में प्रभावी उपाय

कोविड -19 कोरोना वायरस के  देश भर में फैल जाने  के बाद, मरीज़ों और डॉक्टरों दोनों के लिए आमने-सामने बैठ कर इलाज करना और करवाना जोखिम भरा काम हो गया है | इसका परिणाम यह हुआ है कि देश की ज़्यादातर निजी मेडिकल सेवाएं बंद है और सरकारी अस्पतालों का सारा जोर  करोना वायरस से ग्रसित  मरीज़ों के उपचार पर है |देश की स्वास्थ्य सेवाओं का  आधारभूत ढांचा खुद रोगग्रस्त है|ऐसे में ऐसे लोग जो डायबिटीज, ह्रदय रोग या अन्य सामान्य  जीवन शैली आधारित  बीमारियों से ग्रसित है| जिसमें चिकित्सकों से नियमित जांच की जरुरत होती है|उन लोगों के स्वास्थ्य पर भारी संकट आ गया है |
मोदी सरकार की खासियत यह है कि यह समस्याओं में अवसर खोज लेती है जैसे नोटबंदी के समय लोगों को डिजीटल भुगतान की करने के लिए प्रेरित किया गया,जिसका अब असर भी दिख रहा है |उसी तरह कोरोना जैसी भयानक महामारी में सरकार टेलीमेडिसिन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है |दुनिया में दूसरे नम्बर पर सबसे ज्यादा इंटरनेट यूजर्स भारत में है जिसमें बड़ी भूमिका स्मार्टफोन धारकों की है |स्पीच रीकिग्निशन टूल की सहायता से इंटरनेट इस्तेमाल में अंग्रेजी आने की बाध्यता कब का समाप्त हो चुकी है और इंटरनेट विभिन्न भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है|ऐसे में सबको बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ देने में टेलीमेडिसिन का इस्तेमाल गेम चेंजर साबित हो सकता है |
सरकार की टेलीमेडिसिन प्रेक्टीस गाईड लाईन्स  देश के सुदूर इलाकों में चिकित्सकों को इंटरनेट के माध्यम से अपनी सेवाएँ देने को विधिक स्वरुप प्रदान करती है जिसे बीस मार्च को जारी किया गया है |चिकित्सा का यह तरीका न केवल संकट के इस समय बल्कि भविष्य में भी लोगों को फायदा पहुंचाएगा | टेलीमेडिसिन प्रेक्टीस गाईड लाईन्स  को मेडिकल कौंसिल ऑफ़ इण्डिया और नीति आयोग के द्वारा संयुक्त रूप से तैयार किया गया है |  वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने टेलीमेडिसिन को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया है जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच उन लोगों तक जहाँ दूरी एक महत्वपूर्ण कारक है वहां रोगों और चोटों में अनुसंधान, मूल्यांकन और स्वास्थ्य सेवा की सतत शिक्षा के लिए निदान,उपचार और उनके रोकथाम के लिए वैध जानकारी के आदान प्रदान में सूचना और संचार प्रौद्योगिकी का उपयोग स्वास्थ्य पेशेवरों  द्वारा किया जाना है |शाब्दिक रूप से टेलीमेडिसिन का तात्पर्य इंटरनेट के माध्यम से  दूरी से किया गया उपचार है |देश में टेलीमेडिसिन के क्षेत्र में वर्तमान समय में काफी वृद्धि देखी जा रही है | डॉक्सऐप, एमफाइन और प्रेक्टो जैसे इंटरनेट  प्लेटफॉर्म मरीजों को डॉक्टरों से जुड़ने और आभासी परामर्श को शेड्यूल करने में सहायता प्रदान कर रहे हैं |हालाँकि अभी यह प्रयोग बहुत ही सीमित मात्रा में है क्योंकि इसमें सबसे बड़ी बाधा रोगी की उस मानसिकता में जिसमें वह डॉक्टरों से आमने सामने मिल कर ही अपने रोग का निदान चाहता है |ये मानसिकता अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ बढाती है |दूसरा स्वास्थ्य तकनीक के क्षेत्र में अनिश्चतता इस क्षेत्र के धीमे विस्तार का बड़ा कारण है |उदाहरण के लिए ई फार्मेसी कम्पनियां अभी भी सरकार के उन नियमों को इन्तजार कर रही हैं जिसमें सरकार को उन नियमों को अंतिम रूप देना है जिससे उनके  प्लेटफोर्म नियंत्रित होंगे |विदित हो कि साल 2018 में  दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश ने ऑनलाइन दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था |
ऐसे में इस क्षेत्र को मान्यता देने से टेलीमेडिसिन के क्षेत्र में मौजूदा व्यवसायी और संभावित निवेशकों के लिए बहुत आवश्यक स्पष्टता प्रदान करती है  जो इस क्षेत्र में निवेश करने के लिए इन्तजार कर रहे हैं |इस गाईड लाईन्स के अनुसार अब डॉक्टर रोगियों को वीडियो, ऑडियो, ईमेल द्वारा परामर्श प्रदान कर सकते हैं | यह गाईड लाईन्स उन दवाओं को भी श्रेणी बद्ध करती है जिन्हें टेलीमेडिसिन द्वारा रोगियों को नियत किया जा सकता है |जैसे पैरासिटामोल और इसके जैसी हल्की दवाएं किसी भी परामर्श द्वारा रोगी को दी जा सकती हैं लेकिन उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसे रोगों की दवाएं निरन्तरता परामर्श में ही रोगी को टेलीमेडिसिन द्वारा दी जा सकती हैं जिसमें अनिवार्य रूप से सबसे पहला परामर्श रोगी  और डॉक्टर का आमने सामने का होगा |गंभीर रोगों के विषय में डॉक्टर टेलीमेडिसिन के इस्तेमाल से दवाएं नहीं निर्धारित करेंगे |इस बात का निर्धारण कि रोगी का  दूर से इलाज (टेलीमेडिसिन) किया  जाए या नहीं डॉक्टर के अपने पेशेवर निर्णय के अधीन होगा | आगे जाकर, डॉक्टरों को दूरस्थ परामर्श प्रदान करने के लिए एमसीआई के बोर्ड द्वारा प्रशासित एक ऑनलाइन कोर्स पूरा करना होगा।चूँकि ऑनलाईन कोर्स के विकसित होने में अभी समय लगेगा तब तक डॉक्टर अंतरिम रूप से सरकार द्वारा निर्धारित गाईडलाईन्स के अनुसार मरीज देख सकते हैं |महत्वपूर्ण रूप से यह गाईड लाईन्स रोगी को परामर्श देने में एक चिकित्सक को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग टूल के इस्तेमाल  की अनुमति देती है |हालाँकि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का प्रयोग सीधे मरीजों के परामर्श के लिए नहीं किया जा सकता है जिसमें बाट्स का इस्तेमाल न करना भी शामिल है |रोगी को इलाज का परामर्श सीधे डॉक्टर से ही मिलना चाहिए |
टेलीमेडिसिन का यह प्रारूप भविष्यमें  ई-स्वास्थ्य सेवाओं को व्यापक रूप देने में मदद करेगा | इसमें न केवल दूरस्थ परामर्श को लोकप्रिय बनाने में मदद मिलेगी | बल्कि यह ऐसे समाधान भी निकालेगा  जो रोगियों, डॉक्टरों, डाइग्निसोटिक क्लीनिकों और फार्मेसियों को आपस में जोड़ देंगे।जिसका फायदा निश्चित रूप से रोगी को जल्दी स्वस्थ होने में मिलेगा | टेलीमेडिसिन भारत के छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहद लाभकारी  हो सकता है जहां डॉक्टरों की भारी कमी है।देश की आधी आबादी विशेषकर वे महिलायें इससे ज्यादा लाभान्वित होंगी जो सामाजिक रूप से किसी पुरुष साथी के बगैर डॉक्टरों तक पहुँचने में असमर्थ होती हैं|यह विशेष रूप से उन महिलाओं को लाभान्वित कर सकता है जो अक्सर स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंचने में अतिरिक्त बाधाओं का सामना करते हैं, जैसे कि पुरुष साथी के बिना स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों का दौरा करने में असमर्थ होना। यह सुनिश्चित करने के लिए कि भारत के सुदूर कस्बों में ई-स्वास्थ्य के उद्देश्य से पहले से ही कई सार्वजनिक-निजी भागीदारी हैं। भारत के सुदूर कस्बों जिलों में ई-स्वास्थ्य के उद्देश्य से पहले से ही कई सार्वजनिक-निजी भागीदारी हैं।
एसोचेम के एक शोध के अनुसार देश में टेलिमेडिसिन का कारोबार  बीस प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर से बढ़ रहा है जिसकी साल 2020 के अंत में बत्तीस मिलीयन डॉलर हो जाने की उम्मीद है|सरकार द्वारा जारी आरोग्य सेतु एप कोरोना के खिलाफ जारी देश की लड़ाई में अहम् भूमिका निभा सकता है|प्रधानमंत्री मोदी ने देश के निवासियों को इसे अपने मोबाईल पर डाउनलोड करने की सलाह दी है|
भारत जैसे गरीब देशों में मेडिकल सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने में टेलिमेडिसिन अहम टूल साबित हो सकता है | टेलिमेडिसिन को सभी जगहों तक पहुंचाने के लिए हेल्थ रिकॉर्ड को डिजिटाइज करना पहला अहम कदम है | स्वास्थ्य और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में टेलीमेडिसिन के बहुत से फायदे देखने को मिले हैं | दुनिया के एक कोने में बैठा विशेषज्ञ और रोगी  दुनिया के दूसरे कोने में बैठे विशेषज्ञ की राय ले सकता है |वर्तमान स्थिति,सरकार का संरक्षण और विभिन्न स्टार्टअप्स की शुरुआत   भारत को टेलीमेडिसिन को अपनाने के लिए आवश्यक गति  प्रदान कर सकता है। देश में टेलिमेडिसिन की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि लोग स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक का इस्तेमाल कितनी जल्दी अपने व्यवहार में ले आयेंगे |
 दैनिक जागरण के राष्ट्रीय संस्करण में 21/04/2020 को प्रकाशित 

Wednesday, April 8, 2020

जरुरी है दायरा

लॉक  डाउन के इस समय घर की सफाई में एक पुरानी किताब मिली जानते हैं उसका विषय था ज्योमेट्री जी हाँ रेखा गणित और क्या कुछ आँखों के आगे घूम गया. वो स्कूल के दिन वो एल एच एस इस ईक्युल टू आर एच एस और इतिसिद्धम. तब लगता था हम ये सब क्यूँ पढते हैं वैसे भी गणित मुझे बहुत बोर करती थी. जिंदगी तो आगे बढ़ चली पर अब समझ आ रहा है जीवन में रेखा का क्या महत्व है क्योंकि इसी पर जिंदगी का गणित टिका हुआ है.
रेखा मतलब लाइन, लिमिट ,सीमा या फिर कुछ आड़ी तिरछी सीधी पंक्ति वैसे इनका कोई मतलब नहीं है, पर इन्हें सिलसिलेवार लगा दिया जाए तो किसी के घर का नक्शा बन जाता है या कोई कुछ ऐसा जान जाता है जिसे कल तक कोई नहीं जानता था.रेखा ही है वो टूल है जिससे आप अपने सपनों को वास्तविकता का जामा पहना सकते हैं पर ये ध्यान रहे कि उस रेखा का डायरेक्शन किस तरफ है क्योंकि वो चाहे गणित का सवाल हो या जिंदगी की उलझन काफी कुछ आपके दिमाग के डायरेक्शन पर निर्भर करता है.

विषय कोई भी हो चाहे इतिहास, भूगोल गणित या फिर साहित्य बगैर रेखाओं के इनका कोई अस्तित्व नहीं है अब देखिये ना लिपि या स्क्रिप्ट भी तो कुछ रेखाओं का कॉम्बिनेशन है यानि दुनिया को समझने के लिए हमें रेखाओं की जरुरत है. इतिहास में समयरेखा है, तो भूगोल में अक्षांश और भूमध्य जैसी रेखाएं. कॉपियों में लिखने का अभ्यास पहले लाईनदार पन्नों से होता है बाद में जब हम अभ्यस्त हो जाते हैं तो उनकी जगह सफ़ेद पन्ने ले लेते है और तब हम कितनी भी जल्दी क्यूँ ना लिखें शब्द अपनी जगह से नहीं भागते. वे उसी तरह लिखें जाते हैं जैसे हम लाईनदार कॉपियों में लिखते हैं. जीवन में इन रेखाओं का कितना बड़ा दायरा है वो जीवन की रेखा से लेकर गरीबी रेखा तक देखा और समझा जा सकता है. जीवन में स्वछंदता और उन्मुक्तता मौज मस्ती अच्छी है पर उसकी भी  एक सीमा होनी चाहिए और इस रेखा को हमें ही खींचना होगा. ये बात कोई दूसरा हमें ना बताये क्योंकि सेल्फ रेग्युलेशन,सेल्फ से आता है और यही सेल्फ रेग्युलेशन जो हमें अनुशासित करता है.जब हम दूसरे की सीमाओं का सम्मान करेंगे तो लोग खुद ब खुद हमें अपना जीवन जीने के लिए स्वतंत्र छोड़ देंगे पर हम ये सोचें कि हम सबके बारे में कुछ भी गॉसिप कर सकते हैं पर कोई हमारे बारे में कोई कुछ नहीं बोलेगा ऐसा होना मुश्किल है. सफल होने की कोई सीमा नहीं है पर ख्वाब अगर हकीकत के आइने में देखें जाएँ तो उनके सफल होने की गुंजाईश ज्यादा होती है. मतलब अपनी सीमाओं को जानकर उसके हिसाब से जब योजनाएं बनाई जाती हैं तो वो निश्चित रूप से सफल होती हैं.कोरोना लॉक डाउन में घर को हमने अपनी लक्ष्मण रेखा बना रखा पर अगर आप ये मान लेंगे  कि सब तो अपने घर में बंद है मैं थोडा घूम लेता हूँ तो हम अपनी लक्ष्मण का अतिक्रमण करते हैं और इसका असर दूसरों पर पड़ेगा.तो कोरोना से लड़ाई तभी जीती जा सकती है जब हम अपनी लक्ष्मण रेखा न लाघें. मुझे तो अपनी सीमाओं  का अंदाजा है और अपनी जीवन रेखा को इसी तरह बना रहा हूँ कि मेरी जिंदगी के कुछ मायने निकले पर आप क्या कर रहे हैं जरुर बताइयेगा.
प्रभात खबर में 08/04/2020 को प्रकाशित 

Tuesday, April 7, 2020

लॉकडाउन में बढ़े फेक विडियो, देखिए यह है हकीकत



बरसों पुराने विडियो हो रहे वायरल


गूगल के सर्टिफाइड फैक्ट चेकर के साथ एनबीटी ने किया फैक्ट चेक• एनबीटी संवाददाता, लखनऊ : कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए पूरा देश एकजुट है, लेकिन इस बीच कुछ अराजकतत्व फेक विडियो के जरिए माहौल बिगाड़ने में लगे हैं। लॉकडाउन के बीच तबलीगी जमात की घटना के बाद मुस्लिम समाज से जुड़े कई विडियो वायरल हो रहे हैं। किसी विडियो में पुलिस वैन के भीतर सिपाही पर थूकते हुए युवक को कोरोना संक्रमित बताया जा रहा है तो किसी में सूफी पद्धति से हो रही उपासना को संक्रमण फैलाने की साजिश करार दिया जा रहा है। एनबीटी ने गूगल के सर्टिफाइड फैक्ट चेकर प्रो. मुकुल श्रीवास्तव के साथ ऐसे कई विडियो की पड़ताल कर उनका सच जाना...


(जैसा कि गूगल सर्टिफाइड फैक्ट चेकर प्रो़ मुकुल श्रीवास्तव ने बताया।)
थोड़ी सी एहतियात से समझ सकते हैं फेक विडियो का खेल

हकीकत• 90% विडियो सही होते हैं, लेकिन उन्हें गलत संदर्भ के साथ वायरल किया जाता है। किसी विडियो की जांच करने के लिए ध्यान से देखना चाहिए। • क्रोम ब्राउजर में इनविड (InVID) एक्सटेंशन जोड़कर विडियो की पड़ताल आसानी से की जा सकती है। इनविड विडियो को फ्रेम दर फ्रेम देखने में मदद करता है। इसमें किसी दृश्य को बड़ा करके भी देखा जा सकता है। • किसी विडियो को समझने के लिए उसमें मौजूद पोस्टर-बैनर, गाड़ियों की नंबर प्लेट और फोन नंबर की तलाश करनी चाहिए या कोई लैंडमार्क ताकि उसके भौगोलिक जुड़ाव की पहचान हो सके। • विडियो में दिख रहे लोगों के कपड़े, भाषा या बोली पर भी ध्यान देना चाहिए। • इंटरनेट पर ऐसे कई सॉफ्टवेयर हैं, जो विडियो और फोटो की सत्यता पता लगाने में मदद कर सकते हैं।

07/04/2020 को नवभारत टाईम्स लखनऊ में प्रकाशित समाचार 

पसंद आया हो तो